बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का बिगुल बज चुका है। चुनाव आयोग ने हालांकि, तारीखों का ऐलान नहीं किया है लेकिन सभी राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। कई भोजपुरी स्टार्स भी चुनाव के मैदान में अपना दमखम दिखा चुके हैं। ऐसे में जब बिहार विधानसभा चुनाव सिर पर हैं तो कई भोजपुरी कलाकारों के भी चुनावी मैदान में उतरने की चर्चा तेज है। भोजपुरी सिंगर रितेश पांडेय प्रशांत किशोर की पार्टी जनसुराज में शामिल हुए हैं। ऐसे ही कई नाम और चर्चा में हैं। आइए जानते हैं कि कौन-कौन से भोजपुरी कलाकार सियासत में उतरे और इनमें से कितने सफल हुए।

रवि किशन

भोजपुरी इंडस्ट्री के बड़े चेहरे रवि किशन 2024 में दूसरी बार भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर सांसद चुने गए।वह उत्तर प्रदेश की गोरखपुर सीट से सांसद हैं। बीजेपी से पहले 2009 में उन्होंने जौनपुर से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ा था। हालांकि, इस चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

मनोज तिवारी

मनोज तिवारी 2014, 2019 और 2024 में बीजेपी से सांसद चुने गए। 2024 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार कन्हैया कुमार को हराकर जीत की हैट्रिक लगाई। वह उत्तर पूर्वी दिल्ली से सांसद हैं। इसके साथ ही वह दिल्ली में पार्टी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मनोज तिवारी ने साल 2009 का चुनाव समाजवादी पार्टी के टिकट पर गोरखपुर से लड़ा था जिसमें उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

दिनेश लाल यादव ‘निरहुआ’- वह भारतीय जनता पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़े और संसद पहुंचे। निरहुआ आजमगढ़ से सांसद रह चुके हैं।

पढ़ें- बिहार में आकाश की पहली ‘अग्निपरीक्षा’, क्या बसपा को संजीवनी दे पाएंगे मायावती के भतीजे?

पवन सिंह

भोजपुरी स्टार पवन सिंह ने 2024 के लोकसभा चुनाव में बिहार के काराकाट लोकसभा सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा था लेकिन हार गए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में पवन सिंह को पहले आसनसोल लोक सभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया था मगर उनके कुछ गानों को लेकर विवाद होने के बाद पवन सिंह ने टिकट वापस कर दिया था।

बिहार विधान सभा चुनाव में पवन सिंह निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में उतर सकते हैं या किसी छोटे दल के साथ गठजोड़ कर सकते हैं। पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने भी विधानसभा चुनाव लड़ने की घोषणा की है।

रितेश पांडे

भोजपुरी गायक और अभिनेता रितेश पांडे के भी 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में उतरने की चर्चा है। प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी से जुड़ने के बाद अटकलें हैं कि वह इस बार का चुनाव लड़ सकते हैं। रितेश ने बिहार में शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने की बात कही है। उन्होंने बिहार में शिक्षा के खराब स्तर की चर्चा करते हुए यह भी कहा था कि अगर हम चुनाव जीतते हैं तो शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाना लक्ष्य होगा।

खेसारी लाल यादव

भोजपुरी के एक और सुपरस्टार खेसारी लाल यादव के भी चुनाव लड़ने की चर्चा है। खेसारी ने इसे लेकर अभी कोई ऐलान नहीं किया है। हाल ही में उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के साथ मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद सपा की ओर से कहा गया था कि खेसारी चुनाव में पार्टी की मदद करेंगे।

विनय बिहारी

भोजपुरी गायक विनय बिहारी 2020 के बिहार चुनाव में पश्चिमी चंपारण की लौरिया विधानसभा सीट से बीजेपी के टिकट पर विधानसभा सदस्य निर्वाचित हुए थे। तीन बार के विधायक विनय बिहारी चौथी बार भी विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। विनय बिहारी 2010 में पहली बार बतौर निर्दलीय उम्मीदवार मैदान में उतरे थे और विजयी रहे थे। वह बाद में बीजेपी में शामिल हो गए थे। उन्होंने 2015 और 2020 का भाजपा के टिकट पर लड़ा और जीता था।

पढ़ें- बिहार में NDA और महागठबंधन में इतनी किचकिच क्यों हो रही है?