हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान हो चुका है। राज्य की 90 सीटों वाली विधानसभा के लिए चुनाव की तारीख क्लीयर होते ही  कांग्रेस की तरफ से बीजेपी पर हमले भी बढ़ गए हैं। हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के सीनियर नेता भूपिंदर सिंह हुड्डा ने बीजेपी पर बड़ा प्रहार किया है।

भूपिंदर सिंह हुड्डा ने चुनाव की तारीख के ऐलान के बाद कहा कि किसानों से वादा किया गया था कि साल 2022 तक उनकी इनकम डबल हो जाएगी, उनकी इनकम तो डबल नहीं हुई लेकिन कई चीजों की कीमत जरूर बढ़ गई। उन्होंने कहा कि 2014 के डीजल के दाम को देखो और उसकी आज के दाम से तुलना करो। फर्टिलाइजर, पेस्टिसाइड सभी की कीमतें बढ़ गई हैं।

कांग्रेस नेता यहीं नहीं रुके, उन्होंने आगे कहा कि हर चीज पर जीएसटी लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग परेशान हैं, चाहे वो किसान हों, मजदूर हों, कर्मचारी हों या व्यापारी हों।

टिकट की चाह में हरियाणा कांग्रेस के पास इतने आवेदन पहुंचे कि मुसीबत खड़ी हो गई! समझिए क्या इशारा कर रहे ये आंकड़े

मल्लिकार्जुन खड़गे बोले- बीजेपी की विदाई तय

कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने हरियाणा विधानसभा चुनाव की घोषणा होने के बाद कहा कि हरियाणा की जनता का इंतज़ार अब ख़त्म होने वाला है, क्योंकि प्रदेश से बीजेपी की विदाई अब तय है। पिछले 10 वर्षों में, हरियाणा में डबल इंजन वाली भाजपा सरकार ने लोगों को धोखे के सिवाय कुछ नहीं दिया है।

उन्होंने कहा कि हमारे किसान और नौजवान – दोनों पीड़ित हैं। प्रदेश में बेरोज़गारी रिकॉर्ड ऊंचाई पर है। अनेक भर्ती घोटाले हुए हैं। क़ानून व्यवस्था ठप्प है। भाजपा ने राज्य के सामाजिक ताने-बाने को विभाजित करना का षड्यंत्र रचा है।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने आगे कहा कि कांग्रेस ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो हरियाणा को एक विश्वसनीय विकल्प दे सकती है। कांग्रेस छत्तीस बिरादरी को साथ लेकर चलने वाली पार्टी है। हमने पहले भी विकास किया है और दोबारा हरियाणा को विकास की पटरी पर लाने के लिए हम संकल्पित हैं। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जनता तक पहुंचना चाहिए और हमारी जीत सुनिश्चित करने में कोई कसर नहीं छोड़नी चाहिए।

अमित शाह बोले- हरियाणा में तीसरी बार बनाएंगे सरकार

बीजेपी के सीनियर नेता और देश के गृह मंत्री अमित शाह की तरफ से कहा गया कि चुनाव आयोग द्वारा हरियाणा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा का स्वागत करता हूं। बीते 10 सालों में हरियाणा में पीएम मोदी के नेतृत्व में बीजेपी सरकार ने खर्ची-पर्ची मुक्त नौकरी से लेकर ऑनलाइन टेंडर प्रक्रिया और किसान व गरीब कल्याण के कार्यों द्वारा सुशासन का नया अध्याय लिखा है। उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि इस विधानसभा चुनाव में हरियाणा के मतदाता प्रचंड बहुमत से प्रदेश में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनाएंगे।”