Congress Bharat Jodo Yatra: भारतीय जनता पार्टी (BJP) आईटी सेल के प्रमुख अमित मालवीय ने हाल ही में आरोप लगाया था कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) की भारत जोड़ो यात्रा में लगातार पाकिस्तान जिंदाबाद का नारा लगाया गया है। उन्होंने इसका एक वीडियो भी शेयर किया था, जिसे कांग्रेस ने फेक करार दिया था। हालांकि, अब कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कमलनाथ ने इस वीडियो पर स्पष्टीकरण दिया है। जिस पर मध्य प्रदेश के गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि स्वरा भास्कर, कन्हैया कुमार जैसे लोग जहां रहेंगे वहां पाकिस्तान जिंदाबाद जैसे नारे लगने पर हैरानी नहीं।

मध्य प्रदेश के दतिया में पत्रकारों से बात करते हुए गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा, “भारत जोड़ो यात्रा में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे का लाइव ट्वीट किया गया। सच आखिरकार सामने आ ही गया। हम उस यात्रा से और क्या उम्मीद कर सकते हैं जिसमें स्वरा भास्कर और कन्हैया कुमार जैसे लोग भाग ले रहे हैं?” वहीं। इस मामले पर सफाई देते हुए मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता कमलनाथ ने कहा कि जो वीडियो जारी हुआ है वो लाइव चल रहा था। यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे कौन लगाएगा? ये वो लगाएंगे जो यात्रा को डिस्टर्ब करना चाहते हैं।

नरोत्तम मिश्रा ने ट्वीट कर साधा कांग्रेस (Congress) पर निशाना: नरोत्तम मिश्रा ने रविवार को अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “भारत जोड़ो यात्रा में ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ के नारे की सच्चाई आखिरकार कमलनाथ जी की जुबां पर आ ही गई। अब कमलनाथ जी यह भी बता दीजिए कि इसी मामले में रायपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं पर दर्ज FIR आपराधिक षडयंत्र नहीं तो और क्या है?”

पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई: उन्होंने कहा कि क्या वो राजनीतिक षडयंत्र नहीं है, क्या वो सत्ता का दुरुपयोग नहीं है। आपने रायपुर में भाजपा नेता पर FIR करवाई। अब तो कमलनाथ ने खुद ही स्वीकार लिया है कि यात्रा में विवादित नारे लगे थे। वहीं, दूसरे ओर मध्य प्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा, “भारत जोड़ो यात्रा में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगना, यह भारत जोड़ना है या भारत को तोड़ने वालों को साथ जोड़ना है। पहले भी भारत तोड़ा है, क्या फिर भारत तोड़ने का इरादा है? पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाने वाले किसी भी कीमत पर बचेंगे नहीं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।”

स्वरा भास्कर (Swara Bhaskar) भी हुई थीं शामिल: इससे पहले शुक्रवार को मध्य प्रदेश के गृहमंत्री ने कहा था कि राहुल गांधी को समझना चाहिए कि हमारा भारत स्वरा भास्कर, कन्हैया कुमार और सुशांत सिंह जैसों के साथ पदयात्रा करने से नहीं जुड़ता। दरअसल, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इस समय मध्य प्रदेश राज्य से गुजर रही है। इस यात्रा में गुरुवार (1 दिसंबर) को बॉलीवुड एक्ट्रेस स्वरा भास्कर भी शामिल हुई थीं। इसी को लेकर भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।