Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा (Bharat Jodo Yatra) बुधवार सुबह महाराष्ट्र से मध्य प्रदेश पहुंची थी। राहुल के MP पहुंचने पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा था कि ‘मध्य प्रदेश में सभी का स्वागत है।’ सिंधिया के इस बयान पर कांग्रेस ने कहा कि यह उनके ‘घर वापसी’ का संकेत हो सकता है।
भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह मध्य प्रदेश के बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव में पहुंची थी। भाजपा नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 23 नवंबर को मार्च का जिक्र करते हुए कहा था, ”मध्य प्रदेश में सभी का स्वागत है।” जिसके बाद कांग्रेस ने गुरुवार को कहा कि राहुल गांधी (Rahul Gandhi) के नेतृत्व में निकाली जा रही भारत जोड़ो यात्रा का ‘स्वागत’ करने वाली बीजेपी नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया (Jyotiraditya Scindia) की टिप्पणी उनके घर वापसी का संकेत हो सकती है। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस समिति के पूर्व अध्यक्ष और कांग्रेस प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौड़ ने यह बात कही।
गौरतलब है कि कांग्रेस के पूर्व सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया ने मार्च 2020 में पार्टी का साथ छोड़ने के बाद बीजेपी का दामन थाम लिया था। बाद में उन्हें भाजपा सरकार में केंद्रीय मंत्री बनाया गया।
हिमाचल प्रदेश में Congress बहुमत के साथ सरकार बनाएगी: कुलदीप सिंह राठौड़ ने इस बात पर जोर दिया कि हाल ही में हुए हिमाचाल प्रदेश विधानसभा चुनाव में रिकॉर्ड मतदान बदलाव का संकेत है और जनता भाजपा सरकार से नाखुश है। उन्होंने दावा किया कि हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। राठौड़ ने कहा कि कांग्रेस द्वारा राज्य में कीमतों में वृद्धि, महंगाई और कुशासन आदि का मुद्दा उठाए जाने के बाद पिछले साल विधानसभा की तीन और लोकसभा की एक सीट पर हुए उपचुनाव में बीजेपी को मिली हार के साथ ही उनकी हार की पटकथा लिख गई थी।
पार्टी तय करेगी हिमाचल का सीएम: यह पूछे जाने पर हिमाचल प्रदेश में पार्टी के सत्ता में आने पर मुख्यमंत्री कौन होगा कुलदीप सिंह ने कहा कि राज्य का नया मुख्यमंत्री कौन होगा यह फैसला पार्टी के विधायक और पार्टी आला कमान करेगी। वहीं विधायकों की खरीद-फरोख्त पर राठौड़ ने कहा कि ऐसा बिलकुल संभव है, लेकिन हमें अपने सदस्यों की वफादारी पर पूरा भरोसा है।