Bharat Jodo Yatra: राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कर्नाटक के बेल्लारी के पास हादसा हो गया। कांग्रेस की इस यात्रा में शामिल चार कार्यकर्ताओं को करंट लग गया। सभी को प्राथमिक इलाज के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इस बारे में कांग्रेस महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने जानकारी दी। उन्होंने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा, “आज यात्रा में एक दुर्भाग्यपूर्ण घटना घटी जब बेल्लारी के मोका कस्बे के पास 4 व्यक्तियों को मामूली बिजली का झटका लगा। श्री राहुल गांधी ने मुझे और विधायक नागेंद्र को सिविल अस्पताल का दौरा करने के लिए भेजा। भगवान की कृपा से सब ठीक हैं। कांग्रेस चारों को एक लाख की आर्थिक मदद देगी।”
घायलों से मिलने पहुंचे रणदीप सुरजेवाला: जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह कर्नाटक के बेल्लारी से शुरुआत के बाद यात्रा मौका पहुंची। यात्रा में शामिल कुछ कार्यकर्ता पार्टी का झंडा और लोहे की रॉड पकड़े हुए थे। इनमें से ही चार लोगों को बिजली का हल्का झटका लग गया। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने बताया कि मौके पर मौजूद डॉक्टर्स ने प्राथमिक इलाज करने के बाद घायलों को अस्पताल रेफर कर दिया, जहां रणदीप सुरजेवाला उनसे मिलने पहुंचे।
रैली को किया संबोधित: वहीं, कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के एक हजार किलोमीटर पूरे होने शनिवार को राहुल गांधी ने कर्नाटक के बेल्लारी में एक विशाल रैली को संबोधित किया। इस रैली में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भी शामिल हुए। इस दौरान राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी और आरएसएस देश को बांट रही हैं। देश में युवाओं की बेबसी दिख रही है, उन्हें झांसा दिया जा रहा है।
भाजपा की विचारधारा देश को कमजोर कर रही: इस दौरान राहुल ने भाजपा और केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा देश को कमजोर कर रही है। साथ ही उन्होंने कर्नाटक सरकार को 40 फीसदी कमीशन वाली सरकार बताया। उन्होंने कहा कि यहां 40 फीसदी कमीशन देकर आप कोई भी काम करा सकते हैं। राहुल ने कहा कि यहां पर घूस देकर सरकारी नौकरी खरीदी जा सकती है। भारत जोड़ो यात्रा 30 सितंबर को कर्नाटक पहुंची थी और 21 अक्टूबर 2022 तक इस राज्य में ही चलती रहेगी। कर्नाटक के बाद पार्टी की यात्रा महाराष्ट्र से होकर गुजरेगी।