Bharat Jodo Nyay Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का दूसरा चरण मुरादाबाद से शनिवार को फिर से शुरू हुआ। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी खुली चीप में सवार होकर निकले। कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं पर फूल बरसाकर स्वागत किया। इस दौरान सपा कार्यकर्ता भी राहुल गांधी के साथ नजर आए।

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने इस दौरान बीजेपी सरकार पर जमकर बोला। प्रियंका गांधी ने कहा कि बार-बार केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार आ रही है, आपकी बेरोजगारी बढ़ रही है। दो साल पहले किसान आंदोलन कर रहे थे, आज भी किसान आंदोलन कर रहे हैं। तब भी उनकी सुनवाई नहीं थी आज भी नहीं है।

प्रियंका गांधी ने कहा कि जब-जब इनका (बीजेपी) बुलडोजर चलता है तो किसके घरों में चलता है? जिसने 6 किसानों को अपनी जीप के नीचे कुचला क्या उसके घर पर बुलडोजर चला? जिसने महिलाओं के साथ अत्याचार किया उसके घर पर बुलडोजर चला?”

प्रियंका गांधी ने कहा कि केंद्र और प्रदेश में बीजेपी की सरकार बनते ही बेरोजगारी दर बढ़ गई है…जब तक आपको रोजगार नहीं मिलेगा, सुविधाएं नहीं मिलेंगी, पेपर लीक नहीं रुकेगा, विकास नहीं होगा। उन्होंने कहा कि बदलाव तभी होगा, जब आप अपने अनुभव के मुताबिक वोट डालेंगे।

वहीं पार्टी सांसद राहुल गांधी ने कहा, “आपको कहा जाता है कि भाइयों और बहनों एक दूसरे से नफरत करो एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाया जाता है, एक जात को दूसरी जात से लड़ाया जाता है, एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाया जाता है, फिर आपका धन 24 घंटा आपसे लूटा जाता है….अग्निवीर योजना लाई गई क्योंकि 90% आबादी का रास्ता बंद करना था…”

राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी का यही सिस्टम है। एक व्यक्ति ध्यान भटकाता है। कभी बॉलीवुड की बात करेगा, कभी सर्जिकल स्ट्राइक की बात करके आपका ध्यान भटकाएगा। उसके बाद पीछे से अडानी जी आएंगे और जेब काट जाएंगे। दूसरी तरफ अमित शाह जी चुप बैठकर देखते रहेंगे कि अगर किसी ने कुछ किया तो मैं फिर दिखाता हूं।

इसके बाद राहुल गांधी ने कहा कि मैं पूछना चाहता हूं कि इस देश में पिछड़ों की कितनी आबादी है। राहुल ने कहा कि देश में 50% पिछड़े हैं, 15% अल्पसंख्यक, 15% दलित, और 8% आदिवासी। मैं आपसे पूछना चाहता हूं कि इन 90% की इस देश में कितनी भागीदारी है… इनमें से कितने मीडिया में हैं, कोई नहीं है। पीएम मोदी कहते हैं ‘हिंदुस्तान सबका है, ये सबका हिंदुस्तान कैसा है?’ यदि 90% को कोई भागीदारी नहीं मिल रही है…”