मोकामा के पूर्व विधायक और बाहुबली नेता अनंत सिंह जेल से बाहर आ गए हैं। हाईकोर्ट ने एके-47 केस में उन्हें पिछले दिनों बरी कर दिया था। शुक्रवार को सुबह 5 बजे वह जेल से बाहर आ गए। उन्होंने कहा कि न्याय मिलने के बाद वह काफी खुश हैं। उन्हें बाहर आकर अच्छा लग रहा है। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थकों ने उनका स्वागत किया।

किस मामले में हुई थी जेल

अनंत सिंह के घर 2019 में छापेमारी के दौरान एके-47 बरामद हुई थी। मामला सामने आने के बाद वह कई दिनों तक फरार रहे। बाद में उन्होंने दिल्ली पुलिस के सामने सरेंडर कर दिया। 2022 में उन्हें इस मामले में दोषी ठहराया गया। इस मामले में उन्हें 10 साल की सजा सुनाई गई। हालांकि सबूतों के अभाव में हाईकोर्ट ने उन्हें बरी कर दिया। इससे पहले मई में वह 15 दिनों के लिए पैरोल पर जेल से बाहर आए थे। इस दौरान उन्होंने जेडीयू के ललन सिंह के चुनाव प्रचार में दावा किया था कि ललन सिंह 4 लाख वोटों से जीतेंगे।

जेल के बाहर समर्थकों की भारी भीड़

बेऊर जेल के बाहर समर्थकों की भारी भीड़ मौजूद थी। प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल प्रशासन ने अपने एंबुलेंस से उन्हें बाहर निकाला। सुबह पांच बजकर दस मिनट पर पूर्व विधायक अनंत सिंह जेल से बाहर निकले। अनंत सिंह के बेटे और पूर्व विधायक अंकित कुमार ने कहा कि हम उत्साहित हैं कि मेरे पिता बाहर आ रहे हैं। हमें हमेशा से यह विश्वास था कि वे बाहर आएंगे।अनंत सिंह 2016 से बेऊर जेल में बंद थे। जेल से निकलने के बाद अनंत सिंह बरहिया के लिए रवाना हो गए हैं।

कौन हैं अनंत सिंह?

अनंत सिंह बिहार के मुंगेर जिले के रहने वाले हैं। इनसे पूरे इलाके में काफी दबदबा है। वह मोकामा के विधायक रहे हैं। नीतीश कुमार से लेकर लालू यादव तक उनकी पहुंच बहुत आसान है। अनंत सिंह की शादी नीलम देवी से हुई है। 2020 में दाखिल हलफनामे के मुताबिक उनके ऊपर कुल 39 आपराधिक मामले दर्ज थे हालांकि पटना हाई कोर्ट रिकॉर्ड में उनके ऊपर 52 मामले दर्ज हैं। उन्होंने दो मामलों में दोषी ठहराया गया। इनमें एक मामला 2015 में चार छात्रों के अपहरण का मामला था।