दिल्ली के संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा ने शनिवार (9 अप्रैल) को दावा किया कि मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जूता फेंकने वाला वेद प्रकाश शर्मा हमले के पहले भाजपा के एक नेता के संपर्क में था। उन्होंने मांग की कि वेद प्रकाश के कॉल रिकार्ड की जांच की जानी चाहिए। मिश्रा ने अपने ट्वीट में कहा, ‘‘वेद प्रकाश शर्मा के कॉल विवरण की जांच की जानी चाहिए। उसने हमला करने से ठीक पहले दिल्ली भाजपा के एक नेता को कॉल किया था।’’ बता दें कि शनिवार शाम पूछताछ के बाद वेदप्रकाश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया।

सूत्रों ने बताया कि हमले के बाद शर्मा के फोन की जांच पार्टी के कार्यकर्ताओं और दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने की। संपर्क किए जाने पर मिश्रा ने उस भाजपा नेता का विवरण देने से मना कर दिया जिसके संपर्क में वह था। आप नेता कुमार विश्वास ने कहा कि यह पंजाब चुनावों से पहले प्रतिद्वंद्वी पार्टियों की हताशा को दर्शाता है। आप प्रवक्ता दीपक बाजपेयी ने कहा, ‘‘हम इसे साधिकार कह सकते हैं कि हमलावर भाजपा की दिल्ली इकाई के एक वरिष्ठ नेता के संपर्क में था।’’

आम आदमी सेना से जुड़ा होने का दावा करने वाले एक शख्स ने यहां संवाददाता सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर जूता फेंका। हालांकि यह जूता आप प्रमुख को नहीं लगा। हमलावर की पहचान वेद प्रकाश के तौर पर की गई है। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है।

Read Also: प्रेस कॉन्‍फ्रेंस में केजरीवाल पर जूता फेंक युवक बोला- करोड़ों का घोटाला कर दिया आपने