कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन पर शनिवार को गहरा दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। सोनिया ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जेटली के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। वहीं मनमोहन ने कहा कि देश ने ऐसा नेता खो दिया है जिन्होंने हमेशा समाज की बेहतरी के लिए काम किया।

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘अरुण जेटली जी के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’

वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाली समेत तमाम मंत्रियों और नेताओं ने अरुण जेटली के आवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी। वहीं विदेश दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेटली के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। पीएम ने जेटली के परिवार से फोन पर बातचीत की। जेटली के परिवार ने पीएम से अपनी विदेश यात्रा को रद्द नहीं करने की अपील की। जेटली का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।

Arun Jaitley Death LIVE News Updates

जेटली (66) को सांस लेने में दिक्कत और बेचैनी की शिकायत के बाद 9 अगस्त को एम्स लाया गया था। एम्स ने 10 अगस्त के बाद से जेटली के स्वास्थ्य पर कोई बुलेटिन जारी नहीं किया है। जेटली ने खराब स्वास्थ्य के चलते 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था।

Live Blog

22:14 (IST)24 Aug 2019
कल होगा अंतिम संस्कार

जेटली का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। बीजेपी नेता सुधांशु मित्तल के मुताबिक रविवार दोपहर निगमबोध घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा से पहले सुबह उनके पार्थिव शरीर को भाजपा मुख्यालय ले जाया जाएगा।

21:52 (IST)24 Aug 2019
आईसीसी प्रमुख मनोहर ने शोक व्यक्त किया

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष शशांक मनोहर ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत नेता के साथ अपनी मित्रता को याद किया।मनोहर ने हाल ही में दिल्ली में जेटली से मुलाकात की थी, जिन्होंने लंबी बीमारी के बाद शनिवार को अंतिम सांस ली।

20:28 (IST)24 Aug 2019
कई देशों के दूतों ने जेटली के निधन पर शोक जताया

अमेरिका और फ्रांस समेत कई देशों के शीर्ष राजनयिकों ने पूर्व वित्त मंत्री के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें बेहतर राजनीतिज्ञ करार दिया। भारत में फ्रांस के राजदूत एलेक्जेंडर जिगलर ने ट्वीट कर कहा, 'फ्रांस की ओर से मैं श्री अरूण जेटली जी के परिवार और परिजन के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट करता हूं।'

भारत में अमेरिकी राजदूत केन जस्टर ने कहा कि अरूण जेटली के निधन की खबर बहुत दुखदायक है। भारत में चीन के राजदूत सुन विडोंग ने दिवंगत राजनेता के परिजन के प्रति संवेदना प्रकट की। भारत में यूरोपीय संघ के दूत टी. कोजलोवस्की ने कहा, 'अरूण जेटली के निधन की खबर से बेहद दुखी हूं । भारत, देश की जनता और उनके परिजन के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।'

19:52 (IST)24 Aug 2019
जेटली के मार्गदर्शन में काम करना बेहतर अनुभव था: लवासा

पूर्व वित्त मंत्री जेटली के वित्त सचिव के तौर पर काम कर चुके चुनाव आयुक्त अशोक लवासा ने शनिवार को कहा कि उनके साथ काम करना सीखने के लिहाज से एक अच्छा अनुभव था। लवासा ने ट्वीट किया, ‘‘वित्त सचिव के तौर पर उनके साथ काम करना सीखने के लिहाज से एक बेहतर अनुभव था। वह बहुत धैर्यवान, व्यावहारिक, सकारात्मक, बेहतरीन स्मरणशक्ति वाले और ज्ञानी थे।’’

19:39 (IST)24 Aug 2019
हरियाणा सरकार ने दो दिन के राजकीय शोक की घोषणा

हरियाणा सरकार ने जेटली के सम्मान में दो दिवसीय राजकीय शोक मनाने का फैसला किया है। यहां मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार राज्य में जिन भवनों पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है वहां 24 और 25 अगस्त को तिरंगा आधा झुका रहेगा और इस दिन किसी आधिकारिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा।

18:48 (IST)24 Aug 2019
राहुल ने जेटली के निधन पर दुख जताया

कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शनिवार को दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'अरुण जेटली जी के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।'

18:28 (IST)24 Aug 2019
आडवाणी ने जेटली को श्रद्धांजलि दी

बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने जेटली के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

18:10 (IST)24 Aug 2019
जेटली ने सदा समाज की बेहतरी के लिए काम किया: मनमोहन

जेटली के निधन पर दुख जताते हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि देश ने ऐसा नेता खो दिया है जिन्होंने हमेशा समाज की बेहतरी के लिए काम किया। उन्होंने जेटली की पत्नी संगीता जेटली को शोक संदेश भेजकर दुख जताया। सिंह ने कहा, 'मुझे हमारे प्रिय अरुण जेटली जी के असामयिक निधन की दुखद और स्तब्ध करने वाली खबर सुनकर बहुत दुख हुआ।'

17:44 (IST)24 Aug 2019
बीसीसीआई ने जेटली के निधन पर शोक व्यक्त किया

बीसीसीआई ने शनिवार को अरूण जेटली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें ‘असाधारण राजनेता’ और ‘सक्षम और सम्मानित’ क्रिकेट प्रशासक करार दिया। बीसीसीआई ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘जेटली असाधारण राजनेता थे और जुनूनी क्रिकेट प्रशंसक थे। उन्हें हमेशा क्रिकेट के सक्षम और सम्मानित प्रशासकों में से एक के रूप में याद रखा जायेगा।’’

17:19 (IST)24 Aug 2019
जेटली के निधन से बेहद दुखी महसूस कर रहा हूं: गोगोई

भारत के प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई ने शनिवार को कहा कि अरुण जेटली के निधन से देश ने ‘‘एक प्रख्यात वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कद्दावर नेता’’ को खो दिया है। प्रधान न्यायाधीश ने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘अरुण जेटली के जाने से निजी तौर पर मैं बेहद दुखी हूं।’’

16:31 (IST)24 Aug 2019
बिहार में राजकीय शोक घोषित

जेटली के निधन पर बिहार में दो दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया।

15:52 (IST)24 Aug 2019
जेटली का पार्थिव शरीर एम्स से निवास स्थान पर लाया गया

पूर्व वित्त मंत्री जेटली का पार्थिव शव ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) से उनके दिल्ली स्थित निवास पर लाया गया।

15:28 (IST)24 Aug 2019
केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन, जेपी नड्डा ने दी श्रद्धांजलि

केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अरुण जेटली को श्रद्धांजलि दी। जेटली को श्रद्धांजलि देने वालों में पीएममो में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह भी शामिल रहे।

15:05 (IST)24 Aug 2019
सौम्य राजनीतिज्ञ के रूप में स्मरणीय रहेंगे जेटलीः अखिलेश यादव

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने निधन पर शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा, 'अरुण जेटली जी एक कुशल वक़्ता, सफल अधिवक्ता और सौम्य राजनीतिज्ञ के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे. विनम्र श्रद्धांजलि! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे.'

14:56 (IST)24 Aug 2019
साल 2000 से 2012 तक तीन बार गुजरात से सांसद रहे जेटली

भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली साल 2000 से 2012 के बीच तीन बार गुजरात से राज्यसभा सांसद रहे। जेटली पहली बार वाजयेपी सरकार में मंत्री बने।

14:47 (IST)24 Aug 2019
जेटली के निधन पर नहीं हो रहा यकीनः लोकसभा स्पीकर

लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भाजपा नेता अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया। बिरला ने कहा कि मुझे  विश्वास नहीं हो रहा है कि पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली अब हमारे बीच नहीं रहे।

14:44 (IST)24 Aug 2019
पीएम मोदी के दौरे में कोई बदलाव नहीं

भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन के बावजूद प्रधानमंत्री के विदेश दौरे में कोई बदलाव नहीं होगा। पीएम मोदी अपना विदेश दौरा पूरा करने के बाद तय समय पर ही देश लौटेंगे।

14:43 (IST)24 Aug 2019
बुद्धि, ज्ञान और तर्क की आवाज थेः पूर्व राष्ट्रपति

पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न प्रणब मुखर्जी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन पर संवेदना व्यक्त की। मुखर्जी ने कहा कि अरुण जेटली बुद्धि, ज्ञान और तर्क की आवाज वाले राजनेता थे।

14:41 (IST)24 Aug 2019
पार्टी और देशसेवा के लिए समर्पित थेः नड्डा

भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया। नड्डा ने  कहा कि अरुण जेटली पार्टी और देशसेवा के लिए प्रति पूरी तरह से समर्पित थे। उन्होंने कहा कि भगवान उनके परिवार को यह दुख सहने की क्षमता प्रदान करे।

14:28 (IST)24 Aug 2019
महज 37 साल की उम्र में एडिशनल सॉलिसिटर जनरल बने

अरुण जेटली  1989 में महज  37 साल की उम्र में ही  एडिशनल सॉलिसिटर जनरल बनाया गया।  एएसजी के रूप में उन्हें बोफोर्स केस की जिम्मेदारी मिली। साल 1991 उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया।

14:24 (IST)24 Aug 2019
छत्तीसगढ़ निर्माण में रही महत्वपूर्ण भूमिकाः रमन सिंह

छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने दिल्ली में मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल की यादें ताजा की। रमन सिंह ने कहा कि जेटली बेहतर चुनाव प्रबंधक थे। उन्होंने बताया कि जेटली ने छत्तीसगढ़ के निर्माण में अहम भूमिका अदा की। जेटली का जाना हम सब के लिए दुखद क्षण है। मैं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।

14:22 (IST)24 Aug 2019
छात्र जीवन से रहा साथः रविशंकर प्रसाद

विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भाजपा के वरिष्ठ नेता ने जेटली के निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह अरुण जेटली के साथ छात्र जीवन से ही रहे हैं। हम दोनों ने इमरजेंसी, अटल बिहारी वाजपेयी सरकार और मोदी सरकार में भी साथ रहे। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज मैं जो भी हूं जेटली की वजह से हूं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मैं बहुत भावुक हूं।

14:19 (IST)24 Aug 2019
निगम बोध घाट पर होगा अंतिम संस्कार

भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का दिल्ली के निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार होगा। भाजपा नेता सुधांशु मित्तल ने इस बात की जानकारी दी। मित्तल ने कहा कि उनके निवास से पार्थिव शरीर को लेकर पार्टी मुख्यालय ले जाया जाएगा।

14:11 (IST)24 Aug 2019
भाजपा मुख्यालय पर रखा जाएगा पार्थिव शरीर

भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का पार्थिव शरीर रविवार को दोपहर 11 बजे पार्टी कार्यालय पर रखा जाएगा। यहां पार्टी कार्यकर्ता अपने दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन करेंगे। 

14:02 (IST)24 Aug 2019
अरुण जेटली के निधन से व्यथित हूंः राबड़ी देवी

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भाजपा नेता अरुण जेटली के निधन पर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। राबड़ी ने ट्वीट में लिखा, 'पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री #अरुण_जेटली जी के निधन की दुःखद ख़बर से व्यथित हूँ। दुःख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएँ उनके परिवार के साथ है।भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'

13:58 (IST)24 Aug 2019
अरुण जेटली हमेशा एक मार्गदर्शक की तरह थेः शेखावत

जोधपुर से सांसद और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, ‘‘भाजपा परिवार के श्रद्धेय, अग्रज, संगठन के प्रबुद्ध स्तम्भ अरुण जेटली का जाना अत्यन्त दुखदाई है।’’ शेखावत ने ट्वीट किया, ‘‘उन्होंने संगठन और सरकार में विभिन्न पदों पर गरिमा से अपना कर्तव्य निभाया है। मेरे जैसे सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के लिए आदरणीय अरुण जेटली हमेशा एक मार्गदर्शक की तरह थे।’’

13:55 (IST)24 Aug 2019
देश ने स्पष्टवादी नेता खो दिया : मुख्यमंत्री कमलनाथ

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कमल नाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि जेटली उच्च कोटि के विधि विशेषज्ञ होने साथ ही एक उत्कृष्ट राजनेता थे। जेटली देशहित से जुड़े मुद्दों पर विचारों की स्पष्ट अभिव्यक्ति के कारण पहचाने जाते थे।

13:54 (IST)24 Aug 2019
 जेटली का निधन राजनीतिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति 

बीकानेर से सांसद व केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व वित्त मंत्री, मेरे वरिष्ठ सहयोगी और मार्गदर्शक अरुण जेटली जी के निधन से मन अत्यंत दुखी है।’’ मेघवाल ने कहा कि जेटली का निधन भाजपा परिवार ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राजनीतिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।

13:54 (IST)24 Aug 2019
राजस्थान के सीएम ने जताया दुख

राजस्थान के  मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया। गहलोत ने लिखा,  ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के असामयिक निधन के समाचार से दुखी हूं।’’ गहलोत ने जेटली के परिजनों के प्रति सांत्वना जताई। इस बीच, उप मुख्यमंत्री सचिन  पायलट ने जेटली के निधन को देश के लिए बड़ी क्षति बताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यह सुनकर गहरा दुख हुआ कि जेटली नहीं रहें।’’ पायलट ने कहा कि जेटली के योगदान को देखते हुए उनका जाना देश के लिए बड़ी क्षति है।

13:48 (IST)24 Aug 2019
अरुण जेटली का रविवार को होगा अंतिम संस्कार

भाजपा के वरिष्ठ नेता का रविवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह जानकारी जेटली के करीबी लोगों की तरफ से कही गई। जेटली के शव को एम्स से उनके कैलाश कॉलोनी स्थित निवास पर ले जाया जाएगा। इसके बाद उनके शव को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।

13:46 (IST)24 Aug 2019
सार्वजनिक जीवन में उच्च शिखर को प्राप्त कियाः नीतीश कुमार

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया। नीतीश कुमार ने कहा, 'भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली जी का निधन दुःखद। उन्होंने उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्शों की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उच्च शिखर को प्राप्त किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।'

13:39 (IST)24 Aug 2019
अरुण जेटली के योगदान को भुलाया नहीं जा सकताः मायावती

बसपा प्रमुख मायावती ने पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता अरुण जेटली के निधन पर शोक व्यक्त किया। मायावती ने ट्वीट में कहा, 'पूर्व केन्द्रीय वित्त/रक्षा मंत्री व बीजेपी के प्रमुख नेता श्री अरुण जेठली के निधन की खबर अति-दुःखद। वे बीमार थे व उनका हालचाल लेने हाल ही में मैं एम्स गयी थी। वे नामी वकील व अच्छे इंसान थे। देश की राजनीति में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकेगा। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना'

13:34 (IST)24 Aug 2019
उनके तार्किक भाषणों को सदैव याद किया जाएगाः वेंकैया नायडू

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने अरुण जेटली के राजनीति में योगदान को याद किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि जेटली को उनके तार्किक भाषणों के लिए याद किया जाएगा। नायडू ने कहा कि राज्यसभा में जेटली का कार्य उनके साथ ही सदन के लिए अभिनंदनीय है।

13:30 (IST)24 Aug 2019
अनुशासन प्रिय थे जेटलीः सीएम रावत

उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ अपनी यादे साझा की। रावत ने कहा कि जेटली अनुशासन प्रिय थे। भाजपा कार्यकर्ता के रूप में वह हमेशा अनुशासन को तव्वज्जो देते थे। उन्होंने कहा था कि जेटली शुचिता और संस्कार की बात करते थे।

13:26 (IST)24 Aug 2019
पीएम अपना दौरा रद्द न करेंः संगीता जेटली

पीएम मोदी इस समय विदेश दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री ने अरुण जेटली के निधन के बाद उनकी पत्नी संगीता जेटली और बेटी से बात की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जेटली के परिवार ने पीएम से अपना विदेश दौरा रद्द या छोटा नहीं करने की अपील की है।

13:23 (IST)24 Aug 2019
मैंने अपना एक मूल्यवान दोस्त खो दियाः पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि जेटली के निधन से उन्हें दुख है। पीएम ने जेटली के परिवार से फोन पर बातचीत की। पीएम ने कहा कि मैंने अपना एक मूल्यवान दोस्त खो दिया। जेटली एक मुखर नेता थे।

13:19 (IST)24 Aug 2019
राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने जताया शोक

पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दुख जताया। कोविंद ने कहा कि अरुण जेटली के पास अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की अद्भुत क्षमता थी।

13:15 (IST)24 Aug 2019
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला एम्स पहुंचे

अरुण जेटली के निधन के बाद लोकसभा स्पीकर एम्स पहुंच गए हैं। पूर्व वित्त मंत्री के निधन से पहले सभी दलों के शीर्ष राजनेता लगातार एम्स में उनका हालचाल लेने पहुंच रहे थे।

13:11 (IST)24 Aug 2019
कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि

पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शनिवार को कांग्रेस ने दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कहा, ‘‘हमें अरुण जेटली जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थना उनके परिवार के साथ हैं।’’ गौरतलब है कि जेटली का शनिवार को एम्स में निधन हो गया। वह 66 साल के थे। उनका पिछले कई दिनों से उपचार चल रहा था।

13:08 (IST)24 Aug 2019
देश को उनकी कमी हमेशा खलेगीः गडकरी

केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अरुण जेटली के निधन पर दुख जताया। गडकरी ने कहा कि देश को अरुण जेटली की कमी हमेशा खलेगी।