जम्मू-कश्मीर के रजौरी जिले में नियंत्रण रेखा (LoC) के पास रविवार (30 अगस्त, 2020) को गोलीबारी की एक घटना में सेना के एक जूनियर कमीशन अधिकारी (जेसीओ) शहीद हो गयए। रक्षा सूत्रों ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि नौशेरा सेक्टर में नियंत्रण रेखा पर सेना ने कुछ संदिग्ध गतिविधि देखी जिसके तुरंत बाद सीमा पार से गोलाबारी हुई। भारतीय सेना ने इसका मुंहतोड़ जवाब दिया है।
भारतीय सेना के लेफ्टिनेंट कर्नल देवेंद्र आनंद, पीआरओ (रक्षा) ने बताया कि पाकिस्तान की सेना ने नौशेरा में एलओसी पर युद्धविराम का उल्लंघन किया। नायब सूबेदार राजविंदर सिंह इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए थे और बाद में उन्होंने दम तोड़ दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय सेना ने भी पाकिस्तानी रेंजर्स को मुंहतोड़ जवाब दिया और उनके खेमे में भारी नुकसान पहुंचने की खबरें हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक पाकिस्तान इस साल 1790 बार सीमा संघर्ष विराम का उल्लंघन कर चुका है। पाकिस्तानी सेना पिछले साल 5 अगस्त को अनुच्छेद-370 हटाए जाने के बाद से बिना किसी उकसावे के भारतीय चौकियों पर आए दिन गोलाबारी करती आ रही है। पाकिस्तान गोलाबारी की आड़ में आतंकवादियों की घुसपैठ करवाने की कोशिश में भी है।
PM Modi Mann Ki Baat LIVE Updates
दूसरी तरफ श्रीनगर के बाहरी इलाके में रविवार को सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में तीन आतंकवादी मारे गए और प्रदेश पुलिस का एक सहायक उप निरीक्षक शहीद हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पंथा चौक पर पुलिस एवं केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त नाके पर आतंकवादियों ने शनिवार रात गोलीबारी की।
उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के संयुक्त दल ने इलाके को घेर लिया और वहां तलाश अभियान चलाया। अधिकारी ने बताया कि इलाके में तलाश अभियान के दौरान आतंकवादियों ने दोबारा गोलीबारी की, जिसका सुरक्षा बलों ने माकूल जवाब दिया जिसके बाद यह मुठभेड़ शुरू हो गई।
उन्होंने बताया कि इलाके को पूरी तरह से घेर लिया गया था और आज सुबह गोलीबारी दोबारा शुरू हुई। उन्होंने बताया कि इस गोलीबारी में तीन आतंकवादी मारे गए। अधिकारी ने बताया कि प्रदेश पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक बाबू राम इस अभियान में शहीद हो गए। (एजेंसी इनपुट सहित)