Amritpal Singh: खालिस्तानी समर्थक और ‘पंजाब वारिस दे’ चीफ अमृतपाल सिंह को पंजाब पुलिस ने रविवार सुबह मोगा से गिरफ्तार कर लिया। अमृतपाल की गिरफ्तारी के बाद भाजपा नेता हरजीत ग्रेवाल और आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पंजाब की भगवंत मान सरकार और पंजाब पुलिस की सराहना की है।

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने पंजाब की भगवंत मान सरकार और पंजाब पुलिस की तारीफ करते हुए एक वीडियो जारी किया है। संजय सिंह ने कहा, ‘अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी ने यह साबित कर दिया है कि आम आदमी पार्टी की सरकार कानून-व्यवस्था के मामले में कोई समझौता नहीं करेगी। पंजाब की जनता की सुरक्षा हमारे लिए सर्वोपरि है। पंजाब के लोगों के लिए अमन-चैन, शांति और सुख यह हमारी प्राथमिकता है।

संजय सिंह ने कहा, ‘आज यह बात साबित हो गया कि भगवंत मान की सरकार ( आम आदमी पार्टी की सरकार) जरूरत पड़ने पर सख्त से सख्त कदम उठा सकती है। पिछले एक महीने से लगातार अमृतपाल के करीबियों पर कार्रवाई हो रही थी। उसके अड्डों पर पुलिस ने छापेमारी की। ऐसे में कोई विकल्प अमृतपाल के सामने नहीं बचा। जिसके बाद विवश होकर उसे आज अपनी गिरफ्तारी देनी पड़ी और उसे गिरफ्तार किया गया।

आप नेता ने पंजाब पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि पंजाब पुलिस ने एक साहसिक कदम उठाया है और बहुत ही सूझबूझ का परिचय दिया है। कहीं पर एक कंकड़ भी नहीं चला। भगवंत मान की सरकार ने बहुत समझदारी का परिचय दिया है। इस पूरी कार्रवाई के दौरान पंजाब का अमन-चैन और शांति को भी भंग नहीं होने दिया गया। उन्होंने कहा कि आज यह साबित हो गया की जरूरत पड़ने पर आम आदमी पार्टी की सरकार सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी, लेकिन कभी भी पंजाब में अमन-शांति और भाईचारे को भंग नहीं होने देगी।

अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी पर भाजपा नेता हरजीत ग्रेवाल ने कहा, “मैं पंजाब पुलिस और सरकार को बधाई देता हूं कि उन्होंने अमृतपाल को भारत से भागने नहीं दिया।”

आम आदमी पार्टी की राष्ट्रीय मुख्य प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, ‘पंजाब पुलिस ने अमृतपाल सिंह को हर तरफ से घेर लिया था, उसे गिरफ़्तार किया गया है। पंजाब पुलिस ने बहुत ही सूझबूझ से ऑपरेशन को चलाया है। पंजाब पुलिस और वहां की जनता बधाई के पात्र हैं।