केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने दिल्ली के लोगों को दिवाली और छठ पूजा की अग्रिम शुभकामनाएं दी है। इसके साथ ही उन्होंने कहा है कि अगले सात महीनों के भीतर प्रयागराज तक यमुना को पूरी तरह से साफ करने की योजना तैयार की गई है। दरअसल गृह मंत्री दिल्ली सरकार की लगभग 1816 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी मौजूद थीं।
गुरुवार को दिल्ली में उद्घाटन की गईं लगभग 80% परियोजनाओं का यमुना की सफाई से जुड़े होने का जिक्र करते हुए शाह ने कहा, ‘जब दिल्ली की जनता ने बदलाव का रास्ता चुना तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घोषणा की कि मां यमुना की शुद्धि उनकी सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने 2029 तक इस कार्य को पूरा करने का वादा किया। यमुना की शुद्धि का उनका संकल्प कोई राजनीतिक संकल्प नहीं है, बल्कि लोगों के दिलों में यमुना के पवित्र स्थान का सम्मान प्राप्त करने का एक कार्य है।’
दिल्ली में शुरू की गई 19 जल एवं सीवरेज परियोजनाएं
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अगले सात महीनों के भीतर प्रयागराज तक यमुना को साफ करने की योजना तैयार की गई है। केंद्र सरकार के सहयोग से दिल्ली में 19 जल एवं सीवरेज परियोजनाएं शुरू की जा रही हैं।’
अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘आप सरकार ने यमुना को साफ करने और उसमें डुबकी लगाने का वादा किया था, लेकिन उन्होंने डुबकी नहीं लगाई, बल्कि दिल्ली की जनता ने उन्हें डुबो दिया।’ दरअसल केजरीवाल ने 2020 में वादा किया था कि अगले चुनाव से पहले आप यह सुनिश्चित करेगें कि यमुना इतनी साफ हो जाए कि लोग उसमें डुबकी लगा सकें। उन्होंने कहा था कि वह भी लोगों के साथ डुबकी लगाएंगे।
जेल में महिला कैदी अपने पति के साथ मना सकेंगी करवा चौथ, सभी जिलाधिकारियों को भेजी गई चिट्ठी
केंद्र और दिल्ली सरकार द्वारा संयुक्त रूप से शुरू की जाने वाली इन परियोजनाओं में आठ नए सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी), भूमिगत पेयजल जलाशय और नई सीवर लाइनें शामिल हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, ‘ये परियोजनाएं यमुना में प्रदूषित पानी के प्रवाह को रोकेंगी और दिल्लीवासियों को स्वच्छ पेयजल और बेहतर सीवरेज सुविधाएं प्रदान करेंगी।’
कूड़े का पहाड़ भी होगा साफ
गुप्ता ने आगे कहा कि केंद्र और दिल्ली सरकारें ‘मां यमुना की स्वच्छता और पुनरुद्धार के लिए अभूतपूर्व तरीके से मिलकर काम कर रही हैं।’ इस बीच शाह ने घोषणा की कि दिल्ली में कूड़े के पहाड़ को भी साफ कर दिया जाएगा। जो कभी 65 मीटर तक ऊंचा था उसको 1 जनवरी 2028 तक साफ कर दिया जाएंगा। और उनकी जगह खूबसूरत बगीचे विकसित किए जाएंगे।