Delhi Assembly Election: लोकसभा इलेक्शन में भले ही कांग्रेस के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी ने चुनाव लड़ा हो लेकिन दिल्ली विधानसभा चुनाव में दोनों की राहें काफी जुदा लग रही हैं। दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के चीफ देवेंद्र यादव ने कहा कि पार्टी शहर में ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाने के लिए अलग-अलग प्लान पर काम कर रही है। इसमें भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर दिल्ली जोड़ो यात्रा निकालने की योजना भी शामिल है।
देवेंद्र यादव ने कहा कि हमने आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन देश के हित की वजह से किया था, लेकिन बाद में जब इसका मूल्याकंन किया गया तो पता चला कि इससे कही ना कही पार्टी को नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि लोकसभा इलेक्शन के बाद कांग्रेस ने फैसला किया है कि वह विधानसभा इलेक्शन अकेले ही लड़ेगी। उन्होंने कहा कि एक नहीं बल्कि कई तरह के कार्यक्रमों पर काम कर रहे हैं। इसमें चाहे संगठन को मजबूत करने की बात हो या जनता से जुड़ने का कार्यक्रम हो। दिल्ली जोड़ो यात्रा भी इन कार्यक्रमों की तर्ज पर निकाली जाएगी।
दिल्ली जोड़ो यात्रा की तैयारी में कांग्रेस
देवेंद्र यादव ने कहा कि दिल्ली कांग्रेस भारत जोड़ो यात्रा और न्याय यात्रा की तर्ज पर इस यात्रा की तैयारी में जुटी हुई है और यह जल्द ही शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि इस यात्रा में शामिल होने के लिए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को आमंत्रित किया जाएगा। इतना ही नहीं उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के और भी वरिष्ठ नेताओं को आमंत्रित किया जाएगा।
अधीर रंजन चौधरी अध्यक्ष पद से हटे, बंगाल में ममता के साथ गठजोड़ कर सकती है कांग्रेस
अरविंदर सिंह लवली पर क्या बोले देवेंद्र यादव
लोकसभा इलेक्शन से ठीक पहले कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा देने वाले पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली और दूसरे नेताओं के बारे में जब सवाल किया गया तो देवेंद्र यादव ने कहा कि जब लवली ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थामा तो ऐसी धारणा बनाई गई जिसके कारण लोकसभा चुनाव में हार हुई। लेकिन आज जब हम अपने संगठन और अपने कार्यकर्ताओं की तरफ देखते हैं तो पार्टी से इस्तीफा देने वालों से ज्यादा कोई असर नहीं होने वाला है।
यादव ने कहा कि जब शीला दीक्षित की सरकार थी तो कांग्रेस ने 15 साल सत्ता में रहते हुए शहर में काफी सारे विकास के काम किए। उन्होंने कहा कि उस समय सभी ने दिल्ली को बदलते देखा था। यादव ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद उन्हें लगता है कि पार्टी के लिए लोगों के समर्थन में बढ़ोतरी हुई है। उन्होंने कहा कि पार्टी सभी के विकास पर ध्यान केंद्रित करती है और उसने हमेशा पिछड़ो और दलितों की बेहतरी के लिए ही काम किया है।
