Akhilesh Yadav Noida: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव शनिवार (27 अगस्त, 2022) को एक कार्यक्रम में गौतमबुद्धनगर पहुंचे। यहां उन्होंने सेक्टर 121 में चौधरी रघुवर सिंह प्रधान की मूर्ति का अनावरण किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य व्यवस्था, अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग और श्रीकांत त्यागी मामले को लेकर सीएम योगी पर जमकर निशाना साधा।
अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे मुख्यमंत्री को यही नहीं पता कि मंत्री कौन बन गया। साथ ही उन्होंने कहा कि मंत्री ने किसका ट्रांसफर कर दिया यह भी किसी को नहीं पता। उन्होंने कहा कि ट्रांसफर-पोस्टिंग में ऐसा खेल कभी नहीं हुआ, जैसा इस सरकार में हो रहा है। उन्होंने प्रदेश की स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए। कहा कि सरकारी अस्पतालों की हालत बहुत खराब है, वहां न दवाई मिल रही है, न ही मरीजों को किसी तरह की सुविधाएं मिल रही हैं। अखिलेश ने कहा कि स्थिति यह है कि अगर कोई ऑपरेशन कराना चाहेगा तो न जाने कितने दिन इंतजार करना पड़ेगा, तब जाकर नंबर आएगा।
सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कानून-व्यवस्था को लेकर योगी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में चोरी डकैती रुक नहीं रही। पुलिस के कारण लोगों की जान जा रही है। इतने बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार कभी नहीं हुआ, जितना इस सरकार में हो रहा है। नोएडा में श्रीकात त्यागी के वायरल हुए वीडियो को लेकर सभी जान गए कि भाजपा का चरित्र और चेहरा क्या है।
अखिलेश ने कहा कि वह श्रीकांत त्यागी मामले में वीडियो बनाने वाले को धन्यवाद देना चाहते हैं। जिन्होंने भाजपा सरकार और उनके नेताओं का असली चेहरा सामने ला दिया। उन्होंने कहा कि जब भारतीय जनता पार्टी के सांसद पहुंचे तो वो खुद कहते हैं कि कानून-व्यवस्था को देखकर हम शर्मिंदा हैं।
उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोग पहली बार शर्मिंदा नहीं हो रहे हैं। इनके मंत्री जब अस्पताल देखने गए थे, तब कह रहे थे कि इन अस्पतालों को देखकर हम शर्मिंदा हैं। अखिलेश ने सवाल किया कि आखिरकार आप शर्मिंदा क्यों हैं, क्योंकि पांच साल आपने काम नहीं किया।
इस दौरान अखिलेश यादव ने क्षेत्र के पढ़े-लिखे युवाओं से पार्टी का सदस्य बनने की अपील की। उन्होंने कहा कि युवा एप के माध्यम से भी सपा से जुड़ सकते हैं।
