Adampur Bypoll: हरियाणा में कांग्रेस को आदमपुर उपचुनाव से पहले बड़ी सफलता हाथ लगी है। शनिवार (1 अक्टूबर 2022) को कई पूर्व जिला परिषद सदस्य, पार्षद, पंचायत सदस्य और विधानसभा क्षेत्र के सरपंच यहां पार्टी में शामिल हुए।

कांग्रेस में शामिल होने वालों में बिश्नोई सभा (हिसार) के पूर्व प्रमुख प्रदीप बेनीवाल और एयर मार्शल (सेवानिवृत्त) सुरेंद्र कुमार घोटिया शामिल हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने उनका पार्टी में स्वागत किया। अब तक भाजपा और अन्य दलों से 12 पूर्व विधायक कांग्रेस में शामिल हो चुके हैं।

कुलदीप बिश्नोई को मात देने की तैयारी: भूपेंद्र हुड्डा ने कुलदीप के गढ़ माने जाने वाले आदमपुर में उनकी राजनीतिक जड़ें कमजोर करने की कमान खुद संभाली हुई है। शनिवार को कुलदीप को बड़ा झटका देते हुए बिश्नोई समाज के कई बड़े नेताओं को चंडीगढ़ में कांग्रेस में शामिल कराया। हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव के साथ ही आदमपुर उपचुनाव होने की उम्मीद है, ऐसे में कांग्रेस ने भाजपा में शामिल हो चुके कुलदीप बिश्नोई को मात देने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है।

नए साथियों का किया स्वागत: प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष उदय भान और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुलदीप शर्मा ने कहा कि लगातार आदमपुर से पार्टी में शामिल होने वालों का सिलसिला जारी है। हर तबके के नेता कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं। नए साथियों के आने से संगठन में नई ऊर्जा का संचार होगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बेनीवाल और सुरेंद्र कुमार सिंह घोटिया का कांग्रेस में शामिल होना हमारे लिए गर्व की बात है।

वहीं, उदय भान ने सभी नेताओं का फटका पहनाकर पार्टी में स्वागत किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो साथी जिस सम्मान के काबिल होगा, उसे निश्चित तौर पर वह सम्मान दिया जाएगा।

हुड्डा ने सरकार पर साधा निशाना: भूपेंद्र हुड्डा ने इस मौके पर हरियाणा में बीजेपी-जेजेपी सरकार पर भी निशाना साधा और इसे राज्य की अब तक की सबसे भ्रष्ट और विफल सरकार बताया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर है। हरियाणा में देश में सबसे ज्यादा 37.3 फीसदी बेरोजगारी दर है और सरकारी विभागों में 1.82 लाख पद खाली हैं। इसके बावजूद सरकार युवाओं को नौकरी देने को तैयार नहीं है।