निर्भय कुमार पांडेय

आम आदमी पार्टी के कद्दावर नेता और दिल्ली सरकार में उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया के विधानसभा क्षेत्र पटपड़गंज में भाजपा ने जीत का परचम लहराया है। चार वार्ड में से तीन पर भाजपा ने जीत दर्ज की है। वहीं, तिहाड़ जेल में बंद दिल्ली सरकार के जेल मंत्री सत्येंद्र जैन के शकूरपुर बस्ती विधानसभा क्षेत्र में भी भाजपा ने तीन वार्ड पर दर्ज की है।

सिसोदिया का किला ढहा

आंकड़ों पर नजर डालें तो पटपड़गंज विधानसभा क्षेत्र के मयूर विहार-2 वार्ड नंबर-196 में आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी देवेंद्र कुमार को जीत हासिल हुई है। वहीं, वार्ड नंबर197-पटपड़गंज से भाजपा की उम्मीदवार रेनू चौधरी ने कब्जा कर लिया है। इसी प्रकार वार्ड नंबर-198-विनोद नगर से भाजपा के रविंदर सिंह नेगी और वार्ड 199-मंडावली से भाजपा की शशि चांदना ने परचम लहराया है।

जेल मंत्री के इलाके में भाजपा ने मारी बाजी

विधानसभा चुनाव में दिल्ली सरकार के जेल मंत्री सत्येंद्र जैन शकूरपुर बस्ती विधानसभा क्षेत्र से जीत कर आए थे। मगर यहां सभी तीन वार्डों में भाजपा ने जीत दर्ज की है। वार्ड नंबर-58 सरस्वती विहार से भाजपा प्रत्याशी शिखा भारद्वाज ने आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी उर्मिला गुप्ता को हराया है। वहीं, वार्ड नंबर-59 पश्चिम विहार से भाजपा के विनीत वोहरा ने शालू दुग्गल को पटखनी दी है। इसके अलावा वार्ड नंबर-60 रानी बाग से ज्योति अग्रवाल ने आप प्रत्याशी मिथलेश पाठक को मात दी है।

गोपाल राय भी नहीं बचा पाए वार्ड

दिल्ली सरकार के मंत्री गोपाल राय का विधानसभा क्षेत्र बाबरपुर है। वार्ड नंबर-234 कबीर नगर से कांग्रेस की जरीफ, वार्ड नंबर-233 से सुभाष मोहल्ला से भाजपा की मनीषा सिंह, वार्ड नंबर-235 गोरख पार्क से आप की प्रियंका और वार्ड नंबर-236 कर्दम पुरी से भाजपा के मुकेश कुमार ने परचम लहराया है।

कैलाश गहलोत के यहां भी करारी हार

दिल्ली सरकार में मंत्री कैलाश गहलोत नजफगढ़ विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। उनके क्षेत्र में नगर निगम के चार वार्ड हैं। वार्ड नंबर-126 ईशपुर से निर्दलीय उम्मीदवार मीना देवी ने जीत दर्ज की। वहीं वार्ड नंबर-127 नजफगढ़ से भाजपा के अमित खरखरी, वार्ड नंबर-128 ढीचाऊं कलां से भाजपा की नीलम ने और वार्ड नंबर-129 रोशनपुरा से भाजपा के ही प्रत्याशी दवेंद्र ने जीत का परचम लहराया है।

सबसे ज्यादा अंतर और सबसे कम अंतर

दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनाव में सबसे ज्यादा वोटों से जीत चांदनी महल वार्ड पर आम आदमी के पार्टी मोहम्मद इकबाल की हुई। मो इकबाल 17134 वोटों से जीते जबकि जीत का दूसरा बड़ा अंतर आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक शोएब इकबाल के बेटे एवं ‘आप’ के उम्मीदवार आले मोहम्मद इकबाल ने दर्ज की। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद हामिद को 17,134 वोट से हरा दिया। सीलमपुर के पूर्व विधायक मतीन अहमद की पुत्रवधू शगुफ्ता चौधरी ने 15,193 मतों से जीत हासिल की।

यह इस चुनाव में जीत का तीसरा सबसे बड़ा अंतर रहा, जबकि जीत हार का सबसे कम का आंकड़ा 44 रहा। चितरंजन पार्क में ‘आप’ के आशु ठाकुर ने भाजपा की कंचन चौधरी को सबसे कम मतांतर (44) से हरा दिया। चौधरी पूर्व पार्षद सुभाष भड़ाना की बेटी हैं। हाल में भाजपा में शामिल होने वाले जंगपुरा के पूर्व विधायक तविंदर सिंह मारवाह के बेटे कुंवर अर्जुन पाल सिंह मारवाह ने लाजपत नगर वार्ड में ‘आप’ के प्रत्याशी सुभाष मल्होत्रा को हरा दिया।