Punjab Rajya Sabha Bypolls: पंजाब से राज्यसभा की एक सीट के लिए 24 अक्टूबर को होने वाले उपचुनाव में आम आदमी पार्टी ने (AAP) उद्योगपति राजिंदर गुप्ता को अपना उम्मीदवार बनाया है। ट्राइडेंट ग्रुप के मानद अध्यक्ष गुप्ता ने हाल ही में राज्य आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष और काली देवी मंदिर सलाहकार समिति के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था।
राज्यसभा की यह सीट संजीव अरोड़ा के इस्तीफे के बाद खाली हुई थी। उन्होंने हाल ही में लुधियाना वेस्ट विधानसभा उपचुनाव जीतकर विधायक बनने के बाद राज्यसभा की सदस्यता छोड़ दी थी। अरोड़ा इस समय भगवंत मान मंत्रिमंडल में मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। लुधियाना वेस्ट से अरोड़ा को उम्मीदवार बनाए जाने के बाद विपक्षी दलों ने कहा था कि दिल्ली विधानसभा चुनावों में पार्टी की करारी हार के बाद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल राज्यसभा जाएंगे। हालांकि बाद में केजरीवाल ने साफ किया कि उन्हें राज्यसभा में जाने में कोई दिलचस्पी नहीं है।
किसी उद्योगपति को राज्यसभा भेजने की इच्छुक आप
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, सूत्रों ने बताया कि पार्टी किसी उद्योगपति को राज्यसभा भेजने की इच्छुक है। इससे पहले केजरीवाल ने नाहर ग्रुप ऑफ कंपनीज के प्रमुख कमल ओसवाल से मुलाकात की थी। इससे यह अटकलें लगाई जा रही थीं कि वे आप के अगले राज्यसभा सदस्य होंगे। हालांकि, बाद में सूत्रों ने संकेत दिया कि ओसवाल ने इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया है।
पंजाब से राज्यसभा में आप के 6 सदस्य
पंजाब से राज्यसभा में आम आदमी पार्टी के छह सदस्य हैं। इसमें विक्रमजीत सिंह साहनी, बलबीर सिंह सीचेवाल, राघव चड्ढा, संदीप पाठक, हरभजन सिंह और अशोक मित्तल का नाम शामिल है। 2022 के विधानसभा चुनावों में आप ने 92 सीटें जीती हैं और पंजाब से सात सदस्यों को राज्यसभा भेज सकती है। पंजाब में पार्टी को अपने दिल्ली नेतृत्व के विरोध का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए कहा जा रहा है कि राज्य से ही किसी नेता को पार्टी चुनेगी। 117 सदस्यीय सदन में 93 विधायकों के साथ आम आदमी पार्टी के इस सीट पर जीत की पूरी संभावना है। इलेक्शन की अधिसूचना के अनुसार, नॉमिनेशन 6 अक्टूबर से शुरू होंगे और नॉमिनेशन फाइल करने की आखिरी तारीख 13 अक्टूबर होगी। वोटों की गिनती 24 अक्टूबर को होगी।
ये भी पढ़ें: सत्ता की बिसात पर नए मोहरे, पंजाब से तमिलनाडु तक राजनीति के पांच रंग