उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में 300 बेड वाला श्री राम अस्पताल बनेगा। इस बारे में श्री राम जन्मभूमि मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्रा ने रामनगरी के समग्र विकास के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि राम मंदिर निर्माण के साथ अब अयोध्या में स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इसी क्रम में उन्होंने कहा श्री राम अस्पताल को बड़े लेवल पर अपग्रेड किया जाएगा, इसे दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल सकेगी।
श्री राम अस्पताल में कई सुविधाएं
नृपेंद्र मिश्रा ने कहा, श्री राम अस्पताल में विभिन्न तरीके की स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसमें तत्काल निदान, टेस्ट, प्रारंभिक उपचार और गंभीर बीमारियों की देखभाल आदि शामिल रहेगी। इसके लिए मेडिकल डिवाइस खरीदी जाएंगी। इसके लिए भूमि उपलब्ध है पहले ही, केवल एएसआई से सहमति लेनी है। यह कार्य तत्काल प्रारंभ कर दिया जाएगा।
300 बेड वाला अस्पताल
आगे नृपेंद्र मिश्रा ने कहा, “यह अस्पताल में 300 बेड वाला अस्पताल होगा, इसका टेंडर हो गया है, निर्माण करने वाली एजेंसी भी चुन ली गई है। अब इसका निर्माण जल्द ही शुरू होने वाला है। आशा करता हूं कि एएसआई की स्वीकृति जल्द मिल जाएगी। कुछ कागजी कार्रवाई है, जो लखनऊ और दिल्ली से संबंधित है। सभी का सहयोग प्राप्त किया जाएगा जिससे जल्दी हो जाए।”
मोदी केयर ट्रस्ट बनाएगा कैंसर अस्पताल
उन्होंने कहा कि यहां मोदी केयर कैंसर ट्रस्ट द्वारा एक कैंसर अस्पताल भी बनाया जाएगा, जो हब-स्पोक मॉडल पर आधारित होगा। जिसमें निर्माण पूरा होने के दो साल के भीतर गंभीर निदान प्रक्रियाएं शुरू हो जाएंगी। इसके लिए अयोध्या के राजा से अनुरोध किया गया है कि वह अपनी संपत्ति में से 8 एकड़ दे दें। जिलाधिकारी से एनओसी लिया जा चुका है। अब निर्माण करने वाली संस्था और अयोध्या के राजा के बीच एक एग्रीमेंट होगा। संभवत: यहीं पर स्थानीय ट्रस्ट बनेगा और उसमें अयोध्या के राजा मनोनीत ट्रस्टी होंगे।
योजना के मुताबिक, दो साल के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर ओपीडी और जांच सेवाएं शुरू हो जाएगी। साथ ही रामकथा संग्रहालय में आईआईटी मद्रास के सहयोग से हनुमान जी की डिजिटल गैलरी बनेगी।
यह भी पढ़ें: अयोध्या के शौर्य, वैभव व पराक्रम के आगे नहीं टिक पाया कोई दुश्मनः योगी
