भारत के पूर्वोत्तर राज्य असम और पड़ोसी देश नेपाल में मानसूनी बारिश के चलते आई भीषण बाढ़ से लगभग चालीस लाख लोग विस्थापित हुए हैं। रविवार को जारी हुए आधिकारिक रिकॉर्ड से पता चलता है कि इस दौरान दर्जनों लोग लापता हो गए और कम से कम 210 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि चीन के तिब्बत, भारत और बांग्लादेश से होकर बहने वाली ब्रह्मपुत्र नदी ने फसलों को भारी नुकसान पहुंचाया। इससे भूस्खलन हुआ और लाखों लोग विस्थापित हो गए।
इधर असम में पांच और लोगों की मौत के साथ बाढ़ संबंधी घटनाओं में मरने वालों की संख्या 84 हो गई है। राज्य में बाढ़ एवं भूस्खलन के कारण मरने वालों की संख्या 110 हो गई है। आधिकारिक बुलेटिन में बताया गया कि राज्य के 33 जिलों में से 30 जिलों के करीब 27 लाख से ज्यादा लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। बाढ़ से सर्वाधिक 4.53 लाख लोग गोलपाड़ा में प्रभावित हुए हैं। बारपेटा में 3.44 लाख लोग और मोरीगांव में 3.41 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
Coronavirus in India Live Updates
असम के जल संसाधन मंत्री केशव महंत ने समाचार एजेंसी रॉयटर्स को बताया कि बाढ़ की स्थिति गंभीर बनी हुई है और अधिकांश नदियां खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं। बता दें कि असम को बाढ़ और कोरोनो वायरस महामारी से निपटने की दोहरी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। भारत में एक दिन में कोविड-19 के रिकॉर्ड 40,425 नए मामले सामने आने के बाद सोमवार को देश में संक्रमितों की कुल संख्या 11 लाख पार कर गई। वहीं, उपचार के बाद संक्रमण से मुक्त होने वाले लोगों की संख्या भी सात लाख से अधिक हो गई है।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार 681 और लोगों की जान जाने के बाद मरने वालों की संख्या 27,497 हो गई। मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में कोविड-19 के कुल मामलों की संख्या 11,18,043 मामले हो गई। भारत में महज तीन दिन में ही कोविड-19 के मामले 10 लाख से 11 लाख के पार पहुंच गए हैं। देश में अभी 3,90,459 मरीजों का इलाज जारी है और 7,00,086 लोग ठीक हो चुके हैं। वहीं, एक मरीज देश से बाहर चला गया है।
अधिकारियों के मुताबिक पड़ोसी देश नेपाल में सरकार ने दक्षिणी क्षेत्र के निवासियों को सतर्क रहने के लिए कहा है क्योंकि मानसून की भारी बारिश से हिमालयी देश में बाढ़ की आशंका बनी हुई है। नेपाल में जून के बाद से बाढ़ और भूस्खलन में 100 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।