Delhi Meerut Expressway: गाजियाबाद में दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर रविवार (19 फरवरी, 2023) को कोहरे के कारण 35 वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में एक व्यक्ति के घायल होने की खबर है। पुलिस के मुताबिक घटना सुबह करीब आठ बजे की है।

मामला गाजियाबाद में मसूरी थाना क्षेत्र में आने वाले दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे का है। मेरठ से दिल्ली जाने वाली साइट पर कोहरे की वजह से हादसा हुआ है। जानकारी के मुताबिक,किसी गाड़ी ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिसके बाद एक के बाद एक गाड़ियां पीछे से टकराती चली गईं। कई वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। इसमें एक रोडवेज बस भी हादसे का शिकार हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया है और क्षतिग्रस्त गाड़ियों को मौके से हटाया। बताया जा रहा है कि दिल्ली-एनसीआर में इन दिनों स्मॉग भी बढ़ रहा है जो कोहरे में घुलकर लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रहा है।

गाजियाबाद के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (ट्रैफिक) रामानंद कुशवाहा ने कहा, ‘सुबह घना कोहरा था और इस वजह से वाहन धीरे-धीरे चल रहे थे। ऐसे में कोहरे के कारण अचानक एक कार हाईवे पर रुक गई। इसी दौरान एक के बाद एक 35 वाहन आपस में टकरा गए। कुशवाहा ने बताया कि इस हादसे में एक वाहन चालक घायल हुआ है, जिसको पुलिस ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है।

कुशवाहा ने कहा कि ट्रैफिक पुलिस ने तुरंत राजमार्ग को खाली करवाया। इसमें अधिक क्षतिग्रस्त वाहनों में से कुछ को क्रेन द्वारा हटाया गया। जबकि अन्य वाहनों के चालक ने खुद हटाया। दिल्ली को मेरठ से जोड़ने वाले इस हाईवे पर पुलिस हर बार ट्रैफिक एडवाइजरी जारी करके लोगों को रफ्तार पर नियंत्रण रखने के लिए कहती है।

एक हफ्ता पहले नोएडा में सड़क हादसा हुआ था। -जिसमें होंडा कंपनी के कर्मचारियों को रोडवेज की बस ने कुचल दिया। इस हादसे में 4 लोगों की मौत हो गई जबकि 3 गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। हादसा उस समय हुआ जब कर्मचारी शिफ्ट खत्म कर घर जा रहे थे। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उनकी गंभीर हालत को देखते हुए इलाज के लिए दिल्ली रेफर कर दिया गया। घटना के बाद रोडवेज बस का चालक मौके से फरार हो गया। बस को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया था।