Ganpati Visarjan: महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में करीब 19 लोगों की मौत हो गई, जिनमें से 14 की डूबने से मौत हुई है। पुलिस ने बताया कि वर्धा जिले में सवांगी में तीन लोग डूब गए, जबकि एक अन्य देवली में डूब गया। उन्होंने बताया कि यवतमाल जिले में मूर्ति विसर्जन के लिए गए दो लोगों की तालाब में डूबने से मौत हो गई।

गौरतलब है कि 31 अगस्त से शुरू हुआ 10 दिवसीय गणेश उत्सव शुक्रवार को समाप्त हो गया। अधिकारियों के अनुसार, अहमदनगर जिले के सुपा और बेलवंडी में अलग-अलग घटनाओं में दो लोगों की डूबने से मौत हो गई। उत्तरी महाराष्ट्र के जलगांव जिले में दो अन्य की मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पुणे के ग्रामीण हिस्से धुले, सतारा और सोलापुर शहर में एक-एक की मौत हो गई। वहीं गणेश विसर्जन के दौरान नागपुर शहर के सक्करदरा इलाके में एक सड़क दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई।

नगर निगम के एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे में बारिश के बीच कोलबाद इलाके में एक गणेश पंडाल पर पेड़ गिरने से 55 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। घटना शुक्रवार देर रात की है। अधिकारी ने बताया, ‘जब मूर्ति विसर्जन के लिए भगवान गणेश की आरती चल रही थी, तब पंडाल पर एक विशाल पेड़ गिर गया। हादसे में महिला राजश्री वालावलकर गंभीर रूप से घायल हो गई। सभी घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया।

इस बीच, रायगढ़ जिले के पनवेल में एक जुलूस के दौरान बिजली का करंट लगने से नौ साल की बच्ची सहित कम से कम 11 लोग घायल हो गए। अधिकारी ने बताया कि घटना वाडघर कोलीवाड़ा में शुक्रवार शाम को बिजली जनरेटर की एक केबल टूट जाने के बाद हुई। उन्होंने कहा कि उनमें से कुछ को एक निजी अस्पताल ले जाया गया। अन्य को पनवेल के एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया। फिलहाल सभी की हालत ठीक है। मूर्तियों के विसर्जन के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में कानून व्यवस्था से जुड़ी कुछ घटनाएं भी सामने आईं।

एक अधिकारी ने बताया कि अहमदनगर जिले के तोफखाना में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और शिवसेना अध्यक्ष उद्धव ठाकरे के समर्थकों के बीच हाथापाई भी हो गई।