पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को पटियाला सीट से हार का सामना करना पड़ा। आम आदमी पार्टी (AAP) के उम्मीदवार अजितपाल सिंह कोहली ने उन्हें 19,873 मतों से हराया। विधानसभा चुनाव 2022 से पहले उन्होंने कांग्रेस से अलग होकर अपनी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस बनाई थी। पार्टी भाजपा के साथ गठबंधन करके चुनाव लड़ने में उतरी थी।
कैप्टन साल 2017 के चुनाव में पटियाला सीट से शानदार जीत दर्ज की थी। तब उन्होंने आम आदमी पार्टी के डॉ. बलबीर सिंह को 52 हजार से अधिक मतों के अंतर से हराया था। कांग्रेस को तब 77 सीटें मिली थीं और अमरिंदर सीएम बने थे। वह यहां से लगातार चार बार विधायक रहे। साल 2002, 2007, 2012 और 2017 में उन्हें यहां से जीत मिली थी।
पिछले साल सितंबर में कांग्रेस को कहा अलविदा – इसके अलावा साल 2014 में वह अमृतसर लोकसभा सीट से चुनाव लड़े थे और भाजपा के कद्दावर नेता दिवंगत अरूण जेटली के खिलाफ जीत हासिल की थी। इसके बाद उन्होंने विधानसभा सीट छोड़ दी थी। उपचुनाव में उनकी पत्नी परनीत कौर को इस सीट से जीत मिली थी। पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष नवजोत सिंह सिंद्धू के साथ तकरार के बाद पिछले साल सितंबर में कैप्टन ने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के साथ-साथ पार्टी छोड़ दी थी।
अजितपाल सिंह कोहली के बारे में जानें- पटियाला सीट से कैप्टन को पटखनी देने वाले अजितपाल सिंह कोहली पूर्व महापौर रहे हैं। उनके परिवार के सदस्य शिरोमणी अकाली दल से चुनाव लड़ते रहे हैं। कोहली को इस बार आप की टिकट पर चुनाव लड़ा। साल 2011 में वह आकाली दल की टिकट पर महापौर बने थे। उनके पिता सुरजीत सिंह कोहली अकाली दल के टिकट पर चुनाव लड़कर पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री भी रह चुके हैं। विधानसभा चुनाव से ठीक पहले वह आम आदमी पार्टी में शामिल हुए थे।
आम आदमी पार्टी का जलवा- पंजाब विधानसभा चुनाव के नतीजों की बात करें तो आम आदमी का जलवा दिखाई दे रहा है। पार्टी प्रंचड जीत के साथ यहां सरकार बनाती दिखाई दे रही है। गौरतलब है कि राज्य में 20 फरवरी को 117 सीटों पर मतदान हुआ था। इस दौरान 72 फीसदी वोटिंग हुई थी। चुनाव से पहले पार्टी ने भगवंत मान को अपना सीएम कैंडिडेट घोषित किया था।