कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन पर शनिवार को गहरा दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। सोनिया ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में जेटली के योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। वहीं मनमोहन ने कहा कि देश ने ऐसा नेता खो दिया है जिन्होंने हमेशा समाज की बेहतरी के लिए काम किया।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने उनके निधन पर दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। गांधी ने ट्वीट कर कहा, ‘अरुण जेटली जी के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।’
वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और गृहमंत्री अमित शाह, बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाली समेत तमाम मंत्रियों और नेताओं ने अरुण जेटली के आवास पर जाकर श्रद्धांजलि दी। वहीं विदेश दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जेटली के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। पीएम ने जेटली के परिवार से फोन पर बातचीत की। जेटली के परिवार ने पीएम से अपनी विदेश यात्रा को रद्द नहीं करने की अपील की। जेटली का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा।
Arun Jaitley Death LIVE News Updates
जेटली (66) को सांस लेने में दिक्कत और बेचैनी की शिकायत के बाद 9 अगस्त को एम्स लाया गया था। एम्स ने 10 अगस्त के बाद से जेटली के स्वास्थ्य पर कोई बुलेटिन जारी नहीं किया है। जेटली ने खराब स्वास्थ्य के चलते 2019 का लोकसभा चुनाव नहीं लड़ा था।
जेटली का अंतिम संस्कार रविवार को किया जाएगा। बीजेपी नेता सुधांशु मित्तल के मुताबिक रविवार दोपहर निगमबोध घाट में अंतिम संस्कार किया जाएगा। अंतिम यात्रा से पहले सुबह उनके पार्थिव शरीर को भाजपा मुख्यालय ले जाया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद के अध्यक्ष शशांक मनोहर ने पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत नेता के साथ अपनी मित्रता को याद किया।मनोहर ने हाल ही में दिल्ली में जेटली से मुलाकात की थी, जिन्होंने लंबी बीमारी के बाद शनिवार को अंतिम सांस ली।
अमेरिका और फ्रांस समेत कई देशों के शीर्ष राजनयिकों ने पूर्व वित्त मंत्री के निधन पर शोक जताते हुए उन्हें बेहतर राजनीतिज्ञ करार दिया। भारत में फ्रांस के राजदूत एलेक्जेंडर जिगलर ने ट्वीट कर कहा, 'फ्रांस की ओर से मैं श्री अरूण जेटली जी के परिवार और परिजन के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना प्रकट करता हूं।'
भारत में अमेरिकी राजदूत केन जस्टर ने कहा कि अरूण जेटली के निधन की खबर बहुत दुखदायक है। भारत में चीन के राजदूत सुन विडोंग ने दिवंगत राजनेता के परिजन के प्रति संवेदना प्रकट की। भारत में यूरोपीय संघ के दूत टी. कोजलोवस्की ने कहा, 'अरूण जेटली के निधन की खबर से बेहद दुखी हूं । भारत, देश की जनता और उनके परिजन के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।'
पूर्व वित्त मंत्री जेटली के वित्त सचिव के तौर पर काम कर चुके चुनाव आयुक्त अशोक लवासा ने शनिवार को कहा कि उनके साथ काम करना सीखने के लिहाज से एक अच्छा अनुभव था। लवासा ने ट्वीट किया, ‘‘वित्त सचिव के तौर पर उनके साथ काम करना सीखने के लिहाज से एक बेहतर अनुभव था। वह बहुत धैर्यवान, व्यावहारिक, सकारात्मक, बेहतरीन स्मरणशक्ति वाले और ज्ञानी थे।’’
हरियाणा सरकार ने जेटली के सम्मान में दो दिवसीय राजकीय शोक मनाने का फैसला किया है। यहां मुख्य सचिव कार्यालय की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार राज्य में जिन भवनों पर नियमित रूप से राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाता है वहां 24 और 25 अगस्त को तिरंगा आधा झुका रहेगा और इस दिन किसी आधिकारिक कार्यक्रम का आयोजन नहीं होगा।
कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शनिवार को दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। गांधी ने ट्वीट कर कहा, 'अरुण जेटली जी के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। उनके परिवार और मित्रों के प्रति मेरी संवेदना है। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे।'
बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी ने जेटली के आवास पर जाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
जेटली के निधन पर दुख जताते हुए पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा कि देश ने ऐसा नेता खो दिया है जिन्होंने हमेशा समाज की बेहतरी के लिए काम किया। उन्होंने जेटली की पत्नी संगीता जेटली को शोक संदेश भेजकर दुख जताया। सिंह ने कहा, 'मुझे हमारे प्रिय अरुण जेटली जी के असामयिक निधन की दुखद और स्तब्ध करने वाली खबर सुनकर बहुत दुख हुआ।'
बीसीसीआई ने शनिवार को अरूण जेटली के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए उन्हें ‘असाधारण राजनेता’ और ‘सक्षम और सम्मानित’ क्रिकेट प्रशासक करार दिया। बीसीसीआई ने प्रेस विज्ञप्ति में कहा, ‘‘जेटली असाधारण राजनेता थे और जुनूनी क्रिकेट प्रशंसक थे। उन्हें हमेशा क्रिकेट के सक्षम और सम्मानित प्रशासकों में से एक के रूप में याद रखा जायेगा।’’
भारत के प्रधान न्यायाधीश रंजन गोगोई ने शनिवार को कहा कि अरुण जेटली के निधन से देश ने ‘‘एक प्रख्यात वरिष्ठ अधिवक्ता एवं कद्दावर नेता’’ को खो दिया है। प्रधान न्यायाधीश ने ‘पीटीआई’ से कहा, ‘‘अरुण जेटली के जाने से निजी तौर पर मैं बेहद दुखी हूं।’’
जेटली के निधन पर बिहार में दो दिनों का राजकीय शोक घोषित किया गया।
पूर्व वित्त मंत्री जेटली का पार्थिव शव ऑल इंडिया इंस्टिट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस (एम्स) से उनके दिल्ली स्थित निवास पर लाया गया।
केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन और भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने अरुण जेटली को श्रद्धांजलि दी। जेटली को श्रद्धांजलि देने वालों में पीएममो में राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह भी शामिल रहे।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली ने निधन पर शोकाकुल परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। अखिलेश ने ट्वीट कर कहा, 'अरुण जेटली जी एक कुशल वक़्ता, सफल अधिवक्ता और सौम्य राजनीतिज्ञ के रूप में सदैव स्मरणीय रहेंगे. विनम्र श्रद्धांजलि! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करे.'
भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली साल 2000 से 2012 के बीच तीन बार गुजरात से राज्यसभा सांसद रहे। जेटली पहली बार वाजयेपी सरकार में मंत्री बने।
लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने भाजपा नेता अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया। बिरला ने कहा कि मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली अब हमारे बीच नहीं रहे।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन के बावजूद प्रधानमंत्री के विदेश दौरे में कोई बदलाव नहीं होगा। पीएम मोदी अपना विदेश दौरा पूरा करने के बाद तय समय पर ही देश लौटेंगे।
पूर्व राष्ट्रपति और भारत रत्न प्रणब मुखर्जी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन पर संवेदना व्यक्त की। मुखर्जी ने कहा कि अरुण जेटली बुद्धि, ज्ञान और तर्क की आवाज वाले राजनेता थे।
भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया। नड्डा ने कहा कि अरुण जेटली पार्टी और देशसेवा के लिए प्रति पूरी तरह से समर्पित थे। उन्होंने कहा कि भगवान उनके परिवार को यह दुख सहने की क्षमता प्रदान करे।
अरुण जेटली 1989 में महज 37 साल की उम्र में ही एडिशनल सॉलिसिटर जनरल बनाया गया। एएसजी के रूप में उन्हें बोफोर्स केस की जिम्मेदारी मिली। साल 1991 उन्हें राष्ट्रीय कार्यकारिणी का सदस्य बनाया गया।
छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह ने दिल्ली में मंत्री के रूप में अपने कार्यकाल की यादें ताजा की। रमन सिंह ने कहा कि जेटली बेहतर चुनाव प्रबंधक थे। उन्होंने बताया कि जेटली ने छत्तीसगढ़ के निर्माण में अहम भूमिका अदा की। जेटली का जाना हम सब के लिए दुखद क्षण है। मैं उनके परिवार के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता हूं।
विधि मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भाजपा के वरिष्ठ नेता ने जेटली के निधन को अपनी व्यक्तिगत क्षति बताया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह अरुण जेटली के साथ छात्र जीवन से ही रहे हैं। हम दोनों ने इमरजेंसी, अटल बिहारी वाजपेयी सरकार और मोदी सरकार में भी साथ रहे। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आज मैं जो भी हूं जेटली की वजह से हूं। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि मैं बहुत भावुक हूं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का दिल्ली के निगम बोध घाट पर अंतिम संस्कार होगा। भाजपा नेता सुधांशु मित्तल ने इस बात की जानकारी दी। मित्तल ने कहा कि उनके निवास से पार्थिव शरीर को लेकर पार्टी मुख्यालय ले जाया जाएगा।
भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली का पार्थिव शरीर रविवार को दोपहर 11 बजे पार्टी कार्यालय पर रखा जाएगा। यहां पार्टी कार्यकर्ता अपने दिवंगत नेता के अंतिम दर्शन करेंगे।
बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भाजपा नेता अरुण जेटली के निधन पर उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। राबड़ी ने ट्वीट में लिखा, 'पूर्व केंद्रीय मंत्री श्री #अरुण_जेटली जी के निधन की दुःखद ख़बर से व्यथित हूँ। दुःख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएँ उनके परिवार के साथ है।भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।'
जोधपुर से सांसद और केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा, ‘‘भाजपा परिवार के श्रद्धेय, अग्रज, संगठन के प्रबुद्ध स्तम्भ अरुण जेटली का जाना अत्यन्त दुखदाई है।’’ शेखावत ने ट्वीट किया, ‘‘उन्होंने संगठन और सरकार में विभिन्न पदों पर गरिमा से अपना कर्तव्य निभाया है। मेरे जैसे सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के लिए आदरणीय अरुण जेटली हमेशा एक मार्गदर्शक की तरह थे।’’
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पूर्व केन्द्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। कमल नाथ ने अपने शोक संदेश में कहा कि जेटली उच्च कोटि के विधि विशेषज्ञ होने साथ ही एक उत्कृष्ट राजनेता थे। जेटली देशहित से जुड़े मुद्दों पर विचारों की स्पष्ट अभिव्यक्ति के कारण पहचाने जाते थे।
बीकानेर से सांसद व केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल ने ट्वीट किया, ‘‘भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व वित्त मंत्री, मेरे वरिष्ठ सहयोगी और मार्गदर्शक अरुण जेटली जी के निधन से मन अत्यंत दुखी है।’’ मेघवाल ने कहा कि जेटली का निधन भाजपा परिवार ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण राजनीतिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया। गहलोत ने लिखा, ‘‘पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के असामयिक निधन के समाचार से दुखी हूं।’’ गहलोत ने जेटली के परिजनों के प्रति सांत्वना जताई। इस बीच, उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने जेटली के निधन को देश के लिए बड़ी क्षति बताया है। उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘यह सुनकर गहरा दुख हुआ कि जेटली नहीं रहें।’’ पायलट ने कहा कि जेटली के योगदान को देखते हुए उनका जाना देश के लिए बड़ी क्षति है।
भाजपा के वरिष्ठ नेता का रविवार को अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह जानकारी जेटली के करीबी लोगों की तरफ से कही गई। जेटली के शव को एम्स से उनके कैलाश कॉलोनी स्थित निवास पर ले जाया जाएगा। इसके बाद उनके शव को अंतिम दर्शन के लिए रखा जाएगा।
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया। नीतीश कुमार ने कहा, 'भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली जी का निधन दुःखद। उन्होंने उच्च राजनीतिक मूल्यों एवं आदर्शों की बदौलत सार्वजनिक जीवन में उच्च शिखर को प्राप्त किया। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें।'
बसपा प्रमुख मायावती ने पूर्व वित्त मंत्री और भाजपा नेता अरुण जेटली के निधन पर शोक व्यक्त किया। मायावती ने ट्वीट में कहा, 'पूर्व केन्द्रीय वित्त/रक्षा मंत्री व बीजेपी के प्रमुख नेता श्री अरुण जेठली के निधन की खबर अति-दुःखद। वे बीमार थे व उनका हालचाल लेने हाल ही में मैं एम्स गयी थी। वे नामी वकील व अच्छे इंसान थे। देश की राजनीति में उनके योगदान को भुलाया नहीं जा सकेगा। उनके परिवार के प्रति गहरी संवेदना'
उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने अरुण जेटली के राजनीति में योगदान को याद किया। उपराष्ट्रपति ने कहा कि जेटली को उनके तार्किक भाषणों के लिए याद किया जाएगा। नायडू ने कहा कि राज्यसभा में जेटली का कार्य उनके साथ ही सदन के लिए अभिनंदनीय है।
उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के साथ अपनी यादे साझा की। रावत ने कहा कि जेटली अनुशासन प्रिय थे। भाजपा कार्यकर्ता के रूप में वह हमेशा अनुशासन को तव्वज्जो देते थे। उन्होंने कहा था कि जेटली शुचिता और संस्कार की बात करते थे।
पीएम मोदी इस समय विदेश दौरे पर हैं। प्रधानमंत्री ने अरुण जेटली के निधन के बाद उनकी पत्नी संगीता जेटली और बेटी से बात की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार जेटली के परिवार ने पीएम से अपना विदेश दौरा रद्द या छोटा नहीं करने की अपील की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली के निधन पर दुख व्यक्त किया। पीएम मोदी ने कहा कि जेटली के निधन से उन्हें दुख है। पीएम ने जेटली के परिवार से फोन पर बातचीत की। पीएम ने कहा कि मैंने अपना एक मूल्यवान दोस्त खो दिया। जेटली एक मुखर नेता थे।
पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद ने दुख जताया। कोविंद ने कहा कि अरुण जेटली के पास अपनी जिम्मेदारियों को निभाने की अद्भुत क्षमता थी।
अरुण जेटली के निधन के बाद लोकसभा स्पीकर एम्स पहुंच गए हैं। पूर्व वित्त मंत्री के निधन से पहले सभी दलों के शीर्ष राजनेता लगातार एम्स में उनका हालचाल लेने पहुंच रहे थे।
पूर्व वित्त मंत्री अरुण जेटली के निधन पर शनिवार को कांग्रेस ने दुख जताया और उनके परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की। पार्टी ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से कहा, ‘‘हमें अरुण जेटली जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में हमारी संवेदनाएं और प्रार्थना उनके परिवार के साथ हैं।’’ गौरतलब है कि जेटली का शनिवार को एम्स में निधन हो गया। वह 66 साल के थे। उनका पिछले कई दिनों से उपचार चल रहा था।
केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने अरुण जेटली के निधन पर दुख जताया। गडकरी ने कहा कि देश को अरुण जेटली की कमी हमेशा खलेगी।