गुजरात के वड़ोदरा शहर में पुलिस ने छत्रपति शिवाजी महाराज पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। वड़ोदरा तालुका थाने के एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि आरोपी की पहचान आर्यन पटेल के रूप में हुई है। आरोपी ने अपने एक दोस्त के साथ हुई बहस के दौरान शिवाजी महाराज पर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की।
शिवाजी महाराज पर टिप्पणी के बाद FIR दर्ज
पुलिस ने बताया कि आरोपी की टिप्पणी का एक व्यक्ति ने वीडियो बना लिया और इसे सोशल मीडिया पर डाल दिया। पुलिस निरीक्षक ए यू गोहिल ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शुक्रवार की रात एफआईआर दर्ज की गई और उसे शनिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। एफआईआर के अनुसार शिकायतकर्ता दीपक पालकर ने आरोप लगाया कि आरोपी ने पब्लिक प्लेस पर छत्रपति शिवाजी महाराज के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे हिंदू समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं।
शिकायतकर्ता ने कहा कि उसे व्हाट्सऐप पर आरोपी का वीडियो प्राप्त हुआ था, जिसमें वह सबके सामने शिवाजी महाराज के लिए अभद्र भाषा का इस्तेमाल करता दिखता है। आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 153(ए) (विभिन्न समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देना) और 294B (सार्वजनिक स्थल पर अश्लील शब्द बोलना) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
छत्रपति शिवाजी महाराज का जन्म 1630 में हुआ था, जिन्हें अत्यंत वीर और साहसी व्यक्तित्व माना जाता है। उनकी मृत्यु के तीन शताब्दियों से अधिक समय बाद भी वह सभी प्रमुख राजनीतिक दलों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
महाराष्ट्र के भिवंडी से भी सामने आया था मामला
इससे पहले महाराष्ट्र की भिवंडी पुलिस ने मराठा सम्राट छत्रपति शिवाजी महाराज के खिलाफ आपत्तिजनक फेसबुक पोस्ट करने के आरोप में एक 16 वर्षीय लड़के को हिरासत में लिया था। ठाणे पुलिस के अनुसार बजरंग दल के कुछ सदस्यों के साथ भिवंडी निवासी की शिकायत के बाद दूसरों की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने और विभिन्न समुदायों के बीच दुश्मनी पैदा करने के आरोप में एक प्राथमिकी दर्ज की गई थी। बाद में नाबालिग लड़के को हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के अनुसार भिवंडी के एक ऑटो-रिक्शा चालक और डेटा एंट्री ऑपरेटर उदय पवार ने शिकायत दर्ज कराई थी। पवार ने अपनी शिकायत में कहा कि उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट देखी, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुईं।