नई दिल्ली। युवा कांग्रेस ने चुनावी वादों को पूरा करने में नरेंद्र मोदी सरकार की कथित नाकामी के खिलाफ गुरुवार को प्रदर्शन किया और पुलिस को उस समय लाठी चार्ज करना पड़ा जब प्रदर्शनकारियों ने संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया।
जंतर-मंतर पर पुलिस के साथ झड़प के बाद युवा कांग्रेस के करीब 150 कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। कांंग्रेस ने भाजपा नीत राजग की ‘नाकामी’ को उजागर करने के लिए ‘जन आक्रोश रैली’ का आयोजन किया था। इसमें देश के 22 राज्यों के युवा शामिल हुए। प्रदर्शनकारी दिन में करीब 11 बजे रैली के लिए एकत्र हुए थे। उन्होंने संसद मार्ग पर पुलिस अवरोधकों (बेरिकेड) को तोड़ कर संसद की ओर मार्च करने का प्रयास किया। इसके बाद पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया गया और उन्हें पुलिस स्टेशन ले जाया गया। बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया। युवा कांग्रेस ने एक बयान में कहा, ‘रैली का उद्देश्य मोदी सरकार की नाकामी को उजागर करना था। वादों को पूरा नहीं करना, यूपीए की योजनाओं की नए सिरे से पैकेजिंग के जरिए भारतीय मतदाताओं की आंखों में धूल झोंकना, सीमा पर बिगड़ती स्थिति और महंगाई आदि मुद्दों को प्रदर्शन के दौरान प्रमुखता से उठाया गया।’
मोदी पर निशाना साधते हुए बयान में कहा गया है, जिन्होंने ‘56 इंच का सीना होने का दावा किया’ और नियंत्रण रेखा के उल्लंघन को लेकर यूपीए नेतृत्व की आलोचना की, उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ एक शब्द ‘नहीं कहा है।’ पार्टी ने कहा, ‘इसी प्रकार जो व्यक्ति जोर देकर कह रहे थे कि देश नहीं झुकने दूंगा…,चीनी सेना बार-बार नियंत्रण रेखा का उल्लंघन कर रही थी और भारतीय सीमा में घुसपैठ कर रही थी, मोदी चीनी नेता की अगवानी में व्यस्त थे और उन्होंने गंभीर घुसपैठ में कोई बयान नहीं दिया।’
युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया, ‘और, भाजपा सरकार ने गुजरात में भारत के ऐसे नक्शे वितरित किए जिसमें अरुणाचल प्रदेश और जम्मू कश्मीर को चीन के साथ विवादित क्षेत्र के रूप में दर्शाया गया था। क्या चीनियों को खुश करने के लिए राष्ट्रीय अखंडता की बलि दे दी गई।’ भारतीय युवा कांग्रेस के अध्यक्ष राजीव सातव ने मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह अपनी निजी छवि चमका रहे हैं। दिग्विजय सिंह, सचिन पायलट, जितिन प्रसाद और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अरविंदर सिंह लवली जैसे प्रमुख नेताओं ने भी रैली में भाग लिया। वे लोग प्रदर्शन के हिंसक होने के पहले ही वहां से चले गए थे। बाद में, कई युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उस परिसर की सफाई की, जहां प्रदर्शन आयोजित किया गया था।
प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अमित मलिक ने कहा, ‘हम स्वयं ही प्रदर्शन स्थल की सफाई कर रहे हैं क्योंकि हम चाहते हैं कि यह स्थान साफ रहे। प्रदर्शन के दौरान, कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर पानी की बोतलें फेंक दी थीं। उसके बाद हम स्थल की सफाई कर रहे हैं।’