दिग्गज अभिनेता रजनीकांत उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। हाल ही में उनकी फिल्म ‘जेलर’ रिलीज हुई है और उसी के संबंध में रजनीकांत अलग-अलग राज्यों के दौरे कर रहे हैं। शनिवार को रजनीकांत ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। जब रजनीकांत योगी आदित्यनाथ से मिले तो पैर छूकर उन्होंने उनका आशीर्वाद लिया।

रजनीकांत का योगी आदित्यनाथ का पैर छूना काफी चर्चा में बना हुआ है। वहीं रविवार को रजनीकांत ने उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। अखिलेश यादव ने गले लगाकर रजनीकांत का अपने आवास पर स्वागत किया।

अखिलेश यादव ने रजनीकांत से मुलाकात की फोटो सोशल मीडिया प्लेटफार्म X पर शेयर किया। अखिलेश यादव ने ट्वीट करते हुए लिखा, “जब दिल मिलते हैं तो लोग गले मिलते हैं। मैसूर में इंजीनियरिंग की पढ़ाई के दौरान पर्दे पर रजनीकांत जी को देखकर जितनी ख़ुशी होती थी वो आज भी बरकरार है। हम 9 साल पहले व्यक्तिगत रूप से मिले और तब से दोस्ती है।”

इस बीच रजनीकांत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, ”नौ साल पहले मैं मुंबई में एक समारोह में अखिलेश से मिला था। तब से हमारी दोस्ती जारी है और हम फोन पर बात करते हैं। मैं पांच साल पहले एक शूटिंग के लिए यहां आया था, (लेकिन) अखिलेश वहां नहीं थे और उनसे नहीं मिल सका। वह अब यहां हैं और मैं उनसे मिला हूं।”

रजनीकांत अयोध्या भी जाएंगे और वहां रामलला के दर्शन करेंगे। रजनीकांत का उत्तर प्रदेश दौरा सुर्खियों में छाया हुआ है। सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा हो रही है। कई लोग रजनीकांत द्वारा उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैर छूने पर उनको ट्रोल भी कर रहे हैं। वहीं कई कह रहे हैं कि उन्होंने योगी आदित्यनाथ का पैर इसलिए छुआ क्योंकि वह गोरक्षपीठाधीश्वर के मुख्य महंत हैं।

बता दें कि रजनीकांत को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ उनकी फिल्म जेलर भी देखनी थी लेकिन यह संभव नहीं हो पाया। ऐसा इसलिए क्योंकि मुख्यमंत्री योगी के कई कार्यक्रम थे और उनमें व्यस्तता के चलते योगी आदित्यनाथ रजनीकांत के साथ उनकी फिल्म जेलर नहीं देख पाए।