हरियाणा और दिल्ली सरकार के बीच यमुना के पानी को लेकर घमासान मचा हुआ है। हाल ही में आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि भाजपा सरकार दिल्ली की पानी सप्लाई में जहर घोल रही है। जिसके बाद हरियाणा सरकार ने दिल्ली के पूर्व CM के खिलाफ केस किया है। सोनीपत की अदालत ने केजरीवाल के बयान के लिए उन्हें 17 फरवरी को तलब किया है। इस सबके बीच आज हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी ने दिल्ली के पल्ला गांव में यमुना नदी से पानी का एक घूंट पिया था, जिसे लेकर अब बवाल मचा है।

आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने हरियाणा के सीएम सैनी पर आरोप लगाया कि उन्होंने यमुना का पानी पीने का ढोंग किया और फिर वही पानी वापस यमुना में थूक दिया। केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “जब मैंने कहा कि अमोनिया की मिलावट के कारण यमुना का पानी दिल्लीवालों की जान के लिए ख़तरा हो सकता है तो इन्होंने मुझ पर FIR करने की धमकी दी। जिस ज़हरीले पानी को ये खुद नहीं पी सकते, वही पानी दिल्ली की जनता को पिलाना चाहते हैं। मैं ऐसा हरगिज़ नहीं होने दूंगा।”

नायब सैनी ने यमुना का पानी पीने का नाटक किया- आप

वहीं, इस मुद्दे पर आप की राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा, ‘यह बहुत शर्मनाक है कि नायब सिंह सैनी ने पहले तो यमुना का पानी पीने का नाटक किया और फिर उसे वापस यमुना में बहा दिया, बीजेपी ऐसी घटिया राजनीति कर रही है। मैं नायब सिंह सैनी को उस जगह पर आमंत्रित करना चाहूंगी जहां से यमुना का पानी दिल्ली में प्रवेश करता है। मैं उन्हें पीने के लिए एक पूरा गिलास पानी दूंगी और यह भी सुनिश्चित करूंगी कि वह थूकें नहीं।”

अरविंद केजरीवाल ने राजनीतिक फायदे के लिए बयान दिया- सीएम सैनी

इससे पहले बुधवार को नायब सैनी ने दिल्ली के पल्ला गांव में यमुना नदी से पानी का एक घूंट लिया था। इस दौरान उन्होंने कहा, ”अरविंद केजरीवाल द्वारा एक दुर्भाग्यपूर्ण बयान अपने राजनीतिक फायदे के लिए और लोगों के मन में डर पैदा करने के लिए दिया गया था। आज मैं यहां यमुना नदी के तट पर आया हूं और यमुना से पानी का एक घूंट लिया है। केजरीवाल ने कहा कि हरियाणा की भाजपा सरकार ने यमुना नदी के पानी में जहर मिलाया और बड़े पैमाने पर नरसंहार की बात कही। जल संसाधन प्राधिकरण ने यहां से नमूने लिए और पानी में कोई जहर नहीं मिला।”

नायब सैनी ने पिया यमुना का पानी, केजरीवाल को सोनीपत कोर्ट ने भेजा नोटिस

आप ने लगाया था बीजेपी पर यमुना के पानी में जहर मिलाने का आरोप

यह विवाद तब शुरू हुआ था जब आप संयोजक केजरीवाल ने केजरीवाल ने सोमवार को आरोप लगाया था कि भाजपा शासित हरियाणा ने दिल्ली को आपूर्ति किये जाने वाले यमुना के पानी में जहर मिला दिया है और राजधानी में नरसंहार की कोशिश कर रहा है।

केजरीवाल की इस टिप्पणी से राजनीतिक विवाद हो जाने के बाद उन्होंने पानी में जहर मिलाने के अपने बयान पर सफाई देते हुए कहा कि इसका मतलब है कि यमुना के पानी में अमोनिया का स्तर बढ़ गया है। केजरीवाल ने यह भी कहा था कि हरियाणा से प्राप्त कच्चे पानी में अमोनिया का स्तर इतना अत्यधिक है कि दिल्ली के जल उपचार संयंत्र इसे मानव उपभोग के लिए सुरक्षित और स्वीकार्य सीमा तक कम करने में असमर्थ हैं। पढ़ें- केजरीवाल ने दी ECI को सफाई, बोले- स्वास्थ्य संकट के लिए था मेरा बयान