भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल खत्म हो चुका है। अब जल्द ही बीजेपी को नया अध्यक्ष मिलने वाला है। हाल ही में भाजपा की एक हाई लेवल मीटिंग हुई थी, जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के भी पदाधिकारी शामिल हुए थे। माना जा रहा है कि अगला भाजपा अध्यक्ष ओबीसी समाज से हो सकता है या फिर किसी महिला को पार्टी की कमान दी जा सकती है। हालांकि आधिकारिक तौर पर अभी तक कोई जानकारी नहीं शेयर की गई है।

राजनाथ सिंह के घर पर हुई बैठक

देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के घर पर कुछ दिन पहले ही लंबी बैठक चली है। यह बैठक करीब 5 घंटे लंबी थी और इसमें नए अध्यक्ष को लेकर मंथन किया गया। संगठन महासचिव बीएल संतोष भी इसमें शामिल हुए। वहीं आरएसएस की ओर से सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबले और और संयुक्त सरकार्यवाह अरुण कुमार इसमें शामिल हुए।

माना जा रहा है कि पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष के लिए जमीनी नेता की तलाश कर रही है। महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और यूपी के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का नाम भी अध्यक्ष पद के लिए तेजी से चल रहा है। हालांकि इसको लेकर आधिकारिक तौर पर कुछ नहीं कहा गया है।

बीजेपी के लिए क्यों बेहद महत्वपूर्ण हैं उत्तर प्रदेश की 10 सीटों के उपचुनाव, नहीं जीते तो क्या होगा?

क्या किसी महिला को मिल सकती है पार्टी की कमान?

माना जा रहा है कि बीजेपी का अगला अध्यक्ष कोई महिला या फिर ओबीसी समाज से हो सकता है। अभी तक बीजेपी ने किसी महिला को अध्यक्ष नहीं बनाया है। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की थी, जिसके बाद उनके नाम की चर्चा और तेज हो गई थी। तो वहीं केशव प्रसाद मौर्य लगातार दिल्ली के दौरे कर रहे हैं और बड़े नेताओं से मुलाकात कर रहे हैं।

पिछला लोकसभा चुनाव बीजेपी ने जेपी नड्डा की अध्यक्षी में लड़ा तो वहीं 2019 लोकसभा चुनाव के दौरान बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह थे, जिनके नेतृत्व में पार्टी ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया था। बीजेपी को अकेले 303 लोकसभा सीटें हासिल हुई थीं। वहीं 2014 के लोकसभा चुनाव में अध्यक्ष राजनाथ सिंह थे।