Who Shivsena First CM Manohar Joshi: महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री और शिवसेना के वरिष्ठ नेता मनोहर जोशी का शुक्रवार तड़के 3.02 बजे निधन हो गया। 86 साल के जोशी को हार्ट अटैक आने के बाद 21 फरवरी को मुंबई के हिंदुजा अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मनोहर जोशी करीब 5 दशक तक राजनीति में सक्रिय रहे। उनका राजनीतिक करियर मुंबई नगर निदम के पार्षद के रूप में शुरू हुआ था। जिसके बाद उन्होंने महापौर, विधान परिषद सदस्य, विधायक, लोकसभा और राज्यसभा सांसद और केंद्रीय मंत्री तक बने। इतना ही नहीं एनडीए सरकार के दौरान वो 2002 से 2004 कर लोकसभा अध्यक्ष भी रहे। उस वक्त देश के प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी थे।
साल 1995 में शिवसेना महाराष्ट्र में पहली बार सत्ता में आई थी। तब उसने बीजेपी के साथ मिलकर सरकार बनाई थी। सत्ता की कमान शिवसेना को मिली थी। इस दौरान बाल ठाकरे ने अपने सबसे भरोसेमंद माने जाने वाले मनोहर जोशी को मुख्यमंत्री बनाया था। इस तरह जोशी शिवसेना के पहले मुख्यमंत्री बने थे।
मनोहर जोशी 14 मार्च,1995 को मुख्यमंत्री बने और 31 जनवरी 1999 तक इस पद पर रहे। इस तरह मनोहर जोशी ने 3 साल 323 दिन कार्यभार संभाला, लेकिन पांच साल का कार्यकाल पूरा नहीं कर सके।
जोशी मूल रूप से महाराष्ट्र के बीड के रहने वाले थे। उनका जन्म 2 दिसंबर 1937 को रायगढ़ जिले के नंदवी गांव में हुआ था। उन्होंने मुंबई के प्रसिद्ध वीरमाता जीजाबाई टेक्नोलॉजिकल इंस्टीट्यूट (VJTI) से सिविल इंजीनियरिंग करने के बाद वह RSS से जुड़े और फिर शिवसेना में शामिल हो गए। पहले पार्षद और फिर 70 के दशक में पहली बार विधान परिषद सदस्य चुने गए।