लोकसभा में बुधवार (2 मार्च) को कांग्रेस उपाध्यक्ष के भाषण के बाद भाजपा के प्रह्लाद जोशी अपने भाषण में पूर्ववर्ती संप्रग सरकार की आलोचना कर रहे थे। उस समय राहुल गांधी सदन से बाहर जाने लगे तो जोशी समेत भाजपा सदस्यों ने एक स्वर में उनसे रुककर बात सुनने को कहा। इस पर राहुल ने कहा कि वह टॉयलेट जा रहे हैं और लौटेंगे।
राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान प्रह्लाद जोशी सदन में राहुल गांधी के बाद अपनी बात रख रहे थे और इस दौरान पूर्ववर्ती कांग्रेस नीत संप्रग सरकार की आलोचना कर रहे थे। तभी राहुल गांधी उठकर सदन से बाहर जाने लगे। जोशी एवं अन्य भाजपा सदस्यों ने एक स्वर में पूछा, ‘‘क्या आप नहीं सुनना चाहते। क्या आप नहीं सुनेंगे?’’
अपने भाषण के दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर तीखा प्रहार करने वाले राहुल गांधी ने कहा कि वह टॉयलेट जा रहे हैं, क्या वे नहीं जा सकते? उन्होंने कहा कि वे लौटेंगे। इसके बाद वे सदन से बाहर चले गए। हालांकि कुछ देर बाद वे फिर सदन में वापस लौट आए।
इससे पहले राहुल ने अपने भाषण में नरेंद्र मोदी और अरुण जेटली सहित कई मंत्रियों पर जम कर निशाना साधा था। उन्होंने सरकार की मेक इन इंडिया योजना का मखौल उड़ाते हुए कहा- बब्बर शेर तो बना दिया, नौकरियां कितनी दीं ये बताइए। उन्होंने कालेधन योजना का भी मखौल उड़ाया और इसे ‘फेयर एंड लवली’ योजना करार दिया। (उनका पूरा भाषण पढ़ें)