देश में आज डीजल और पेट्रोल की कीमतों में रोजाना बढ़ोत्तरी हो रही है। आलम यह है कि पेट्रोल की कीमत राजधानी दिल्ली में भी 100 रुपये प्रति लीटर के पार पहुंच गई है। उधर डीजल के दाम भी 90 रुपए के करीब पहुंच गया। आशंका जाहिर की जा रही है कि तेल की कीमतों में अभी और बढ़ोत्तरी हो सकती है। इस बीच विपक्ष का केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन जारी है। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने अपने कुछ हालिया ट्वीट्स में मोदी सरकार पर हमला बोला है। साथ ही 2014 से तेल के दामों को लगातार कम करने के वादे करने वाले बाबा रामदेव को भी घेरा है।

क्या बोले दिग्विजय सिंह?: दिग्विजय सिंह ने कुछ दिन पहले ही पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों को लेकर अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा था, “तेल देखिए, तेल की धार देखिए, झूठों की जमात देखिए, मोदी-शाह की सरकार देखिए।” शनिवार को एक बार फिर उन्होंने तेल की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाते हुए बाबा रामदेव का एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वे पेट्रोल-डीजल की कीमत 35-40 रुपए तक लाने की बात कर रहे हैं। इस पर दिग्विजय ने लिखा, “जालसाजों और ठगों से सावधान! वाह रे रामदेव तेरा खेल। व्यापारी बनकर बेचे तेल।” उन्होंने आगे लिखा- ‘बाबा या धोखेबाज?’

वीडियो में क्या बोल रहे रामदेव?: दिग्विजय सिंह ने जो वीडियो शेयर किया है। वह 2014 से पहले का है। इसमें रामदेव दावा करते हैं कि अगर काला धन वापस आ जाएगा, तो 50 साल तक हिंदुस्तान में टैक्स लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। उन्होंने कहा था कि इसका फायदा यह होगा कि पेट्रोल का मूल्य 70 रुपए में नहीं खरीदना पड़ेगा। पेट्रोल का बेसिक प्राइस 35 रुपए है। उस पर 50 फीसदी सरकार ने टैक्स लगा रखा है। ये आपका फायदा होगा। रामदेव ने कहा था कि अगर रसोई गैस के ऊपर टैक्स न हो तो 400-500 रुपए का सिलेंडर 200-300 में ही मिला करेगा।

पेट्रोल-डीजल की कीमतों पर बड़े दावे करते रहे हैं रामदेव: गौरतलब है कि रामदेव ने 2018 में कहा था कि अगर सरकार उन्हें इजाजत दे तो वह देश में 35 से 40 रुपए लीटर पेट्रोल और डीजल बेच सकते हैं। रामदेव ने तब महज 35 से 40 रुपये लीटर पेट्रोल-डीजल बेचने का दावा करते हुए मांग की थी कि पेट्रोल-डीजल को जीएसटी टैक्स स्लैब के न्यूनतम दर यानी पांच फीसदी पर शामिल किया जाना चाहिए।

उन्होंने यह भी कहा था कि कहा कि अगर पेट्रोल-डीजल पर टैक्स कम करने से सरकार के राजस्व में नुकसान हो रहा है तो वह इसकी भरपाई देश में अमीर लोगों पर अधिक टैक्स लगाकर कर सकती है। दूसरी तरफ अपने एक हालिया इंटरव्यू में तो उन्होंने यहां तक कह दिया था कि पेट्रोल के लिए ज्यादा टैक्स चुकाकर हमें गर्व होना चाहिए कि हम देश के लिए कुछ कर रहे हैं।