दिल्ली मुंबई सहित भारत के कई शहरों में पेट्रोल 100 रुपए के ऊपर बिक रहा है और डीजल के दाम भी कमोबेश आसपास ही हैं। लगातार तेल के बढ़ते दाम को लेकर जब एक टीवी डिबेट के दौरान भाजपा प्रवक्ता से सवाल किया गया तो वे 2013 की बात करने लगे। जब एंकर ने भाजपा प्रवक्ता को उनके जवाब पर आईना दिखाया तो वे बगलें झांकने लगे।
आजतक टीवी चैनल पर आयोजित टीवी डिबेट के दौरान जब एंकर नेहा बाथम ने भाजपा प्रवक्ता सैयद जफ़र इस्लाम से सवाल पूछते हुए कहा कि तेल के बढ़ते दामों की वजह से रोजमर्रा की चीजें भी महंगी हो रही है। इससे आम आदमी पर इतना बोझ बढ़ गया है कि उसका जीना मुहाल हो गया है। एक तरफ बेरोजगारी बढ़ रही है और दूसरी तरफ महंगाई भी बढ़ रही है।
एंकर के इस सवाल का जवाब देते हुए भाजपा प्रवक्ता सैयद जफ़र इस्लाम ने कहा कि ये असाधारण समय है। कोरोना महामारी की वजह से कई राज्यों में लॉकडाउन लगाना पड़ा। जिसकी वजह से आर्थिक गतिविधियों पर असर पड़ा। सरकार की आमदनी भी इससे प्रभावित हुई। सरकार जहां से आमदनी ले सकती है वहां से रेवेन्यू लिया जा रहा है।
जो देश कोरोना वैक्सीन देने में नंबर वन था , वो पिछड़ क्यों गया? देखिए इस सवाल के जवाब में क्या बोले @syedzafarBJP#Dangal | @nehabatham03 pic.twitter.com/ttjPt5eJV4
— AajTak (@aajtak) July 18, 2021
आगे जफ़र इस्लाम ने कहा कि हिंदुस्तान तेल उत्पादक देश नहीं है। इसके लिए हमें दूसरे देशों से तेल आयात करना पड़ता है। सऊदी अरब सहित कई देशों ने तेल का उत्पादन नहीं बढ़ाया। इसलिए तेल के दामों में थोड़ी बढ़ोतरी हुई है। साथ ही उन्होंने कहा कि थोक महंगाई दर खुदरा महंगाई दर से ज्यादा है और यह जल्दी ही ठीक हो जाएगा। जैसे जैसे लॉकडाउन में छूट मिलेगी वैसे वैसे महंगाई में भी कमी आएगी।
इसके बाद जफ़र इस्लाम कहने लगे कि अगर आप 2013 को देखें तो खुदरा महंगाई दर थोक महंगाई दर से ज्यादा थी। सभी चीजों के दाम बढे हुए थे लेकिन अभी सिर्फ सीमित समय के लिए दाम बढ़े हैं। यह एक बड़ा फर्क है। भाजपा प्रवक्ता के इस जवाब पर एंकर नेहा बाथम ने कहा कि ये आम समय नहीं है बल्कि कोरोना का समय है। आप 2011 और 2013 से इसकी तुलना नहीं कर सकते हैं। इसपर भाजपा प्रवक्ता कहने लगे कि मैं तुलना नहीं कर रहा था बस सिद्धांत बता रहा था।
लगातार कीमतों में बढ़ोतरी होने के कारण राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, ओडिशा, तमिलनाडु, केरल, बिहार और पंजाब सहित कई राज्यों में पेट्रोल 100 रुपये प्रति लीटर के ऊपर बिक रहा है। वहीं राजस्थान, ओडिशा और मध्य प्रदेश में डीजल भी 100 रुपये प्रति लीटर को पार कर गया है।