वाट्सऐप ने मार्च में 18.05 लाख भारतीय खातों पर प्रतिबंध लगा दिया। यह कार्रवाई उपयोगकर्ताओं से मिली शिकायतों और इस मंच पर सेवा शर्तों के उल्लंघन को रोकने के लिए आंतरिक व्यवस्था के तहत की गई है। सोशल मीडिया कंपनी की मासिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। 2021 में लागू हुए नए सूचना प्रौद्योगिकी (आइटी) नियमों के तहत 50 लाख से अधिक उपयोगकर्ताओं वाले डिजिटल मंच के लिए हर महीने अनुपालन रिपोर्ट प्रकाशित करनी जरूरी है। इस रिपोर्ट में शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई का विवरण होता है।
ताजा रिपोर्ट के मुताबिक एक से 31 मार्च, 2022 के बीच वाट्सऐप ने 18.05 लाख भारतीय खातों के दुरुपयोग की जानकारी सामने आने पर इन पर प्रतिबंध लगाया है। भारतीय खातों की पहचान +91 फोन नंबर के जरिए की गई। वाट्सऐप के प्रवक्ता ने कहा कि जैसा कि ताजा मासिक रिपोर्ट में उल्लेख है, कंपनी ने मार्च में 18 लाख से अधिक खातों को प्रतिबंधित किया है। उल्लेखनीय है कि मेटा के स्वामित्व वाली वाट्सऐप ने फरवरी में 14.26 लाख भारतीय खातों पर प्रतिबंध लगाया था।
प्रवक्ता ने कहा कि वाट्सऐप ने उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा के लिए पिछले कई सालों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआइ), अन्य अत्याधुनिक तकनीक, डेटा वैज्ञानिकों व विशेषज्ञों और अन्य प्रक्रियाओं में बहुत निवेश किया है। रिपोर्ट के मुताबिक मार्च, 2022 में 597 शिकायतों की रिपोर्ट प्राप्त हुई और 74 खातों पर कार्रवाई की गई।
इनमें से 407 ‘प्रतिबंध अपील’ से संबंधित थे, जबकि अन्य खाता समर्थन, उत्पाद समर्थन और सुरक्षा की श्रेणियों में थे। कंपनी की ओर से कहा गया कि हम सभी शिकायतों का जवाब देते हैं, सिवाय उन मामलों को छोड़कर जहां एक शिकायत को पिछले टिकट का डुप्लिकेट माना जाता है। रिपोर्ट में कहा गया है कि जब किसी खाते पर प्रतिबंध लगा दिया जाता है या शिकायत के परिणामस्वरूप पहले से प्रतिबंधित खाते को बहाल कर दिया जाता है उसे एक कार्रवाई माना जाता है।