Weather Update Today: मई के बाद जून में भी लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिल रही है। रविवार को बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। हालांकि उमस के कारण लोगों को थोड़ी परेशानी का सामना करना पड़ा। तापमान में नमी के कारण हीट इंडेक्स 45 डिग्री रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को भी ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से राजधानी के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव हुए हैं।
आज कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक आज आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 35 और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री रह सकता है। इसके बाद मंगलवार से मौसम साफ रह सकता है। अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम 25 डिग्री रह सकता है। 7 जून को अधिकतम तापमान 38 और न्यूनतम तापमान 26 डिग्री के करीब दर्ज होगा। इसके बाद मौसम लगातार बढ़ता जाएगा। 8 जून को यह बढ़कर 39 और 26 डिग्री तक पहुंच जाएगा। वहीं 9 व 10 जून को अधिकतम तापमान 40 से 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 से 28 डिग्री के करीब पहुंच जाएगा।
पीतम पुरा में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 38 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में 37.9 डिग्री, नजफगढ़ में 37.1, पूसा में 37 डिग्री तापमान दर्ज हुआ। इन इलाकों में न्यूनतम तापमान भी बढ़ा दिन भर सूरज की तपिश ने लोगों को परेशान किया।
IMD के मुताबिक आज दिल्ली में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अगले पांच दिनों में उत्तर पश्चिम भारत में तापमान में 3 से 5 डिग्री की बढ़ोतरी होने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार दक्षिण भारत के कई राज्यों में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश होने की संभावना है। आईएमडी ने तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, कराईकल के साथ ही आज अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भारी बारिश होने की चेतावनी दी है। जबकि बिहार, बंगाल, सिक्किम, तेलंगाना और तटीय आंध्र प्रदेश में भीषण लू (Heat Wave) चल सकती है।
