North India Weather Forecast Today: पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का असर अब तेजी से उत्तर भारत के मैदानी इलाकों पर पड़ने लगा है। बर्फीली हवाओं के चलने से बढ़ी ठंडक से राजधानी दिल्ली के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में भी लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। राजधानी का न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के मुताबिक, नवंबर माह के आखिरी दिनों में यानी 28 और 29 नवंबर को अधिकतम 24 डिग्री तो न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया जा सकता है। इन दोनों दिनों में राजधानी में कोहरा छाए रहने का अनुमान भी जताया गया है। वहीं, 24 से 27 नवंबर तक राजधानी क्षेत्र में मध्यम स्तर के कोहरे के छाए रहने का पूर्वानुमान है।
दिल्ली की हवा एक बार फिर गंभीर श्रेणी में
दिल्ली की वायु गुणवत्ता शनिवार को एक बार फिर गंभीर श्रेणी में पहुंच गई और वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआइ) 412 रहा। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, अलीपुर, आनंद विहार, अशोक विहार, बवाना, चांदनी चौक, डीटीयू, द्वारका, जहांगीरपुरी, मंदिर मार्ग, नरेला, नेहरू नगर, पटपड़गंज, रोहिणी, पंजाबी बाग, वजीरपुर और मुंडका सहित 20 निगरानी स्टेशनों में एक्यूआइ 400 से ऊपर दर्ज किया गया, जोकि गंभीर श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के आंकड़ों के अनुसार, शनिवार शाम चार बजे तक शहर का 24 घंटे का औसत एक्यूआइ 412 रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की रिपोर्ट के अनुसार, शनिवार को दिल्ली देश का सबसे प्रदूषित शहर दर्ज किया गया। दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गंभीर श्रेणी से बेहद खराब स्तर पर आ गया है। रविवार सुबह 6 बजे दिल्ली का AQI 370 दर्ज किया गया। आनंद विहार, अलीपुर, बवाना, जहांगीरपुरी, और विवेक विहार जैसे 10 इलाकों में AQI 400 से भी ऊपर पहुंच गया। नवंबर में अब तक 8 दिन दिल्ली का प्रदूषण स्तर गंभीर और 15 दिन बेहद खराब रहा है। शनिवार को राजधानी का AQI 412 दर्ज किया गया, जो गंभीर श्रेणी में आता है। शुक्रवार को भी AQI 393 रहा। इस बढ़ते प्रदूषण के कारण दिल्ली में लगातार स्मॉग छाया हुआ है।
शनिवार को राजधानी का अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री कम है। जबकि न्यूनतम तामपान 11.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जोकि सामान्य से 0.1 डिग्री कम है। हालांकि, सबसे कम न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दिल्ली के आया नगर का दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.0 डिग्री कम दर्ज हुआ। इसके साथ ही लोधी रोड का न्यूनतम तापमान भी 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आइएमडी की तरफ से जारी सात दिनों के मौसम पूर्वानुमान की माने तो अगले 6 दिनों तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में तापमान में धीरे धीरे और गिरावट दर्ज की जाएगी। 24 नवंबर यानी रविवार को अधिकतम तापमान 28 डिग्री रहने की संभावना है।
दिल्ली से सटे एनसीआर शहरों की हवा भी खराब स्थिति में है। सुबह 6 बजे नोएडा का AQI 374 और ग्रेटर नोएडा का 306 दर्ज किया गया, दोनों बेहद खराब श्रेणी में रहे। गाजियाबाद का AQI 316, गुरुग्राम का 249 और फरीदाबाद का 309 दर्ज हुआ। वहीं, राजस्थान में कुछ सुधार देखा गया है। जयपुर का AQI 215 दर्ज हुआ, जो खराब श्रेणी में है। भिवाड़ी में AQI 172, चूरू 184, सीकर 210, हनुमानगढ़ 191, झूंझुनूं 136, जोधपुर 227 और बीकानेर 162 पर दर्ज किया गया। सीपीसीबी के अनुसार, 14 शहरों की हवा बहुत खराब, जबकि 85 शहरों की खराब स्तर पर रही। 109 शहरों में एयर क्वालिटी मध्यम और 39 में संतोषजनक दर्ज की गई। केवल 12 शहरों की हवा अच्छी रही। देशभर में खराब होती हवा लोगों के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव डाल रही है।