Weather Forecast Today 29 December: दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर भारत में ठंड का सितम जारी है। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार, अगले 5 दिनों तक दिल्ली में घना कोहरा छाए रहने की आशंका है। वहीं ठंड से भी अभी राहत नहीं मिलने वाली है। रिपोर्ट के अनुसार, न्यूनतम तापमान 7 से 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, दिल्ली में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री सेल्सियस (मौसम के सामान्य तापमान से एक डिग्री अधिक) दर्ज किया गया जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 21.4 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने 31 दिसंबर तक सुबह और रात के दौरान दिल्ली, हरियाणा और चंडीगढ़ के लिए बहुत घने कोहरे की चेतवानी भी जारी की है।
घने कोहरे के लिए एडवाइजरी जारी
विभाग ने घने कोहरे के लिए एक एडवाइजरी जारी कर चालकों को फॉग लाइट का उपयोग करने और यात्रियों को फ्लाइट, रेलवे और राज्य परिवहन के टाइमटेबल के बारे में अपडेट रहने के लिए कहा है। आईएमडी के मुताबिक, ”गाड़ी चलाते समय या परिवहन के किसी भी साधन का उपयोग करते समय सावधानी बरतें।” रिपोर्ट के अनुसार, विजिबिलिटी कम होने से रेल सेवाएं भी प्रभावित हुईं और गुरुवार को दिल्ली जाने वाली 22 ट्रेनें देरी से चलीं।
आईएमडी ने बताया कि शाम 5.30 बजे दिल्ली में ह्यूमिडिटी 82 प्रतिशत थी। इस बीच, गुरुवार को 24 घंटे का एक्यूआई 358 दर्ज किया गया। एक्यूआई को शून्य से 50 के बीच ”अच्छा”, 51 से 100 के बीच ”संतोषजनक”, 101 से 200 के बीच ”मध्यम”, 201 से 300 के बीच ”खराब”, 301 से 400 के बीच ”बेहद खराब” और 401 से 500 के बीच ”गंभीर” माना जाता है।
दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस
दिल्ली के कई हिस्सों में शुक्रवार को घने कोहरे के बाद विजिबिलिटी में थोड़ा सुधार हुआ है। मौसम विभाग ने बताया कि सुबह के वक्त शहर के अलग-अलग हिस्सों में घना से मध्यम कोहरा छाया रहा। आईएमडी के मुताबिक, दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में विजिबिलिटी 200 मीटर और पालम में 50 मीटर रही। विजिबिलिटी कम होने से तीसरे दिन भी कई ट्रेने देरी से पहुंची। दिल्ली आने वाली 11 रेलगाड़ियां अपने निर्धारित समय से देरी से चल रहीं हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में न्यूनतम तापमान 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो इस मौसम के औसत तापमान से चार डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि अभी ठंड और बढ़ेगी।
