लगातार हो रही बारिश से गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी होने लगी है। सोमवार को उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा के जलस्तर में रविवार की तुलना में आधा मीटर तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई। गंगा में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।

केंद्रीय जल आयोग के अनुसार सोमवार सुबह आठ बजे गंगा का जलस्तर 338.21 मीटर पहुंच गया था और दोपहर एक बजे तक गंगा का जलस्तर 338.35 मीटर तक पहुंच गया था। शाम सात बजे जलस्तर 338.45 मीटर तक पहुंच गया था। ऋषिकेश में गंगा का चेतावनी निशान तीन 339.50 मीटर तथा खतरे का निशान 340.50 मीटर पर है।

अगले 24 घंटे में देश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। स्काईमेट वेदर वेबसाइट के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान हरियाणा, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, अंडमान और निकोबार द्वीप, राजस्थान, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

मानसून अब पूर्वोत्तर के इलाकों की तरफ भी बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार मानसून अब नागालैंड की तरफ बढ़ रहा है। जिसकी वजह से नागालैंड सहित पूर्वोत्तर के इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

इसके अलावा कई इलाकों में चक्रवाती हवा का भी क्षेत्र बना हुआ है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार पाकिस्तान के उत्तरी हिस्से और उससे सटे इलाकों में चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र बना हुआ है। साथ ही एक और चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र आंध्र प्रदेश के ऊपर भी बना हुआ है। 

Live Blog

Highlights

    06:32 (IST)20 Jul 2021
    दिल्‍ली में सोमवार को बारिश होने से यात्री परेशान

    दिल्‍ली में बारिश के कारण विभिन्‍न जगहों पर जाम लगने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। समय से लोगों को अपने आफिस पहुंचने में परेशानी हुई। जलभराव के कारण यातायात जाम रहा। पर बारिश होने के कारण मौसम काफी सुहावना हो गया।  

    04:44 (IST)20 Jul 2021
    बिहार में फिर सक्रिय हुआ मानसून

    मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। बिहार में मॉनसून सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी से आने वाली हवा का प्रभाव बढ़ने से बारिश शुरू हो गयी है। उत्तर बिहार के अधिकतर इलाकों में बारिश जारी है । हालांकि, कहीं पर यह अधिक, तो कहीं रिमझिम बरसी।

    03:53 (IST)20 Jul 2021
    बारिश से हुई परेशानी

    दिल्ली-एनसीआर में सोमवार सुबह से बारिश हो रही है। इस बारिश की वजह से लोगों को गर्मी से निजात तो मिली है, लेकिन कई तरह की मुसीबत का सामना करना पड़ रहा है। कहीं अंडरपास स्वीमिंग पुल में तब्दील हो गया तो कहीं सड़क पर सैलाब आ गया। चंद घंटे की बारिश में दिल्ली का पालम विहार डूबने लगा।

    02:30 (IST)20 Jul 2021
    नरेला में नाले में डूबने से एक बच्चे की मौत

    नरेला के मेट्रो विहार होलम्बी कलां में नाले में डूबने से एक बच्चे की मौत हो गई। मृतक बच्चे का नाम गोविंद था। जिसकी उम्र 9 साल थी। परिवार ने पुलिस को बताया कि सुबह बच्चा शौच करने गया था,उसके बाद नहीं आया। पड़ोसी ने परिवार को जानकारी दी कि बच्चे की लाश नाले में है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

    01:36 (IST)20 Jul 2021
    दिल्ली में बारिश से सड़कों पर भरा पानी, डूबने से दो की मौत

    दिल्ली में सोमवार सुबह से हो रही तेज बारिश के चलते पुल प्रहलादपुर अंडरपास में भरे पानी में डूबने से एक 27 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक युवक जैतपुर इलाके का रहने वाला था।  पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।

    21:48 (IST)19 Jul 2021
    हरियाणा के गांवों में घुसा राजस्थान के बारिश का पानी

    मानसून की वजह से हो रही भारी बारिश की वजह से लोगों को जनजीवन प्रभावित हो गया है। लगातार हो रही बारिश की वजह से राजस्थान की तरफ का पानी हरियाणा के इलाकों में पहुंच गया है। जिसकी वजह से हरियाणा के कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है। पड़ोसी राज्य से पानी आने की जानकारी मिलते ही प-प्रशासन अलर्ट हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार बारिश का पानी राजस्थान के अलवर जिले से बहता हुआ हरियाणा के रेवाड़ी जिले तक आ गया है।रेवाड़ी के उपायुक्त यशेंद्र सिंह ने एसडीएम बावल को स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए कहा है। जिला प्रशासन द्वारा दी जानकारी के अनुसार अधिकारियों की टीम पूरी तरह से स्थिति पर निगाह रखे हुए है। ग्रामीणों को भी अलर्ट किया गया है। अभी किसी तरह का कोई भी खतरा नहीं है।

    20:58 (IST)19 Jul 2021
    अगले 2 घंटे में पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कई इलाकों में बारिश होने की संभावना

    भारतीय मौसम विभाग के अनुसार अगले 2 घंटों के दौरान मोदीनगर, हापुड़ समेत पश्चिमी उत्तरप्रदेश के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।

    19:51 (IST)19 Jul 2021
    उत्तरप्रदेश के कई क्षेत्रों में जमकर हुई बारिश, आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी

    सोमवार को उत्तरप्रदेश के कई शहरों में जमकर बारिश हुई। कानपुर में 25 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार महीने के आखिरी तक 250 से 300 मिमी बारिश हो सकती है। साथ ही भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 22 जुलाई तक के लिए प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है।

    19:09 (IST)19 Jul 2021
    भारी बारिश के कारण दिल्ली में सड़क के अंदर धसी कार, देखें फोटो
    19:04 (IST)19 Jul 2021
    हिमाचल के मुख्यमंत्री ने की पर्यटकों से अपील, पानी के करीब ना जाएं

    हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा “राज्य में घूमने आ रहे पर्यटकों से निवेदन हैं कि इन दिनों बरसात के वक्त आप नदी किनारे और पानी के करीब जाने की कोशिश ना करे। आप सुरक्षित स्थान पर घूमें और रहें। कई बार लोग ऐसी जगह चले जाते हैं जहां दुर्घटना हो जाती है।”

    18:17 (IST)19 Jul 2021
    हरियाणा: भारी बारिश के चलते गुरुग्राम में गिरी मॉल की छत
    17:40 (IST)19 Jul 2021
    महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भारी बारिश के कारण भूस्खलन

    महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में सोमवार को भारी बारिश के कारण भूस्खलन हुआ, हालांकि हादसे में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि कुडगांव गांव में दिघी-मनगांव रोड पर सोमवार को भूस्खलन हुआ, लेकिन हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि इलाके में यातायात अवरुद्ध हो गया है और मलबा हटाने के प्रयास जारी है। उन्होंने बताया कि रविवार को भी मुरुड तालुका के राजपुर गांव में भुस्खलन हुआ था, हालांकि हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ था, लेकिन तीन-चार मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। पांच परिवारों के करीब 24 लोगों को वहां से सुरक्षित स्थान पर ठहराया गया है।

    17:06 (IST)19 Jul 2021
    भारी बारिश के कारण मुंबई में लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित

    मुंबई में सोमवार सुबह लोगों को भारी बारिश से थोड़ी राहत मिलने के बाद एक बार फिर बारिश तेज हो गई और इसके साथ ही कुछ स्थानों पर लोकल ट्रेन सेवाएं फिर प्रभावित हुईं। मध्य रेलवे के प्रवक्ता शिवाजी सुतार ने बताया कि उपनगरों के कुछ हिस्सों में भारी बारिश के बाद विक्रोली और भांडुप के बीच पटरियों पर पानी भरने के कारण मध्य रेलवे की लोकल ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुईं। एहतियाती तौर पर सुबह 10 बजकर 35 मिनट से 10 बजकर 50 मिनट तक मुख्य लाइन के उस खंड पर उपनगरीय रेल सेवाएं निलंबित कर दी गईं।

    16:57 (IST)19 Jul 2021
    राजस्थान के सवाई माधोपुर में नाले को पार करने के दौरान दो व्यक्ति पानी के बहाव में बहे, देखें वीडियो
    16:30 (IST)19 Jul 2021
    राजस्थान में भारी बारिश, घर गिरने से एक की मौत, कई लोग घायल

    मानसून की वजह से राजस्थान के कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। भरतपुर जिले में भारी बारिश की वजह से कई इलाके जलमग्न हो गए। भरतपुर जिले में ही कच्चा घर गिरने से एक व्यक्ति की मौत होने के साथ आधा दर्जन लोग घायल हो गए। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटे में राज्य के कई इलाकों में 50 से 100 एमएम के बीच बारिश हुई। मौसम विभाग ने तीन दिन तक यलो अलर्ट जारी कर भारी बारिश की चेतावनी दी है।

    15:56 (IST)19 Jul 2021
    अगले तीन दिनों में महाराष्ट्र और आसपास के इलाकों में भारी बारिश की संभावना

    आईएमटी के अनुसार 19 से लेकर 22 जुलाई के बीच मध्य महाराष्ट्र, कोंकण और गोवा और आसपास के इलाकों में बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। साथ ही 19 जुलाई को दक्षिण गुजरात क्षेत्र में भी भारी वर्षा हो सकती है।

    15:27 (IST)19 Jul 2021
    उत्तराखंड में बादल फटने से कई घरों में घुसा मलबा

    उत्तराखंड के टिहरी गढ़वाल के मेड गांव में बादल फटने के बाद इलाके के कई घरों में मलबा घुस गया। हालांकि अभी तक इसकी वजह से जानमाल की क्षति होने की कोई खबर सामने नहीं आई है। जिले के आपदा प्रबंधन अधिकारी ने जानकारी देते हुए कहा कि किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। केवल 1 व्यक्ति को मामूली चोटें आई हैं। हालांकि कई खेतों में मलबे के जाने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। 

    15:00 (IST)19 Jul 2021
    भारी बारिश के बाद हिमाचल में एक हफ्ते चला रेस्क्यू ऑपरेशन, 10 शव बरामद

    पीछे दिनों हुई बारिश ने हिमाचल के कई इलाकों में खूब तबाही मचाई। कांगड़ा के उपायुक्त निपुण जिंदल ने जानकारी देते हुए कहा कि बोह घाटी में फ्लैश फ्लड के बाद एक हफ्ते रेस्क्यू ऑपरेशन चला। इसमें 5 लोगों को ज़िंदा बचाया गया और 10 शव बरामद किए गए। अब ऑपरेशन पूरा हो गया है।

    14:38 (IST)19 Jul 2021
    भारी बारिश की वजह से दिल्ली में लगा जाम, देखें फोटो
    14:11 (IST)19 Jul 2021
    मुंबई में अगले 24 घंटे में बहुत भारी बारिश होने की संभावना

    मौसम विभाग के अनुसार मुंबई मेट्रो​पोलिटन क्षेत्र में अगले 24 घंटे में बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने इसके लिए रेड अलर्ट भी जारी कर दिया है। साथ ही 20 से 23 जुलाई तक के लिए ऑरेंज अलर्ट में रखा गया है।

    13:41 (IST)19 Jul 2021
    गुरुग्रामः गिरी तीन मंजिला जर्जर इमारत, 2 की मौत

    हरियाणा के गुरुग्राम में रविवार रात एक तीन मंजिला इमारत बारिश के बाद गिर हई। बिल्डिंग की हालत बेहद जर्जर बताई जा रही है। घटना में दो लोगों की जान जा चुकी है, जबकि कुछ के अभी भी मलबे में फंसे होने की आशंका जताई जा रही है। 

    13:20 (IST)19 Jul 2021
    महाराष्ट्रः आफत बनी भारी बारिश! फंसे लोगों को यूं बचाया गया
    13:08 (IST)19 Jul 2021
    उप्र में बारिश के कारण छत और दीवार ढही, मां-बेटे की मौत

    उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले में सोमवार को भारी बारिश के कारण एक मकान की छत तथा दीवार ढह जाने से मलबे में दबकर एक महिला और उसके दो साल के बेटे की मौत हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि तालगांव थाना क्षेत्र के अंगेठा गांव में सुबह भारी बारिश के कारण स्थानीय निवासी अरविंद कुमार के मकान की छत और एक दीवार ढह गई। इस घटना में अरविंद की पत्नी रेनू देवी (28) तथा उनका दो साल का बेटा प्रिंस मलबे में दब गए और दोनों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

    12:13 (IST)19 Jul 2021
    उत्तर भारत में 18 से 21 जुलाई तक भारी बारिश की संभावना

    पूरे भारत में मानसून छा जाने के बाद अब अगले एक हफ्ते तक उत्तरी क्षेत्र में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। जहां यूपी में शनिवार रात से रविवार सुबह के बीच कई जगहों पर अच्छी बारिश हुई, वहीं उत्तराखंड में बारिश का कहर टूट रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि पूरे उत्तर भारत में 18 से 21 जुलाई तक भारी बारिश होगी, जबकि पश्चिमी क्षेत्रों में यह हालात 23 जुलाई तक जारी रहेंगे।

    मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र (जम्मू, कश्मीर, लद्दाख, गिलगित, बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड) में आगे भी भारी बारिश जारी रहेगी। उधर उत्तर-पश्चिम भारत- पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, यूपी और उत्तरी मध्यप्रदेश में भी 18 से 21 जुलाई तक जबरदस्त बारिश होगी। इसके बाद इन क्षेत्रों में बारिश घटने का अनुमान है।

    11:03 (IST)19 Jul 2021
    दिल्ली में बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव से यातायात हुआ प्रभावित

    दिल्ली में सोमवार सुबह बारिश होने से आईटीओ और पुल प्रहलादपुर समेत कई मार्गों पर जलभराव हो गया जिसकी वजह से यातायात प्रभावित हुआ। बारिश के कारण रिंग रोड, प्रगति मैदान, पालम, किराड़ी और रोहतक रोड पर भी पानी भर गया। पुल प्रहलादपुर अंडरपास की तरफ से तो यातायात को मोड़ना पड़ा। दिल्ली की यातायात पुलिस की ओर से ट्वीट किया गया, ‘‘पुल प्रहलादपुर में रेलवे के पुल के नीचे पानी भरने की जानकारी मिली। महरौली-बदरपुर रोड से यातायात को मथुरा रोड की तरफ मोड़ा गया।’’ जलभराव के कारण मिलेनियम पार्क के निकट रिंग रोड पर, सराय काले खां, किलोकरी, धौला कुआं, विकास मार्ग, आजादपुर आदि स्थानों पर भी यातायात संबंधी परेशानियां उत्पन्न हो गईं।

    10:57 (IST)19 Jul 2021
    महाराष्ट्र : ठाणे, पालघर में भारी बारिश, बच्चे की डूबने से मौत

    महाराष्ट्र के ठाणे और पालघर जिले में रविवार को रातभर और सोमवार सुबह भारी बारिश हुई जिससे कई जगहों पर बहुत अधिक पानी भर गया और एक बच्चे की डूबने से जान चली गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। स्थानीय नगर निकाय के नियंत्रण कक्ष से एक अधिकारी ने बताया कि ठाणे में रविवार रात साढ़े नौ बजे से सोमवार सुबह साढ़े सात बजे के बीच 151.33 मिमी बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि पड़ोस के पालघर जिले में इस दौरान 108.67 मिमी बारिश हुई। अधिकारियों ने बताया कि दमकल और आपदा प्रकोष्ठ की टीम को दोनों जिलों से पेड़ों के गिरने और जलभराव को लेकर कई फोन आए।

    10:23 (IST)19 Jul 2021
    हरियाणाः पानी-पानी गुरुग्राम
    09:21 (IST)19 Jul 2021
    जम्मू कश्मीर में गिरा पानी

    जम्मू और कश्मीर में भी आज सुबह बारिश हुई। मौसम विभाग ने श्रीनगर में आज मौसम का पूर्वानुमान लगाते हुए कहा है कि वहां आज बादल छाए रहेंगे, जबकि मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है। 

    08:59 (IST)19 Jul 2021
    उत्तरकाशी में बादल फटा, एक परिवार के तीन लोगों की मौत, एक लापता

    उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में बादल फटने से तीन साल की बालिका और उसकी मां सहित एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और एक अन्य लापता है। प्रदेश के अधिकतर स्थानों पर तीन दिन से लगातार जारी बारिश से सामान्य जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया है । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर शोक प्रकट किया और कहा, ‘‘जिलाधिकारी को राहत और बचाव कार्य प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए हैं । ईश्वर से प्रभावितों की कुशलता की कामना करता हूँ।'’ उधर, देहरादून जिले के विकासनगर क्षेत्र में छिबरो जलविद्युत परियोजना में फंसे दो मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अभियान अभी जारी है ।

    08:15 (IST)19 Jul 2021
    दिल्लीः प्रगति मैदान के पास गिरा पानी
    07:52 (IST)19 Jul 2021
    मुंबई में भारी बारिश, वर्षाजनित हादसों में 30 लोगों की मौत

    मुंबई में रातभर हुई भारी बारिश के कारण विभिन्न घटनाओं में 30 लोगों की मौत हो गई। इसके साथ ही आर्थिक राजधानी में मूसलाधार बारिश के कारण जलभराव हुआ और यातायात भी प्रभावित रहा। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। पश्चिम रेलवे और मध्य रेलवे ने भारी बारिश के चलते मुंबई में उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया तथा लंबी दूरी की कई ट्रेनों का या तो मार्ग परिवर्तित कर दिया गया या उनका अन्य स्टेशनों से परिचालन हो रहा है।
         
    दमकल विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि एक पर्वतीय क्षेत्र में भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन में एक परिसर की दीवार ढहने से उसके नीचे दबकर 19 लोगों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि मुंबई में माहुल इलाके के वाशी नाका में देर रात करीब एक बजे एक पेड़ के गिर जाने से उससे सटे एक मकान की दीवार ढह गई। घटना में सात लोग घायल हो गए, जिन्हें पास के राजावाड़ी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    07:52 (IST)19 Jul 2021
    मथुरा में आकाशीय बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे किसान की मौत

    उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के थाना नौहझील क्षेत्र में रविवार को बारिश के दौरान खेत में काम कर रहे किसान की आकाशीय बिजली गिरने से मौके पर ही मौत हो गई। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। सरकारी सूत्रों के अनुसार रविवार दोपहर गांव मकरंदगढ़ी निवासी नेत्रपाल (26) पुत्र करुआ उर्फ कारे सिंह अपने खेत में धान की पौध रोपाई कर रहा था। इसी दौरान अचानक तेज आंधी के साथ बारिश होने लगी और कुछ ही देर में वह गिरी आकाशीय बिजली की चपेट में आ गया। सूत्रों के अनुसार आसपास अपने खेतों में काम कर रहे किसान उसके पास पहुंचे और उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

    07:37 (IST)19 Jul 2021
    दिल्ली में बारिश, पालम इलाका जलमग्न
    06:28 (IST)19 Jul 2021
    पिछले 24 घंटों के दौरान देश भर में हुई मौसमी हलचल

    पिछले 24 घंटों के दौरान गुजरात के दक्षिणी तट, कोंकण और गोवा के साथ-साथ तटीय कर्नाटक के कुछ हिस्सों में मॉनसून जोरदार रहा। इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश के साथ कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हुई। मॉनसून तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में सक्रिय था। इन क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हुई।

    05:17 (IST)19 Jul 2021
    बिहार के कुछ इलाकों में ऑरेंज तो कहीं येलो अलर्ट

    बिहार में मानसून की एंट्री के बाद लगातार बारिशों का दौर जारी रहा जिससे कई जगह बाढ़ जैसी स्थिति भी बन गई। राज्य के तीन जिलों पश्चिमी चंपारण, सीतामढ़ी एवं मधुबनी में भारी बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने इन तीनों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अन्य जिलों में सामान्य बारिश की संभावना देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।

    04:44 (IST)19 Jul 2021
    मुम्‍बई में आफत की बारिश ने ले ली कई लोगों की जान, लोकल ट्रेनों पर भी असर पड़ा

    रविवार को मुंबई में आफत की बारिश ने कई लोगों की जान ले ली। बारिश के कारण लोकल ट्रेनों पर भी असर पड़ा है और सड़कों पर भी जाम देखने को मिल। मौसम विभाग ने दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, यूपी, उत्तराखंड, बिहार, राजस्थान सहित देश के कई इलाकों में भारी बारिश के अलावा भू-स्खलन तक की आशंका जताई है।

    01:11 (IST)19 Jul 2021
    दिल्‍ली के कुछ हिस्सों में हुई बारिश

    भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी के कुछ हिस्सों में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई और अधिकतम तापमान 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

    00:00 (IST)19 Jul 2021
    बिहार में भारी बारिश से कई जिलों में गहराया बाढ़ का संकट

    बिहार में नदियों के ऊफान की वजह से कई जिलों के ग्रामीण इलाकाें में पानी फैल गया है। राज्‍य की नदियों का जलस्‍तर लगातार बढ़ रहा है। 

    22:24 (IST)18 Jul 2021
    जुलाई में अब तक 26 प्रतिशत कम बारिश हुई है: मौसम विभाग

    आईएमडी के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्र ने रविवार को पृथ्वी विज्ञान मंत्री जितेंद्र सिंह को बताया कि देश भर में जुलाई में बारिश 26 प्रतिशत कम रही है।

    20:27 (IST)18 Jul 2021
    मध्यप्रदेश में 11 जिलों में भारी वर्षा गिरने के लिए ‘यलो अलर्ट’

    भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटे में मध्यप्रदेश के 11 जिलों में भारी वर्षा होने की संभावना व्यक्त करते हुए ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। इसके अलावा, आईएमडी ने प्रदेश के नौ संभाग के जिलों में गरज के साथ बिजली चमकने एवं गिरने की संभावना के लिए भी ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है।