उत्तर और पश्चिम भारत के कई हिस्सों में बुधवार को भी झुलसा देने वाली गर्मी जारी रही। दिल्ली और राजस्थान में तापमान 50 डिग्री के करीब पहुंच गया। इस बीच, मौसम विभाग का कहना है कि मौजूदा भीषण गर्मी से तत्काल राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। राष्ट्रीय राजधानी के अधिकांश क्षेत्रों में पारा सामान्य से छह डिग्री अधिक रहा। 47.2 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ पालम सबसे गर्म रहा।

भारत मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, बड़े क्षेत्रों में, जब लगातार दो दिनों तक अधिकतम तापमान 45 डिग्री सेल्सियस रहता है, तो चलने वाली गर्म हवाओं को लू घोषित कर दिया जाता है और राष्ट्रीय राजधानी की तरह छोटे क्षेत्रों में, एक दिन तक भी तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुच जाता है, तो लू की घोषणा कर दी जाती है। दिल्ली में सफदरजंग वेधशाला में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आईएमडी ने कहा कि लोधी रोड और आयानगर के मौसम केंद्रों में अधिकतम तापमान क्रमशः 45.1 डिग्री सेल्सियस और 46.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजस्थान के ज्यादातर इलाके लू यानी गर्म हवाओं की चपेट में हैं जहां बुधवार को चुरू में अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में गर्मी का यह दौर अगले 24 घंटे जारी रहेगा हालांकि शुक्रवार को इसमें कुछ राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने भी कहा है कि पूर्वी और मध्य भारत में हीटवेव अगले 24 घंटे तक कहर बरपाती रहेगी।

आईएमडी ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में मानसून आगे बढ़ा है। लेकिन उत्तर-पश्चिम में सूखी हवाओं के कारण उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में तापमान कई जगह बढ़ सकता है। खासकर पश्चिमी राजस्थान और विदर्भ में हालात काफी खराब हो सकते हैं। इसके अलावा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, पूर्वी राजस्थान और बिहार, पंजाब, झारखंड, ओडिशा के कुछ इलाकों में भारी गर्मी के आसार हैं।

Live Blog

23:04 (IST)27 May 2020
दिल्ली में लू का प्रकोप, पालम में अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के निवासियों को बुधवार को चिलचिलाती गर्मी और लू के थपेड़ों का सामना करना पड़ा। अधिकतर स्थानों पर पारा सामान्य से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी। पालम वेधशाला ने सबसे अधिक अधिकतम तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जो कि मंगलवार के दर्ज तापमान (47.6 डिग्री सेल्सियस) से थोड़ा ही कम है। सफदरजंग वेधशाला ने अधिकतम तापमान 45.9 दर्ज किया। सफदरजंग वेधशाला में दर्ज तापमान पूरे शहर के लिए अधिकृत तापमान माना जाता है। मंगलवार को इसने अधिकतम 46 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया था।

22:43 (IST)27 May 2020
पंजाब में पड़ रही गर्मी, पटियाला में पारा 44 डिग्री सेल्सियस के पार

पंजाब के पटियाला में भी गर्मी का कहर जारी रहा। यहां अधिकतम तामपान 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अमृतसर और लुधियाना में तापमान क्रमश: 43.5 और 44.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 42.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

22:16 (IST)27 May 2020
उत्तराखंड में गर्मी से मिल सकती है राहत, अगले दो दिन में बारिश का अनुमान

उत्तराखंड में भी गर्मी अपना असर दिखा रही है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि बृहस्पतिवार से प्रदेश को गर्मी से कुछ राहत मिल सकती है। अगले दो दिन राज्य में पहाड़ों में बारिश तो मैदानों में 60 से 70 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से हवा चल सकती है।

21:47 (IST)27 May 2020
हरियाणा में लू का कहर, नारनौल में तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस

हरियाणा में बुधवार को भी लू का कहर जारी रहा। राज्य में सबसे अधिक तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस नारनौल में दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि नारनौल में अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री अधिक दर्ज किया गया। वहीं, हरियाणा के हिसार में अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अंबाला में अधिकतम तापमान 43.8 डिग्री सेल्सियस, करनाल में 42.8 डिग्री सेल्सियस रहा।

21:07 (IST)27 May 2020
पंजाब के मानसा में गर्मी से बाजारों में पसरा सन्नाटा

पंजाब में क‌र्फ्यू के बाद अब भीषण गर्मी से बाजारों में सन्नाटा पसर गया है। शहर में भीषण गर्मी की वजह से लोगों का घरों से निकलना बंद हो गया। खास कर दोपहर के समय में तो शहर में करीब सभी बाजार बंद ही हो जाते है।

20:30 (IST)27 May 2020
राजस्थान लू की चपेट में, चुरू में पारा 49.6 डिग्री सेल्सियस

राजस्थान के ज्यादातर इलाके लू यानी गर्म हवाओं की चपेट में हैं जहां बुधवार को चुरू में अधिकतम तापमान 49.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि राज्य में गर्मी का यह दौर अगले चौबीस घंटे जारी रहेगा हालांकि शुक्रवार को इसमें कुछ राहत मिल सकती है। विभाग के अनुसार चुरू शहर में दिन का तापमान सबसे अधिक 49.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां बुधवार को पारा 50.0 डिग्री सेल्सियस था।

19:56 (IST)27 May 2020
रांची में मौसम विभाग ने जारी किया येलो अलर्ट

झारखंड में राजधानी रांची के साथ ही अन्य इलाकों में भीषण गरमी पड़ रही है। प्रदेश के कई जिलों में दिन में लू चलने के कारण पारा तेजी से ऊपर जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 48 घंटे में गढ़वा, पलामू, लातेहार व चतरा जिले में हीट वेव (लू) चलने की संभावना है। इस संबंध में मौसम विभाग ने येलो अलर्ट भी जारी किया है।

19:10 (IST)27 May 2020
हरियाणा में भीषण गर्मी, रेवाड़ी में पारा 46 डिग्री के पार

हरियाणा में भीषण गर्मी पड़ रही है। बुधवार को रेवाड़ी में पारा 46 को पार कर गया। जिले में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। यह इस सीजन का अब तक का सर्वाधिक अधिकतम तापमान है। 

18:46 (IST)27 May 2020
प्रयागराज में आसमान में छाएं बादल, मौसम सुहाना

प्रयागराज में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मंगलवार को भीषण गर्मी के बाद बुधवार सुबह से भी आसमान में छाए बादल गर्मी के वर्चस्‍व को कम करते दिखे। यहां सुबह मौसम खुशनुमा बना हुआ है।

18:02 (IST)27 May 2020
30 मई के बाद राहत की उम्मीद

भारतीय मौसम विभाग ने भीषण गर्मी के बीच कहा है कि  30 मई तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा। 31 को आसमान में बादल छाए रहने और हल्की बारिश होने का अनुमान है।वहीं एक जून से फिर मौसम बदलेगा। गर्मी बढ़ने की संभावना है। बनी रही।

17:34 (IST)27 May 2020
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में तापमान 46 डिग्री से. के पार

नोएडा, ग्रेटर में बुधवार को भी गर्मी का कहर जारी रहा। शहर का अधिकतम तापमान 46 डिग्री को पार कर गया। अधिकतम तापमान 46 डिग्री दर्ज किया गया। यह इस सीजन का अबतक का सबसे अधिक तापमान है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आइएमडी) के मुताबिक, यह पिछले 12 वर्षो में सर्वाधिक है। इससे पहले सबसे ज्यादा गर्मी 1944 में पड़ी थी, जब 29 मई को तापमान 47.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था।

17:12 (IST)27 May 2020
पश्चिमी विक्षोभ से 29 और 30 मई को कुछ राहत मिलने की उम्मीद

उसने कहा कि हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिम उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों तथा पंजाब, बिहार, झारखंड, ओडिशा, सौराष्ट्र और कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा, तेलंगाना के सुदूर इलाकों और कर्नाटक के उत्तरी आतंरिक इलाकों में अगले 24 घंटे तक लू चलने की आशंका है। साथ ही आईएमडी ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ से 29 और 30 मई को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। इस दौरान, उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी और गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना भी है।

16:38 (IST)27 May 2020
अगले 24 घंटे भी लगातार लू चलने की आशंका : आईएमडी

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने बुधवार को अगले 24 घंटे तक उत्तर और मध्य भारत के कई हिस्सों में लू चलने की आशंका जाहिर की है। उत्तर और मध्य भारत में पिछले कई दिनों से लू जारी है और साथ ही कई जगहों पर तापमान 47 डिग्री सेल्सियस से अधिक रह रहा है।आईएमडी ने कहा, ‘‘ उत्तर-पश्चिम भारत, मध्य भारत और पूर्वी भारत के निकटवर्ती आंतरिक हिस्सों और मैदानी भागों में जारी शुष्क उत्तर-पश्चिमी हवाओं के कारण, अभी चल रही लू के अगले 24 घंटे तक जारी रहने की आशंका है।’’उसने कहा कि विदर्भ, पश्चिम राजस्थान में अलग-अलग जगह पर भीषण लू चलने की आशंका है।

16:10 (IST)27 May 2020
मेघालय में चक्रवाती तूफान से रेड अलर्ट घोषित

जहां एक तरफ पूरे उत्तर भारत में गर्मी का प्रकोप है। वहीं, नॉर्थईस्ट में लोगों को चक्रवाती तूफान और बाढ़ जैसी स्थितियों से दो-चार होना पड़ रहा है। असम में भारी बारिश की वजह से कई जगहों पर बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। यहां का कामरूप जिला बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित है। वहीं मेघालय में चक्रवाती तूफान से रेड अलर्ट घोषित हो गया है।

15:39 (IST)27 May 2020
असमः भारी बारिश से ब्रह्मपुत्र खतरे के निशान पर, 6 गांव के 8 हजार लोगों पर असर

असम में पिछले 4-5 दिनों से लगातार भारी बारिश हो रही है। इसके चलते ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर चला गया है। अधिकारियों के मुताबिक, राज्य के ज्यादातर इलाकों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। अब तक 6 गांव के 8 हजार लोगों पर इसका असर भी पड़ चुका है। हालांकि, अब पानी का स्तर कम होना शुरू हुआ है।

15:08 (IST)27 May 2020
तीन राज्यों को अभी गर्मी से कोई राहत नहीं

एक ही दिन पहले राजस्थान के चुरू में दिन का तापमान 50 डिग्री तक पहुंच गया था। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी राजस्थान, मध्य प्रदेश और हरियाणा को थोड़ी राहत मिलेगी। यहां लू के थपेड़े कम होंगे और धूलभरी आंधी चलने के आसार हैं।

14:40 (IST)27 May 2020
29-30 मई को वेस्टर्न डिस्टरबेंस से चल सकती है धूलभरी आंधी

उत्तर भारत के कई हिस्सों में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) के कारण 29 और 30 मई को तापमान में गिरावट आ सकती है। इस दौरान कई जगहों पर धूलभरी आंधी के आसार हैं। बता दें कि पश्चिमी विक्षोभ मेडिटेरेनियन सागर में चक्रवातों की वजह से पैदा होता है और गर्म हवाओं के मध्य एशिया से गुजरने के बाद यह हिमालय की बर्फीली चोटियों से टकराती हैं, जिससे पहाड़ी और मैदानी इलाकों में बारिश की स्थितियां पैदा होती हैं।

13:38 (IST)27 May 2020
असमः भारी बारिश के बीच बढ़ा ब्रह्मपुत्र का जलस्तर

असम में भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है। यहां ब्रह्मपुत्र नदी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इसके चलते अब तक पांच जिले प्रभावित बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इनमें लखीमपुर, डिब्रूगढ़ शामिल हैं। सरकार ने राहत और बचाव कार्य के लिए 9 जगहों पर NDRF की टीमें तैनात कर दी हैं।

12:53 (IST)27 May 2020
जानें कब तक जारी रह सकती है गर्मी?

किसी भी जगह पर हीटवेव यानी लू की स्थिति कम से कम 4 दिन के लिए हो सकती है। ज्यादातर समय गर्मी की यह स्थिति 7 से 10 दिन तक चलती है। अब तक भारत में सबसे लंबा हीटवेव का समय 18-31 मई 2015 तक चला था। इस दौरान पश्चिम बंगाल, ओडिशा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना सबसे ज्यादा प्रभावित रहे थे। इसके अलावा 2014 में भी 2 से 11 जून तक हीटवेव का लंबा समय देखा गया था।

12:30 (IST)27 May 2020
हरियाणा में पड़ेगी गर्मी, कुछ जगहों पर आ सकती है धूलभरी आंधी

हरियाणा में बुधवार को गर्मी से हालात खराब रहेंगे। राज्य के कुछ इलाकों में लू के साथ धूल भरी आंधी भी आ सकती है। इनमें अंबाला, भिवानी, चरखी दादरी, फरीदाबाद, फतेहाबाद, गुड़गांव, हिसार, झज्जर जींद पानीपत प्रमुख हैं। इन सभी जगहों पर 28 तारीख तक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। हालांकि, इसके बाद तापमान में गिरावट आएगा

11:57 (IST)27 May 2020
राजस्थानः 29 मई से हो सकती है बारिश, तापमान में गिरावट के आसार

देशभर के मौसम की जानकारी देने वाली वेबसाइट स्काईमेट ने कहा है कि राजस्थान में बढ़ती गर्मी के बीच 29 मई से कुछ राहत मिलने के आसार हैं। विशेषज्ञों के मुताबिक, राज्य में 29 मई से बारिश शुरू हो सकती है और 1 जून तक कई जिलों में अच्छी वर्षा दर्ज की जाएगी, जिससे तापमान काफी नीचे आएगा। 

11:39 (IST)27 May 2020
हरियाणा: प्रचंड गर्मी ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड

देशभर में बढ़ते तापमान के बीच हरियाणा भी भारी गर्मी और लू की चपेट में है। यहां एक दिन पहले ही हिसार में दिन का तापमान 48 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो औसत से 5 डिग्री ज्यादा रहा। यह मई महीने में 10 साल का रिकॉर्ड तापमान है। इससे पहले, 26 मई 2010 को 48.1 तापमान रहा था। इस बार भी 26 मई को ही सबसे ज्यादा गर्मी हुई है। 

11:08 (IST)27 May 2020
पंजाबः लुधियाना में 44 डिग्री तक जा सकता है पारा

देशभर में तपती गर्मी के बीच पंजाब के सभी जिलों में भी आज भारी गर्मी पड़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक, लुधियाना में आज अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक रहने का अनुमान है। हालांकि, आने वाले दिनों में बादल और बारिश के साथ तापमान में गिरावट आने का भी अंदेशा है।