देश के कई राज्यों में भारी बारिश के चलते जहां बाढ़ की स्थिति बनी है तो वहीं कुछ राज्य ऐसे भी हैं जहां भीषण गर्मी और लू से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उत्तर भारत में दिल्ली, पंजाब, हरियाणा जैसे राज्यों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। बता दें कि उत्तर भारत के कई राज्यों में अभी लोगों को और गर्मी का सामना करना पड़ सकता है।
असम में बाढ़ से परेशानी: असम, बेंगलुरु और केरल जैसे राज्यों में बारिश ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। असम में पिछले कई दिनों से भारी बारिश हुई जिसके चलते बाढ़ की स्थिति बन गई। सरकारी आंकड़ों पर गौर करें तो इस बाढ़ की वजह के 27 जिलों के 6 लाख से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं।
इस स्थिति को देखते हुए कछार में प्रशासन ने जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों (सरकारी और निजी) को 48 घंटे (19 और 20 मई) के लिए बंद रखने का आदेश दिया है। वहीं असम के नागांव में बाढ़ की वजह से कपूर काठियाटोली को जोड़ने वाली सड़क का हिस्सा बाढ़ के पानी में बह गया। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर सामने आया है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक असम में 248 राहत शिविरों में 48 हजार से ज्यादा लोगों को शिफ्ट किया गया है।
केरल में हालात: केरल में मूसलाधार बारिश के चलते भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को 12 जिलों में पूरे दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने बृहस्पतिवार को तिरुवनंतपुरम और कोल्लम को छोड़कर केरल के शेष सभी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया।
केरल में समय से पहले मानसून आने के चलते बने हालात के बीच राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने पहले ही केरल में अपने पांच दलों को तैनात कर दिया है। वहीं एसडीएमए ने लोगों से जब तक आपात स्थिति न हो तबतक पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा नहीं करने के लिए कहा है। आईएमडी ने पहले पूर्वानुमान जताया था कि दक्षिण-पश्चिम मानसून 27 मई तक राज्य में दस्तक दे सकता है।
दिल्ली गर्मी से हालत खराब: देश की राष्ट्रीय राजधानी में गुरुवार की सुबह न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 27.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार को आसमान साफ रहने का अनुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने जानकारी दी कि बृहस्पतिवार को आसमान आम तौर पर साफ रहेगा और दिन का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
दिल्ली में बीते बुधवार को अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस, रविवार को 45.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जो इस साल अब तक का सबसे अधिक तापमान है।
यूपी में तापमान: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश में गर्मी की वजह से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम तापमान 42 डिग्री रहने का अनुमान लगाया है। वहीं, गाजियाबाद में आज न्यूनतम तापमान 26 डिग्री और अधिकतम तापमान 41 डिग्री रह सकता है। मौसम विभाग राजस्थान, दक्षिण पंजाब, दक्षिण हरियाणा और मध्य प्रदेश के कई इलाकों में 19 से 20 मई तक लू की चेतावनी है।