राजधानी दिल्ली सहित पड़ोसी राज्यों में ठंड बढ़ने लगी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने संभावना जताई है कि दिल्ली में तापमान में भारी गिरावट आएगी और 10 दिसंबर तक पारा संभवत 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। दिल्ली सहित पड़ोसी उत्तरी राज्यों जैसे पंजाब, हरियाणा और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में शीत लहर की स्थिति बन सकती है। राष्ट्रीय राजधानी के कई हिस्सों में रविवार शाम हल्की बारिश होने के बाद दिल्ली के तापमान में गिरावट देखी गई है, यह मध्य पाकिस्तान और उसके आसपास के इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ के रहते हुआ है।
IMD ने और क्या जानकारी दी है?
IMD ने रविवार को ताजा अनुमान में बताया है कि 9 दिसंबर यानी आज से उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में शीत लहर चलेगी। शिमला में रविवार रात को मौसम की पहली बर्फबारी हुई। अमूमन इस वक़्त तक शिमला शहर में बर्फबारी होती नहीं है। IMD ने सोमवार को कोहरे का अनुमान जताया है। तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और 8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने यह भी भविष्यवाणी की है कि 10 दिसंबर तक न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।