आगामी 10 जून को 15 राज्यों में 57 राज्यसभा सदस्यों का चुनाव होना है। इसके लिए उत्तर प्रदेश में 11 सीटों पर चुनाव होगा। 2022 के विधानसभा चुनाव नतीजों के बाद संख्या बल पर गौर करें तो भाजपा सात सदस्यों को राज्यसभा आसानी से भेज सकती है। वहीं समाजवादी पार्टी तीन राज्यसभा सांसद आसानी से चुन सकती है। हालांकि भाजपा सात के अलावा एक और सांसद चुन सकती है लेकिन इसके लिए गणित बिठाना होगा।

बता दें कि भाजपा की उत्तर प्रदेश ईकाई ने केंद्रीय नेतृत्व को 21 नामों की लिस्ट भेजी है जिसमें 8 नामों पर मुहर लगनी है। जिसमें सात सदस्य आसानी से भाजपा राज्यसभा भेजेगी लेकिन आठवें के लिए मुकाबला हो सकता है। ऐसे में जनसत्ता दल लोकतांत्रिक प्रमुख रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया और प्रसपा प्रमुख शिवपाल यादव की भूमिका काफी अहम होगी।

दरअसल बीते कुछ समय से सपा प्रमुख अखिलेश यादव और उनके चाचा शिवपाल यादव के बीच रिश्ते अच्छे नहीं माने जा रहे हैं। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि सपा के टिकट पर विधानसभा चुनाव जीते शिवपाल यादव राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग कर सकते हैं। वहीं राजा भैया की पार्टी भी अगर भाजपा के पक्ष में वोट करती है तो भाजपा को 8वां राज्यसभा सांसद चुनने में आसानी होगी।

यूपी में 11 राज्यसभा सांसदों का कार्यकाल खत्म हो रहा है। इसमें भाजपा के 5, बसपा के दो, सपा के 3, और कांग्रेस का 1 सांसद है। वहीं विधानसभा चुनाव के बाद पार्टियों के संख्या बल को देखें तो बीजेपी गठबंधन के पास 273 सीटें हैं। सपा गठबंधन के पास 125, कांग्रेस के पास 2, बसपा के पास एक और जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के दो विधायक हैं।

किन राज्यों में कितनी सीटों पर चुनाव: राज्यसभा की 57 सीटों पर चुनाव होगा। इसमें पंजाब हरियाणा, झारखंड, छत्तीसगढ़, तेलंगाना की दो-दो सीटें और एक सीट उत्तराखंड की है। वहीं मध्य प्रदेश और ओडिशा की 3-3 सीटों पर चुनाव होगा। इसके अलावा 4-4 सीटें आंध्र प्रदेश, कर्नाटक और राजस्थान, बिहार की 5 सीटें, 6-6 सीटें महाराष्ट्र और तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश की 11 सीटें शामिल हैं।

राज्यसभा चुनाव के लिए 31 मई तक उम्मीदवार नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 1 जून को नामांकनों की जांच होगी और 3 जून तक उम्मीदवार अपना नामांकन वापस ले सकेंगे। आगे 10 जून को मतदान होंगे।