देश भर में कोरोना के लगातार कम होते मामलों के बीच राज्य सरकारों की तरफ से अनलॉक की प्रक्रिया जारी है। उत्तर प्रदेश में कोविड महामारी की स्थिति में सुधार को देखते हुये अब सप्ताहांत पर होने वाली शनिवार की बंदी समाप्त कर दी गई है। अब सिर्फ रविवार को ही साप्ताहिक बंदी के तहत दफ्तर और व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रहेंगे। कई अन्य राज्य सरकारों ने भी छूट को बढ़ा दिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा बुधवार को अधिकारियों को दो दिवसीय साप्ताहिक बंद में आंशिक छूट पर विचार करने के निर्देश दिए जाने के बाद यह नयी व्यवस्था की गई है। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अवनीश कुमार अवस्थी ने प्रदेश के सभी वरिष्ठ प्रशासनिक तथा पुलिस अधिकारियों को बुधवार को भेजे गए निर्देश में कहा कि अब सप्ताहांत पर की जाने वाली दो दिन की बंदी की व्यवस्था में परिवर्तन किया गया है अब सिर्फ रविवार को साप्ताहिक बंदी होगी। इसके अलावा सोमवार से शनिवार तक सुबह छह बजे से रात 10 बजे तक व्यापारिक गतिविधियों की इजाजत होगी।

अब शनिवार को भी कर सकेंगे ताजमहल का दीदार: सरकार द्वारा कोविड-19 के अंतर्गत लागू की गई दो दिन की साप्ताहिक बंदी को खत्म करने के बाद अब आगरा में शनिवार को भी पर्यटकों के दीदार के लिए ताजमहल खुला रहेगा।

महाराष्ट्र में भी दी गयी छूट: महाराष्ट्र सरकार ने भी लॉकडाउन में ढील देते हुए 15 अगस्त से मॉल, रेस्तरा को खोलने की अनुमति दे दी है। नए आदेश के तहत मॉल रेस्तरां 50 प्रतिशत क्षमता के साथ रात 10 बजे तक खुले रहेंगे। हालांकि आदेश में कहा गया है कि सभी कर्मचारियों को कोरोना वैक्सीन के दोनों डोज लेने के बाद ही काम पर लगाया जाए।

बताते चलें कि जम्मू कश्मीर, हरियाणा, लक्षद्वीप, पुडुचेरी, नागालेंड, पंजाब, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी राज्य सरकारों की तरफ से लॉकडाउन में छूट को बढ़ाया गया है। कई राज्य सरकारों की तरफ से स्कूलों को भी खोलने का आदेश दे दिया गया है। बताते चलें कि भारत में पिछले 24 घंटों में कोरोना वायरस के 41,195 नए मामले सामने आए है, इस दौरान 39,069 लोगों ने रिकवरी की है। जबकि 490 लोगों की कोरोना मौत हुई है।