केंद्र सरकार द्वारा लाए जा रहे एनसीटी बिल के विरोध में उत्तर प्रदेश में आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। लखनऊ में प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने जमकर लाठीचार्ज किया। 1090 चौराहे पर प्रदर्शन के दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झड़प हो गयी जिसके बाद पुलिस की तरफ से लाठीचार्ज किया गया। एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।
पुलिस द्वारा किये गए लाठीचार्ज की घटना पर आम आदमी पार्टी ने कड़ी आपत्ति दर्ज की है। पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी संजय सिंह ने इस घटना को सरकार की तानाशाही बताया है। उन्होंने ट्वीट किया कि आदित्यनाथ जी तानाशाही तो हिटलर की नही चली तुम्हारी तानाशाही का भी अंत होगा, लखनऊ में AAP कार्यकर्ताओं को बर्बरता पूर्वक पीटा गया कई साथी घायल हैं। यूथ विंग के उपाध्यक्ष शहबाज़ के गले को लाठी से दबाया गया वो गम्भीर अवस्था में हॉस्पिटल में भर्ती है।
आदित्यनाथ जी तानाशाही तो हिटलर की नही चली तुम्हारी तानाशाही का भी अंत होगा, लखनऊ में AAP कार्यकर्ताओं को बर्बरता पूर्वक पीटा गया कई साथी घायल हैं यूथ विंग के उपाध्यक्ष शहबाज़ के गले को लाठी से दबाया गया वो गम्भीर अवस्था में हॉस्पिटल में भर्ती है। https://t.co/wWtpWgzcKa
— Sanjay Singh AAP (@SanjayAzadSln) March 17, 2021
क्या है एनसीटी बिल: सोमवार को लोकसभा में केंद्र सरकार की तरफ से एक विधेयक पेश किया गया था जिसमें उप-राज्यपाल को ज्यादा अधिकार दिए जाने का प्रावधान है। इसके अलावा यह स्पष्ट किया गया है कि राज्य कैबिनेट या सरकार के किसी भी फैसले को लागू करने से पहले एलजी की राय जरूरी होगी।
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने एनसीटी बिल का विरोध किया है। उन्होंने इस बिल को अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक बताया है। आम आदमी पार्टी की तरफ से कहा गया है कि इस बिल के माध्यम से केंद्र सरकार दिल्ली की सरकार को अपंग बनाने का काम कर रही है।
जंतर-मंतर पर केजरीवाल ने कहा कि अगर एलजी ही सरकार है तो दिल्ली में चुनाव का क्या मतलब है? दिल्ली में बीजेपी ने सरकार गिराने की कोशिश की ये लोग देश में सरकार गिराने के लिए ही जाने जाते हैं। केजरीवाल ने कहा कि उस कानून में लिखा है कि दिल्ली सरकार का मतलब एलजी होगा।