Lockdown Unlock 4.0 Guidelines HIGHLIGHTS: कर्नाटक सरकार ने डिग्री कॉलेजों में एक अक्तूबर से नियमित कक्षाएं शुरू करने को मंजूरी दे दी है। उप मुख्यमंत्री डॉ सीएन अश्वथ नारायण ने बुधवार को यह जानकारी दी। अश्वथ ने साथ ही कहा कि कॉलेजों को खोलने के बारे में उच्च शिक्षा विभाग केंद्र सरकार के दिशा-निर्देशों का इंतजार करेगा। उन्होंने संकेत दिया कि इस बारे में अंतिम फैसला बाद में लिया जाएगा। गौरतलब है कि कोविड-19 के कारण लगे लॉकडाउन के चलते कॉलेज मार्च से बंद हैं।

कोरोना संकट के बीच झारखंड की हेमंत सोरेन सरकार ने बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन करने की अनुमति दे दी है। सरकार की तरफ से शर्त रखी गई है कि यह सिर्फ स्थानीय लोगों को ही दर्शन की अनुमति है और प्रति घंटे 50 से ज्यादा लोगों को दर्शन की इजाजत नहीं मिलेगी। प्रतिदिन सिर्फ चार घंटे के लिए ही दर्शन होंगे। ऑनलाइन पास के जरिए ही मंदिर में दर्शन की इजाज मिलेगी।

कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों के बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ईके पलनिसामी ने एलान किया कि राज्य में सभी फाइनल परीक्षाओं को छोड़कर यूजी-पीजी यानी स्नातक और परास्नातक की सभी परीक्षाएं  रद्द की जा रही हैं।

भारत में 1 सितंबर से अनलॉक 4.0 लग जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय जल्द ही इस संबंध में गाइडलाइंस जारी करने वाला है। हालांकि, इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने कहा है कि राज्य में लगे लॉकडाउन में अब और छूट नहीं दी जा सकती। बताया गया है कि ठाणे में कोरोना पर एक समीक्षा बैठक के दौरान ठाकरे ने साफ कर दिया कि महामारी का सामना करने में जरा सी लापरवाही के गंभीर परिणाम हो सकते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि कुछ देशों में कोरोनावायरस की दूसरी लहर आई है, जिससे केस लगातार बढ़ रहे हैं। इसलिए कोई भी फैसला जल्दबाजी में नहीं होगा।

बताया गया है कि मेट्रो शुरू करने के लिए सरकार ने जो नियम तय किए हैं, उसके तहत मेट्रो के छह डिब्बों की कुल क्षमता 1800 से 2000 पैसेंजर्स की होती है। लेकिन इनकी क्षमता शुरुआत में सिर्फ 300 यात्रियों तक सीमित करने पर विचार किया जा रहा है। इसके अलावा मेट्रो के स्टेशन पर रुकने के समय को 10-20 सेकंड से बढ़ाकर 20-40 सेकंड किया जा सकता है, ताकि लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग के साथ अंदर जाने का मौका मिले। वहीं, हर दिन स्टाफ और पैसेंजरों के लिए 3 हजार लीटर हैंड सैनिटाइजर का खर्च भी हो सकता है। कोच के अंदर भी 26 डिग्री सेल्सियस का तापमान तय किया जा सकता है।

इसके अलावा शुरुआत में सिर्फ सरकारी और आवश्यक सेवाओं से जुड़े लोगों को ही मेट्रो में सफर की अनुमति दी जा सकती है। फेस मास्क के साथ फोन में आरोग्य सेतु ऐप को रखना भी अनिवार्य किया जा सकता है। दूसरी तरफ सिक्योरिटी चेक के अलावा मेट्रो के अंदर भी लोगों को 1 मीटर की दूरी रखने के निर्देश हो सकते हैं। पैसेंजरों के संपर्क में आने वाले CISF के जवानों को फेस शील्ड, ग्लव्स और मास्क दिए जा सकते हैं। साथ ही कैश से लेनदेन को कुछ दिनों के लिए बंद कर कार्ड पेमेंट को बढ़ावा दिया जा सकता है।

Live Blog

21:34 (IST)26 Aug 2020
सितंबर से छह शहरों से कोलकाता के लिए उड़ान सेवा होगी बहाल : ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोविड-19 से ज्यादा प्रभावित छह शहरों से उड़ानें बहाल करने की अनुमति के साथ ही कई छूट की बुधवार को घोषणा की, लेकिन शैक्षणिक संस्थानों के खुलने पर रोक 20 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी । पश्चिम बंगाल में सात, 11 और 12 सितंबर को संपूर्ण लॉकडाउन की घोषणा करते हुए बनर्जी ने कहा कि सामाजिक दूरी का पालन करने और अन्य एहतियाती उपायों को लागू करने के साथ मेट्रो रेल सेवा बहाल की जा सकती है । मंत्रिमंडल की बैठक के बाद उन्होंने कहा, ‘‘कोविड-19 से ज्यादा प्रभावित छह शहरों से उड़ान परिचालन बहाल करने के संबंध में हमें कई अनुरोध मिले हैं, इसलिए एक सितंबर से इन छह शहरों से सप्ताह में तीन बार उड़ानें संचालित हो सकेंगी।’’

20:32 (IST)26 Aug 2020
तमिलनाडु: UG और PG की परीक्षाएं रद्द

कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच तमिलनाडु के मुख्यमंत्री ईके पलनिसामी ने एलान किया कि राज्य में सभी फाइनल परीक्षाओं को छोड़कर यूजी-पीजी यानी स्नातक और परास्नातक की सभी परीक्षाएं  रद्द की जा रही हैं।

19:56 (IST)26 Aug 2020
ओडिशा: दुर्गा पूजा की छुट्टियों तक बंद रहेंगे

कोरोना महामारी के मद्देनजर ओडिशा में स्कूल और कॉलेज दुर्गा पूजा की छुट्टियों तक बंद रहेंगे। मुख्यमंत्री कार्यालय की तरफ से इस बात की जानकारी दी गई।

18:29 (IST)26 Aug 2020
झारखंड: कोरोना संकट के बीच बैद्यनाथ मंदिर में दर्शन की इजाजत

Image

17:29 (IST)26 Aug 2020
केरल: भगवान पद्मनाभ स्वामी मंदिर

केरल की राजधानी तिरुनवंतपुरम में स्थित भगवान पद्मनाभ स्वामी मंदिर को सख्त कोविड-19 दिशा-निर्देशों के साथ बुधवार सुबह भक्तों के लिए खोल दिया गया। महामारी के मद्देनजर 21 मार्च से मंदिर में श्रद्धालुओं को अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। मंदिर के सूत्रों ने बताया कि आज सुबह करीब 200 भक्तों ने पूजा अर्चना की। भक्तों के लिए सामाजिक दूरी सुनिश्चित करने के लिए फर्श पर निश्चित दूरी पर निशान बनाए गए थे। कांग्रेस विधायक वी डी सतीशन ने भी मंदिर जाकर भगवान विष्णु की पूजा की। सतीशन ने 24 अगस्त को पिनरायी विजयन सरकार के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाया था।

16:02 (IST)26 Aug 2020
चौथे फेज में कई और चीजों में छूट मिलने के आसार

माना जा रहा है लॉकडाउन के इस चौथे फेज में कई और चीजों में छूट मिलने वाली हैं। मसलन, मेट्रो सेवाएं दोबारा शुरू हो सकती हैं। इसके अलावा होटलों और रेस्त्रां को भी पूरी छूट के साथ खुलने की अनुमति मिल सकती है। वहीं, सीमित क्षमता के साथ सिनेमा हॉल को भी शुरू करने की अनुमति दी जा सकती है। ऐसे में सरकार कुछ नियमों के तहत छूट देने पर विचार कर रही है।

15:28 (IST)26 Aug 2020
लॉकडाउन के बाद भी घर में ज्यादा समय दे रहे हैं भारतीय

भारत में कोरोनावायरस की वजह से लॉकडाउन ने भारतीयों की मानसिकता को भी प्रभावित किया है। अब देश में बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर ही नहीं निकल रहे। जुलाई के आखिरी हफ्ते के डेटा की ही बात कर लें, तो सामने आता है कि जिन राज्यों में कोरोना के केस तेजी से बढ़े हैं, वहां लोग घर से निकलने में बच रहे हैं। पूरे भारत में अगर कोरोना काल से पहले और कोरोना काल के बाद की (19 जुलाई से 25 जुलाई) की तुलना की जाए, तो अब लोग पहले के मुकाबले अपने घरों में 17 फीसदी ज्यादा समय दे रहे हैं।

14:59 (IST)26 Aug 2020
मनसे ने कराया ऑनलाइन पोल- 70 फीसदी चाहते हैं खत्म हो महाराष्ट्र से लॉकडाउन

महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) की ओर से महाराष्ट्र में कराए गए एक ऑनलाइन पोल में लोगों ने राज्य से लॉकडाउन को पूरी तरह हटाने का समर्थन किया है। मनसे नेता संदीप देशपांडे की ओर से शेयर किए गए नतीजों के मुताबिक, 70.3 फीसदी लोग महाराष्ट्र में अब और लॉकडाउन नहीं चाहते। इसके अलावा 63.6 फीसदी लोग कोरोनाकाल में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के कामों से खुश नहीं हैं।

14:30 (IST)26 Aug 2020
जनता कर्फ्यू के दिन से ही मेट्रो पर लगी है रोक, अब तक 1300 करोड़ का नुकसान

दिल्ली मेट्रो कोरोना दिशानिर्देशों का पालन करते हुए परिचालन के लिए तैयार है और उसे सेवाएं शुरू करने के लिए अनुमति का इंतजार है। इस दौरान सामाजिक दूरी के पालन के लिए सीटों और प्लेटफार्मों पर संकेत, स्मार्ट कार्ड का ऑटो टॉप-अप जैसी सुविधाएं भी यात्रियों को मुहैया करायी जाएंगी। दिल्ली मेट्रो सेवाएं 22 मार्च से ही स्थगित हैं, जिस दिन कोरोना वायरस के मद्देनजर जनता कर्फ्यू लगाया गया था। सूत्रों के मुताबिक उसे अब तक लगभग 1,300 करोड़ रुपये का नुकसान हो चुका है।

13:58 (IST)26 Aug 2020
मेट्रो के संचालन के लिए तैयार है DMRC, अनलॉक-4 की गाइडलाइंस का इंतजार

दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने रविवार को कहा था कि सरकार का निर्देश मिलने पर वह परिचालन फिर से शुरू करने के लिए तैयार हो जाएगा। उसी दिन मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में मेट्रो ट्रेन सेवाओं को प्रायोगिक तौर पर फिर से शुरू किया जाना चाहिए क्योंकि शहर में कोविड​​-19 की स्थिति में सुधार हो रहा था। उन्होंने उम्मीद जतायी थी कि केंद्र जल्द ही इस पर फैसला करेगा। लॉकडाउन अवधि के बाद अर्थव्यवस्था जून से धीरे-धीरे चरणबद्ध तरीके से खुल रही है। लेकिन डीएमआरसी को संचालन शुरू करने के लिए केंद्र से अभी अनुमति नहीं मिली है।

13:28 (IST)26 Aug 2020
अनलॉक में कितनी छूट मिलेगी, राज्यों को चौथे फेज में भी मिलेगी फैसले की स्वायत्ता

केंद्र सरकार जल्द ही अनलॉक-4 की गाइडलाइंस का ऐलान कर सकती है। इसमें कुछ नई छूटों के बारे में बताया जा सकता है। हालांकि, राज्यों को किसी छूट को देने या रद्द करने की ताकत बरकरार रखी जाएगी। यानी कोई भी राज्य कोरोना के केसों के आधार पर वीकेंड लॉकडाउन से लेकर परिवहन संचालन पर सीमा लगा सकते हैं। इसके अलावा दुकानों को खोलने से लेकर अन्य कई क्षेत्रों की बागडोर राज्य के पास ही रहेगी। इनमें केंद्र की तरफ से कोई दखल नहीं होगा।

12:58 (IST)26 Aug 2020
आईपीएल खेलने के लिए टीम भेज सकते हैं, तो विदेश की फ्लाइट्स भी चलाएं, सोशल मीडिया में उठी मांग

अनलॉक 4.0 के बीच सोशल मीडिया पर कुछ लोगों ने मांग उठाई है कि अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट्स को फिर से शुरू किया जाए। कुछ यूजर्स ने आईपीएल टीमों के दुबई जाने का मुद्दा उठाते हुए कहा कि अगर खिलाड़ियों को फ्लाइट्स से भेजने की अनुमति मिल सकती है, तो सीमित मात्रा में अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को क्यों नहीं शुरू किया जाता। बता दें कि लॉकडाउन के ऐलान के बाद से ही देश में अंतरराष्ट्रीय उड़ानें बंद हैं। हालांकि, घरेलू उड़ानों की अनुमति दी जा चुकी है।

12:24 (IST)26 Aug 2020
दिल्ली मेट्रो में साफ-सफाई के लिए लगेंगे 8 हजार कर्मचारी

अनलॉक-4 के मद्देनजर देश में मेट्रो सेवाओं को सीमित स्तर पर खोले जाने की बातें सामने आ रही हैं। इस बीच अंदाजा लगाया जा रहा है कि मेट्रो सेवा सुबह 7 बजे से रात 8 बजे तक ही जारी रहेंगी। वहीं योजना के मुताबिक, साफ-सफाई के लिए करीब 8 हजार लोगों को तैनात किया जाएगा, जो अलग-अलग स्टेशनों पर कुछ समय के अंतराल पर डिब्बों और ज्यादा छुई गई जगहों की सफाई करेंगे। इसके अलावा मेट्रो स्टेशन पर एलिवेटर में भी एक बार में तीन लोगों को ही चढ़ने दिया जाएगा।

11:55 (IST)26 Aug 2020
भारत में कोरोना के केस 32 लाख के पार, मौतों का आंकड़ा भी 60 हजार के करीब

भारत में कोरोनावायरस से संक्रमण के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 67 हजार 151 नए मामले दर्ज हुए हैं। इसी के साथ भारत में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 32 लाख के पार पहुंच गई है। इतना ही नहीं देश में पिछले एक दिन में 1059 लोगों की जान भी गई है और अब कुल मौतों का आंकड़ा 59 हजार 449 पर पहुंच गया है। इस लिहाज से भारत अभी दुनिया में कोरोना से मौतों के मामले में चौथे स्थान पर है।

11:28 (IST)26 Aug 2020
अनलॉक-4 में बढ़ सकती है ट्रेनों की संख्या

देश में लॉकडाउन के ऐलान बाद से पांच माह से ट्रेनें रद्द चल रही हैं। अभी केवल पूरे देश में 230 स्पेशल ट्रेनों का संचालन ही हो पा रहा है। रेलवे अफसरों के मुताबिक केंद्रीय गृह मंत्रालय और राज्यों की मंजूरी मिलने पर अनलॉक-4 यानी एक सितंबर से कुछ ट्रेनों की संख्या बढ़ सकती है। ऐसी ट्रेन उन रूट पर चलेंगी जहां अभी एक भी ट्रेन नहीं चल रही है। हालांकि यात्रियों को सफर करने की मंजूरी वेटिंग क्लियर होने पर ही मिलेगी। साथ ही प्रत्येक स्टेशन में यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग भी होगी, जिन यात्रियों का बॉडी का टेंपरेचर मानक से अधिक मिलेगा। उन्हें सफर करने की मंजूरी प्रदान नहीं की जाएगी। यात्रियों को कोरोना वायरस से संबंधित गाइडलाइन का पालन करना होगा।

10:58 (IST)26 Aug 2020
मल्टीप्लेक्स नहीं, पर सिंगल स्क्रीन सिनेमा को मिल सकती है खुलने की मंजूरी

केंद्र सरकार जल्द ही अनलॉक 4.0 से जुड़ी गाइडलाइंस का ऐलान कर सकती है। इसके तहत इस बार 1 सितंबर से देशभर में सिंगल स्क्रीन सिनेमा खुलने की मंजूरी दी जा सकती है। माना जा रहा है कि सरकार भीड़ से बचने और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराने के लिए मल्टीप्लेक्स को नहीं खुलने देगी। हालांकि, इसके ट्रायल के तौर पर एक स्क्रीन वाले सिनेमा को खोला जा सकता है। बता दें कि सिनेमा हॉल मालिकों ने हालिया समय में भारी नुकसान की बात कही थी।

10:28 (IST)26 Aug 2020
मेट्रो शुरू होने से पहले ही कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर रहा DMRC

डीएमआरसी के कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल के हवाले से एक बयान में कहा गया था कि सरकार का निर्देश मिलने पर डीएमआरसी परिचालन शुरू करने के लिए तैयार हो जाएगा। सामान्य दिनों में औसतन 26 लाख से अधिक लोग दिल्ली मेट्रो में यात्रा करते हैं। इस बीच डीएमआरसी कोरोना वायरस सुरक्षा मानदंडों के अनुपालन के संबंध में अपने कर्मचारियों को प्रशिक्षित कर रहा है और यात्रियों के लिए यात्रा को सुरक्षित बनाने के तरीकों पर भी जोर दे रहा है।