Unlock 4.0 Guidelines HIGHLIGHTS: केंद्र सरकार ने अनलॉक-4 की गाइडलाइंस को जारी कर दिया है। अनलॉक 4 के बाद दिल्ली मेट्रो को अभी सिर्फ सुबह 7 से 11 बजे और शाम 4 बजे से 8 बजे के बीच ही चलाया जाएगा। शुरू में सिर्फ एक ही लाइन का संचालन किया जाएगा। दिल्ली मेट्रो रेल निगम के प्रमुख मंगू सिंह ने यह जानकारी दी। मंगू सिंह ने कहा कि सभी मेट्रो स्टेशनों के चुनिंदा गेटों को ही खोला जाएगा। बाहर निकलने के लिए एक अलग गेट होगा। यात्रियों को सिर्फ स्मार्ट कार्ड से ही यात्रा करने की अनुमति होगी। इस दौरान किसी भी तरह के कैश लेनदेन पर पूरी तरह से रोक रहेगी। डीएमआरसी चीफ ने कहा कि पहले चरण में 7 सिंतबर को समयपुर बादली से हुडा सिटी सेंटर के बीच येलो लाइन का संचालन किया जाएगा। दूसरे चरण में 9 सितंबर को तीन अन्य लाइनों ब्लू लाइन, पिंक लाइन और गुड़गांव लाइन का संचालन शुरू होगा।

देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 38 लाख के करीब पहुंची, जानें लाइव अपडेट्स

इसके बाद तमिलनाडु ने 7 सितंबर से यात्री ट्रेनों के संचालन का फैसला लिया है। राज्य के मुख्यमंत्री के. पलनीस्वामी ने यह जानकारी दी। राज्य में 7 सितंबर से ही अंतर-जिला बस सेवा की भी अनुमति होगी। इस बीच दिल्ली के बाद तेलंगाना सरकार ने भी मेट्रो को फेजवार तरीके से खोलने की मंजूरी दे दी है। हैदराबाद मेट्रो रेल लिमिटेड के एमडी एनवीएस रेड्डी ने कहा कि कोचों को पूरी तरह सैनिटाइज करने के साथ इसमें कुछ परिवर्तन भी किए जाएंगे। इसके अलावा स्टेशनों और ट्रेनों में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाएगा। बता दें कि दिल्ली के साथ-साथ हैदराबाद में भी 22 मार्च से मेट्रो सेवाएं बंद कर दी गई थीं।

 

Live Blog

22:56 (IST)02 Sep 2020
जून में दी थी 60 प्रतिशत क्षमता के साथ उड़ानें परिचालित करने की अनुमति

मंत्रालय ने 26 जून के आदेश को संशोधित करते हुए 45 प्रतिशत क्षमता के स्थान पर 60 प्रतिशत क्षमता के साथ उड़ानें परिचालित करने की अनुमति दे दी। देश में 25 मई से घरेलू उड़ानें दोबारा शुरू किए जाने के बाद से वे औसतन 50 से 60 प्रतिशत क्षमता के साथ ही उड़ान भर रही हैं।

22:29 (IST)02 Sep 2020
25 मार्च से लगी है विमानन सेवाओं पर रोक

देश में 25 मार्च को लगाए गए लॉकडाउन के चलते विमानन सेवाओं पर रोक लग गयी थी। बाद में 25 मई को घरेलू उड़ानों को 33 प्रतिशत की क्षमता के साथ शुरू किया गया था। हालांकि देश में नियमित अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर अब भी पाबंदी है। मंत्रालय ने 26 जून के आदेश को संशोधित करते हुए 45 प्रतिशत क्षमता के स्थान पर 60 प्रतिशत क्षमता के साथ उड़ानें परिचालित करने की अनुमति दे दी।

21:58 (IST)02 Sep 2020
विमानन कंपनियों को 60 प्रतिशत क्षमता के साथ उड़ानें संचालित करने की अनुमति

सरकार ने भारतीय विमानन कंपनियों को अतिरिक्त ढील देते हुए कोविड-19 से पहले के स्तर की तुलना में 60 प्रतिशत क्षमता के साथ घरेलू उड़ानों को संचालित करने की बुधवार को अनुमति दे दी। इस संबंध में एक आधिकारिक आदेश जारी किया। इससे पहले नागर विमानन मंत्रालय ने 26 जून को विमानन कंपनियों को कोविड-19 से पहले की अधिकतम 45 प्रतिशत क्षमता के साथ उड़ानें संचालित करने की अनुमति दी थी।

21:22 (IST)02 Sep 2020
बैंडबाजा मालिकों, कर्मचारियों के जीवन से गायब हुआ 'संगीत', पैसे-पैसे को मोहताज हुए

शादियों से लेकर बच्चे के जन्म और कभी-कभी बजुर्गों की अंतिम यात्रा के दौरान संगीत की धुनों को बजाकर आजीविका चलाने वाले लोगों के जीवन से संगीत को कोविड-19 महामारी ने गायब कर दिया है। काम ठप होने से पैसे-पैसे को मोहताज इन लोगों की माली हालत बेहद खराब हो चुकी है। कोरोना काल में इस कारोबार को ठप हुए लगभग छह महीने हो चुके हैं। बैंड के कारोबार से जुड़े लोगों के पास कमाई का कोई जरिया नहीं है, क्योंकि शादियां अब बड़े स्तर के जश्न के स्थान पर चंद लोगों के शामिल होने तक सिमट गई है।

20:55 (IST)02 Sep 2020
12 सितंबर से आरंभ हो जाएगा मेट्रों ट्रेनों का सामान्य संचालन: पुरी

केन्द्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने बुधवार को कहा कि देशभर में सात सितंबर से चरणबद्ध तरीके से मेट्रो सेवाएं फिर शुरू हो जाएंगी। इस दौरान लोगों को कोविड-19 से बचाव के लिये दूरी बनाए रखने और मास्क पहनने जैसे नियमों का पालन करना होगा। आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री पुरी ने ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 12 सितंबर से मेट्रो का सामान्य संचालन शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि कोविड-19 निरुद्ध क्षेत्रों में स्थित मेट्रो स्टेशन बंद रहेंगे।

20:06 (IST)02 Sep 2020
इग्नू में प्रवेश के लिए आवेदन 15 सितम्बर तक

इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) में जुलाई सत्र 2020 के लिए 15 सितम्बर तक आवेदन किए जा सकते हैं जबकि जून सत्र की परीक्षाएं 17 सितम्बर से होगी। इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र जयपुर की क्षेत्रीय निदेशक डॉ. ममता भाटिया ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण महामारी के कारण विद्यार्थियों के इग्नू कार्यक्रमों में प्रवेश लेने से वंचित रह जाने के मद्देनजर जुलाई सत्र 2020 में प्रवेश लेने की अंतिम तिथि 31 अगस्त, 2020 से बढ़ाकर 15 सितम्बर, 2020 कर दी गई है।

19:39 (IST)02 Sep 2020
कोविड-19 के कारण बंगाल में 75 प्रतिशत अभ्यर्थी नहीं दे सके जेईई की परीक्षा : ममता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि मंगलवार को हुई जेईई की परीक्षा में राज्य के 75 प्रतिशत अभ्यर्थी भाग नहीं ले सके और अन्य राज्यों में भी सिर्फ आधे विद्यार्थी ही अपने केन्द्रों पर पहुंचे। मुख्यमंत्री का कहना है कि यह कोरोना वायरस संक्रमण महामारी के कारण हुआ है। बनर्जी ने कहा कि उनकी सरकार ने छात्रों के लिए सभी इंतजाम किए थे लेकिन मंगलवार को सिर्फ 1,167 बच्चों ने परीक्षा दी जबकि कुल 4,652 बच्चों को इस परीक्षा में शामिल होना था।

19:16 (IST)02 Sep 2020
सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं, तो नहीं रुकेगी मेट्रो ट्रेन

जिन स्टेशनों पर सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन नहीं होगा, उन स्टेशनों पर मेट्रो ट्रेन नहीं रुकेंगी। यह जानकारी दिल्ली मेट्रो रेल निगम के अधिकारियों की तरफ से दी गई।

18:53 (IST)02 Sep 2020
पहले चरण में शुरू होगी येलो लाइन

डीएमआरसी चीफ ने कहा कि पहले चरण में 7 सिंतबर को समयपुर बादली से हुडा सिटी सेंटर के बीच येलो लाइन का संचालन किया जाएगा। दूसरे चरण में 9 सितंबर को तीन अन्य लाइनों ब्लू लाइन, पिंक लाइन और गुड़गांव लाइन का संचालन शुरू होगा।

18:12 (IST)02 Sep 2020
लॉकडाउन का उल्लंघन, 34 के खिलाफ केस

इंदौर जिले के सांवेर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व लोकसभा सांसद प्रेमचंद बौरासी "गुड्डू" के कार्यालय के उद्घाटन समारोह में कथित तौर पर भीड़ जुटाकर रैली निकाले जाने पर पुलिस ने 34 कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लॉकडाउन का उल्लंघन किए जाने पर हुई इस कार्रवाई के बारे में अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

17:30 (IST)02 Sep 2020
उत्तराखंडः स्मार्ट सिटी वेब पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कराना होगा अनिवार्य

अन्य राज्यों से उत्तराखंड आने वाले सभी लोगों को अपनी यात्रा से पहले स्मार्ट सिटी वेब पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कराना अनिवार्य होगा । रजिस्ट्रेशन से संबंधित दस्तावेज सीमा चेक पोस्टों पर आवश्यक रूप से देखे जाएंगे ।

17:04 (IST)02 Sep 2020
जेईई मेन, नीट और एनडीए के अभ्यर्थियों के लिए 20 जोड़ी विशेष ट्रेन

इससे पहले केंद्रीय रेल मंत्री पीयूष गोयल ने ऐलान किया कि जेईई मेन, नीट और एनडीए के अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे दो से 15 सितम्बर तक बिहार में 20 जोड़ी विशेष ट्रेन चलाएगा।

16:41 (IST)02 Sep 2020
स्कूल खोलने का जोखिम नहीं ले सकतेः शिक्षा मंत्री

छत्तीसगढ़ सरकार जल्द ही केंद्र सरकार के दिशानिर्देश के अनुसार गाइडलाइन जारी करेगी। स्कूल खोलने के सवाल पर राज्य के स्कूल शिक्षा मंत्री डॉ. प्रेमसाय सिंह ने कहा कि राज्य में सरकार बच्चों की पढ़ाई को लेकर चिंतित है, लेकिन इस दशा में हम किसी भी तरह का जोखिम नहीं ले सकते।

15:36 (IST)02 Sep 2020
चंडीगढ़ में भी रेस्त्रां और बार खुलने की इजाजत

केंद्र सरकार की ओर से अनलॉक-4 लागू होने के बाद अब चंडीगढ़ प्रशासन ने रेस्त्रां और बार खुलने की इजाजत दे दी है। चंडीगढ़ हॉस्पिटैलिटी एसोसिएशन के अध्यक्ष अंकित गुप्ता ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि हम 5 महीने बाद बाद खोलने जा रहे हैं। इसके लिए अब हम कुछ कर्मचारी भी वापस ला रहे हैं।

15:04 (IST)02 Sep 2020
गोवा, कर्नाटक और तमिलनाडु में बार-रेस्त्रां खुलने की मंजूरी

अनलॉक-4 के तहत गोवा, कर्नाटक और तमिलनाडु में राज्य सरकारों ने बार और रेस्त्रा खोलने की मंजूरी दे दी है। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई, चेंगेलपेट, कांचीपुरम और तिरुवल्लर में लॉकडाउन के बाद से ही बस सेवाएं तक बंद रखी गई थीं। हालांकि, अब इन्हें खुलने की इजाजत है। इतना ही नहीं शॉपिंग मॉल्स, पूजाघर, होटलों और क्लबों को भी पूरे राज्य में खोल दिया गया है।

13:13 (IST)02 Sep 2020
दिल्लीः उपराज्यपाल अनिल बैजल ने दी मेट्रो चलाने की मंजूरी

दिल्ली में मेट्रो चलाने के लिए उपराज्यपाल अनिल बैजल ने मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की सरकार ने पिछले महीने ही मेट्रो चलाने की मांग की थी। इसके बाद अनलॉक-4 की गाइडलाइंस में केंद्र ने नियमों का पालन करते हुए राज्यों को मेट्रो चलाने की अनुमति दे दी थी। दिल्ली में भी उपराज्यपाल की मंजूरी के बाद मेट्रो का रास्ता साफ हो गया है।

12:17 (IST)02 Sep 2020
अनलॉक-4 शुरू होने के बावजूद दिल्ली में आज लगे रहेंगे कई सेवाओं पर प्रतिबंध

केंद्र सरकार ने अनलॉक-4 के तहत देशभर में लगे प्रतिबंधों में छूट दे दी है। हालांकि, दिल्ली में कोरोना संकट के बीच जारी कई गतिविधियों पर आज भी बंदी जारी रहेगी। दिल्ली सरकार ने 2 सितंबर तक इन पाबंदियों को जारी रखने का निर्णय लिया है। 1 सितंबर को हुई समीक्षा बैठक में ही केजरीवाल सरकार ने आज तक के लिए लॉकडाउन को यथास्थिति बनाए रखने का निर्णय लिया था। इस संदर्भ में डिपार्टमेंट ऑफ दिल्ली डिजास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी ने विस्तृत आदेश जारी किया है।

11:34 (IST)02 Sep 2020
हिमाचल प्रदेशः परिवहन सेवाओं पर लगे रहेंगे प्रतिबंध

हिमाचल प्रदेश में कोरोना के बढ़ते केसों के मद्देनजर लॉकडाउन में छूट मिलने की गुंजाइश काफी कम है। राज्य सरकार अभी अंतरराज्यीय परिवहन सेवा पर प्रतिबंध ही रखेगी। हालांकि, दुकानों को खोलने की अनुमति दे दी गई है। इसके अलावा रेस्त्रां और होटलों को भी कुछ नियमों के साथ खोल दिया गया।

10:27 (IST)02 Sep 2020
राज्य अपने हिसाब से भी बना सकते हैं मेट्रो ऑपरेट करने के नियम

केंद्र सरकार आज मेट्रो चलाने के नियमों का ऐलान कर सकती है। हालांकि, इसमें राज्यों को पूरी छूट दी जाएगी। वे ही फैसला करेंगे कि किन स्टेशनों पर मेट्रो रोकी जाए और कहां नहीं। इसके अलावा राज्य सरकारें वायरस की स्थिति को देखने के बाद मेट्रो सेवाओं में बदलाव के निर्देश या सेवा बंद करने के निर्देश भी दे सकती है।

09:52 (IST)02 Sep 2020
24 घंटे में भारत में कोरोना के 78 हजार केस, 1045 मौतें

भारत में कोरोनावायरस से संक्रमण के केस लगातार बढ़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 78 हजार 357 नए मामले दर्ज हुए हैं। इसी के साथ भारत में अब कोरोना संक्रमितों की संख्या 37 लाख 69 हजार के पार हो गई है। इतना ही नहीं देश में पिछले एक दिन में 1045 लोगों की जान भी गई है और अब कुल मौतों का आंकड़ा 66 हजार 333 पर पहुंच गया है। परेशान करने वाली बात यह है कि देश में एक्टिव केसों की संख्या भी 8 लाख से ज्यादा है। हालांकि, ठीक होकर अस्पताल लौटने वाले मरीज भी 29 लाख से ज्यादा हो गए हैं।

09:05 (IST)02 Sep 2020
उत्तराखंडः पर्यटकों के आने की संख्या पर प्रतिबंध खत्म

उत्तराखंड सरकार ने दूसरे राज्यों से आने वाले लोगों की संख्या पर लगी सीमा को हटा दिया है। अनलॉक-4 के तहत उत्तराखंड में अब पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इसी के तहत सरकार अब पहले प्रतिदिन दो हजार लोगों के आने की सीमा को खत्म कर रही है। साथ ही ई-परमिट की व्यवस्था भी बंद कर दी जाएगी। बताया गया है कि राज्य को पर्यटन के बांद होने की वजह से खासा नुकसान हुआ है।

08:34 (IST)02 Sep 2020
यूपीः अब सिर्फ रविवार को होगा टोटल लॉकडाउन

उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली BJP सरकार ने साप्ताहिक बंदी को खत्म करने का फैसला लिया है। सूबे में अब केवल रविवार को टोटल लॉकडाउन होगा। मंगलवार को सीएम योगी आदित्यनाथ ने निर्देश दिया कि मार्केट्स सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक खुलें। शनिवार को भी दुकानें खुलेंगी। नई गाइडलाइंस के अंतर्गत शनिवार रात 12 बजे से रविवार रात 12 बजे तक पूरी तरह से लॉकडाउन रहेगा। यह जानकारी अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी की ओर से दी गई है।

08:04 (IST)02 Sep 2020
ट्रेनों की मांग और संक्रमण के हालात देखते हुए शुरू की जाएंगी ट्रेनें

देश में अभी करीब 230 एक्सप्रेस ट्रेनें संचालित हो रही हैं। जिनमें 30 राजधानी एक्सप्रेस ट्रेनें भी शामिल हैं। रेलवे ने इससे पहले भी कहा था कि चरणबद्ध तरीके से मांग और कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए ट्रेनों को चलाने का फैसला किया जाएगा।। बता दें कि देश में कोरोना वायरस संक्रमण के 69,921 नए मामले सामने आए हैं जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 36,91,166 हो गई। वहीं अब तक स्वस्थ हुए मरीजों की संख्या मंगलवार को 28,39,882 हो गई। स्वास्थ्य मंत्रालय ने इसकी जानकारी दी।

07:32 (IST)02 Sep 2020
JEE-NEET उम्मीदवारों के लिए पश्चिमी रेलवे चलाएगी स्पेशल ट्रेनें

JEE & NEET के उम्मीदवारों की सुविधा के लिए पश्चिम रेलवे (WR) मुंबई में 1 से 6 सितंबर तक 46 अतिरिक्त विशेष उपनगरीय सेवाएं चलाएगा। यह जानकारी मंगलवार को पश्चिम रेलवे के पीआरओ की ओर से दी गई। इसी बीच, अनलॉक 4.0 में भारतीय रेलवे जल्द ही करीब 100 और यात्री ट्रेनें चलाने पर विचार कर रहा है। इन ट्रेनों में अंतरराज्यीय और एक राज्य से दूसरे राज्य जाने वाली ट्रेनें भी होंगी। सूत्रों के अनुसार, रेलवे ने यह प्रस्ताव अभी केन्द्रीय गृह मंत्रालय के पास मंजूरी के लिए भेजा हुआ है। जैसे ही वहां से मंजूरी मिलती है वैसे ही रेलवे द्वारा इसका ऐलान कर दिया जाएगा। ये सभी ट्रेनें ‘विशेष ट्रेनें’ कहलाएंगी। 

06:11 (IST)02 Sep 2020
योगी ने कोविड-19 की जांच क्षमता बढ़ाकर डेढ़ लाख जांच प्रतिदिन करने के निर्देश दिए

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य में कोविड-19 परीक्षण क्षमता को शीघ्र बढ़ाकर डेढ़ लाख टेस्ट प्रतिदिन किए जाने के निर्देश दिए हैं। योगी ने कहा कि जब तक कोविड-19 की कोई कारगर दवा अथवा वैक्सीन विकसित नहीं हो जाती, है तब तक अधिक से अधिक टेंिस्टग ही इसके खिलाफ सबसे बड़ा हथियार है। इसलिए टेस्टिंग कार्य में वृद्धि के प्रयास लगातार जारी रखे जाएं।

05:43 (IST)02 Sep 2020
गर्भवती महिलाएं, 65 वर्ष से अधिक और 10 से कम आयु के लोग घर पर ही रहें: महाराष्ट्र सरकार

महाराष्ट्र सरकार ने सोमवार को कोविड-19 की वजह से राज्य में लागू सामान्य लॉकडाउन 30 सितंबर तक बढ़ा दिया। उसने पहले से लागू कई प्रतिबंधों में ढील देते हुए 65 वर्ष से अधिक और 10 वर्ष से कम आयु वाले लोगों को घर पर रहने और सिर्फ स्वास्थ्य या अन्य अत्यावश्यक उद्देश्यों से ही बाहर निकलने का निर्देश दिया।

04:59 (IST)02 Sep 2020
उत्तराखंड सरकार ने केंद्र के ‘अनलॉक 4’ के दिशानिर्देशों को लागू किया

उत्तराखंड सरकार ने केंद्र द्वारा जारी ‘अनलॉक 4’ के दिशानिर्देशों को मंगलवार को लागू करते हुए कुछ प्रतिबंधों के साथ निषिद्ध क्षेत्र के बाहर सभी गतिविधियों को अनुमति दे दी ।

03:48 (IST)02 Sep 2020
बिहार में आईआईटी-जेईई की परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न, छात्र-अभिभावक व्यवस्थाओं से संतुष्ट दिखे

बिहार में कोविड-19 महामारी के मद्देनजर विशेष सावधानी और सामाजिक दूरी के उपायों के बीच इंजीनियरिंग कॉलेजों में प्रवेश के लिए संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मंगलवार को सफलतापूर्वक संपन्न हो गयी। सरकार द्वारा राज्य भर के विभिन्न केंद्रों पर सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए जारी दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा आयोजित की गई।

02:53 (IST)02 Sep 2020
मेट्रो चलाने के लिए एसओपी को अंतिम रूप देने पर प्रबंध निदेशकों के साथ हुई बैठक

केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों का मंत्रालय के सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा ने एसओपी को अंतिम रूप देने के लिए मंगलवार को सभी मेट्रो रेल निगमों के प्रबंध निदेशकों के साथ बैठक की। मेट्रो ट्रेनों का परिचालन क्रमिक तरीके से किया जाएगा।

01:43 (IST)02 Sep 2020
दिल्ली हाईकोर्ट में अदालती कक्ष में सुनवाई नहीं करने की मांग

दिल्ली उच्च न्यायालय में पांच महीने बाद मंगलवार को अदालत कक्षों में सुनवाई होने पर वकीलों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। कई वकीलों ने अदालत से अपील की है कि उनके मामलों पर सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये की जाए। कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिये दिल्ली उच्च न्यायालय में 24 मार्च से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये मामलों की सुनवाई चल रही है। इस बीच, मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश डी एन पटेल तथा न्यायमूर्ति प्रतीक जालान और न्यायमूर्ति विपिन सांघी तथा न्यायमूर्ति रजनीश भटनागर की दो खंड पीठों और न्यायमूर्ति जयंत नाथ, न्यायमूर्ति वीके राव, न्यायमूर्ति योगेश खन्ना की तीन एकल पीठों ने अदालत कक्ष में मामलों की सुनवाई की।

00:27 (IST)02 Sep 2020
24 घंटे के भीतर कोरोना से 536 लोगों की मौत

महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश में कोविड-19 के सबसे ज्यादा मामले आ रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इसी अवधि में संक्रमणमुक्त हो चुके कुल लोगों में से लगभग 60 फीसदी इन्हीं राज्यों से हैं। इन राज्यों में 24 घंटे के भीतर 536 लोगों की मौत हुई जो देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वालों की कुल संख्या का 65 फीसदी से अधिक है।

22:42 (IST)01 Sep 2020
बंगाल में कोविड-19 से ठीक होने वालों की दर 83.04 प्रतिशत हुई

पश्चिम बंगाल में मंगलवार को एक ही दिन में सर्वाधिक 3,346 मरीजों के संक्रमणमुक्त होने के साथ ही कोविड-19 से ठीक होने वाले मरीजों की दर सुधरकर 83.04 प्रतिशत हो गई है। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी दी। विभाग के मुताबिक, सोमवार को ठीक होने वालों की दर 82.49 प्रतिशत के करीब थी। प्रदेश में मंगलवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 2,943 नए मामले सामने आने के साथ ही कोविड-19 के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 1,65,721 हो गई। विभाग के मुताबिक, इसी अवधि में 55 और लोगों की मौत के साथ ही मरने वालों की कुल संख्या बढ़कर 3,283 हो गई।

22:11 (IST)01 Sep 2020
एक सप्ताह के पृथकवास के बाद पहली बार केकेआर के खिलाड़ी एक-दूसरे से मिले

कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के खिलाड़ियों और सहयोगी सदस्यों ने यहां एक सप्ताह तक कमरों मे पृथकवास में रहने के बाद सोमवार की शाम को होटल में एक-दूसरे से मुलाकात की। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीए) की इस फ्रेंचाइजी की आधिकारीक वेबसाइट पर पोस्ट वीडियो में बायें हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव ने कहा, ‘‘ आज हम सब यहां पहली बार एक दूसरे से मिले। पुराने समय की तरह सबसे मिलना शानदार रहा। हम नेट्स पर जब एक दूसरे से मिलते हैं तो सिर्फ क्रिकेट के बारे में बहुत बातें करते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ लेकिन हम जब इस तरह से मिलते हैं तो हमारा ध्यान खेल से थोड़ा हट जाता है।’’ दिनेश कार्तिक की कप्तानी वाली इस टीम ने शुक्रवार को शेख जायेद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में अभ्यास शुरू किया था।

22:10 (IST)01 Sep 2020
बिहार में 4 सितंबर से 15 सितंबर के बीच चलेंगी कौन-कौन सी ट्रेनें?

20:24 (IST)01 Sep 2020
तमिलनाडु में 5928 नए मामले, 96 और लोगों ने दम तोड़ा

तमिलनाडु में मंगलवार को 5,928 और लोगों में कोरोना वायरस का संक्रमण पाया गया, जिसके बाद राज्य में कोविड-19 महामारी के कुल मामले 4,33,969 लाख के पार पहुंच गए। वहीं, 96 और संक्रमितों की मौत के बाद मृतकों का आंकड़ा 7,418 हो गया है। स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन में बताया गया है कि राज्य में संक्रमण का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या 52,379 है जबकि 6,031 रोगियों को अस्पताल से छुट्टी देने के बाद संक्रमण को मात देने वाले लोगों की संख्या 3,74,172 हो गई है। चेन्नई में 1084 मामले आए हैं। शहर में कुल मामले 1,36,697 हैं और 2,770 लोगों की मौत हुई है। राज्य में पिछले 24 घंटों में कुल 96 मरीजों की मौत हो गई जिनमें से 92 मरीज अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे जबकि चार मरीजों को कोई अन्य बीमारी नहीं थी।

20:09 (IST)01 Sep 2020
Unlock 4 के बीच बप्पा को यूं किया विदा
19:55 (IST)01 Sep 2020
दिल्ली में लगभग दो महीने में कोविड-19 के एक दिन में सर्वाधिक मामले सामने आए

राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को कोविड-19 के 2,312 नए मामले सामने आए जो लगभग दो महीने में एक दिन में सामने आए सर्वाधिक मामले हैं। दिल्ली स्वास्थ्य विभाग के बुलेटिन के अनुसार, पिछले 24 घंटे में सामने आए नए 2,312 मामलों के साथ ही राष्ट्रीय राजधानी में महामारी के अब तक सामने आए मामलों की संख्या 1.77 लाख से अधिक हो गई है। इसने कहा कि पिछले 24 घंटे में 18 और लोगों की मौत हो गई जिससे महामारी से जान गंवाने वालों की संख्या 4,462 हो गई है। शहर में आज उपचाराधीन मामलों की संख्या बढ़कर 15,879 हो गई, जबकि कल यह संख्या 14,626 थी।

18:52 (IST)01 Sep 2020
दिल्ली उच्च न्यायालय में पांच महीने बाद अदालत कक्षों में सुनवाई, वकीलों की मिली-जुली प्रतिक्रिया

दिल्ली उच्च न्यायालय में पांच महीने बाद मंगलवार को अदालत कक्षों में सुनवाई होने पर वकीलों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। कई वकीलों ने अदालत से अपील की है कि उनके मामलों पर सुनवाई वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये की जाए। कोविड-19 महामारी की रोकथाम के लिये दिल्ली उच्च न्यायालय में 24 मार्च से वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिये मामलों की सुनवाई चल रही है। इस बीच, मंगलवार को मुख्य न्यायाधीश डी एन पटेल तथा न्यायमूर्ति प्रतीक जालान और न्यायमूर्ति विपिन सांघी तथा न्यायमूर्ति रजनीश भटनागर की दो खंड पीठों और न्यायमूर्ति जयंत नाथ, न्यायमूर्ति वीके राव, न्यायमूर्ति योगेश खन्ना की तीन एकल पीठों ने अदालत कक्ष में मामलों की सुनवाई की।

18:33 (IST)01 Sep 2020
दिल्ली: ओला और उबर कैब चालकों की हड़ताल का कोई विशेष प्रभाव नहीं पड़ा

ओला और उबर कैब चालकों द्वारा मंगलवार को बुलाई गई हड़ताल का कोई बड़ा प्रभाव नहीं पड़ा क्योंकि यात्रियों ने कहा कि उन्हें कैब बुक करने में किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा। कैब सुविधा मुहैया कराने वाली दोनों कंपनियों से जुड़े चालकों के एक वर्ग ने भाड़े में वृद्धि और कर्ज की किस्त भुगतान पर लगाई गई रोक को बढ़ाए जाने के मुद्दे पर हड़ताल का आह्वान किया था। दिल्ली के सर्वोदय चालक संघ के अध्यक्ष कमलजीत सिंह गिल ने कहा कि लगभग 250 चालक अपनी मांग को लेकर मंडी हाउस पर एकत्र हुए लेकिन पुलिस ने उन्हें तितर बितर कर दिया। इस बीच यात्रियों ने कहा कि उन्हें कैब बुक करने में किसी समस्या का सामना नहीं करना पड़ा, हालांकि गिल ने दावा किया कि हड़ताल से शहर के कई हिस्सों में कैब की उपलब्धता प्रभावित हुई।

17:41 (IST)01 Sep 2020
24 घंटे में कोविड-19 के 56 फीसद नये मामले महाराष्टू, आंध्रप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उप्र से

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को बताया कि देश में पिछले 24 घंटे में सामने आये कोविड-19 के नये मामलों में आधे से ज्यादा केवल पांच राज्यों -महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु और उत्तर प्रदेश से हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक इसी अवधि में संक्रमणमुक्त हो चुके कुल लोगों में से लगभग 60 फीसदी इन्हीं राज्यों से हैं। इन राज्यों में 24 घंटे के भीतर 536 लोगों की मौत हुई जो देश में कोरोना वायरस संक्रमण के कारण मरने वालों की कुल संख्या का 65 फीसदी से अधिक है।