केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को कोरोना वायरस महामारी की पुष्टि हुई है। उन्होंने बुधवार शाम ट्वीट कर इसकी जानकारी दी। केंद्रीय कपड़ा मंत्री ने कहा कि यह घोषणा करते समय शब्दों की खोज करना मेरे लिए दुर्लभ है इसलिए यहां मुझे इसे सरल रखना है। उन्होंने कहा, ‘मुझे कोविड-19 की पुष्टि हुई है। संपर्क में आए लोगों से हाथ जोड़कर गुजारिश करुंगी कि वो जल्द से अपना टेस्ट करवाएंगे।’
भाजपा नेत्री ईरानी सक्रिय रूप से बिहार और उप चुनाव वाले गुजरात में प्रचार करती नजर आती रही हैं। 24 अक्टूबर को उन्होंने गुजरात के वडोदरा और 26 अक्टूबर को बिहार के बिक्रम में रैली को संबोधित किया था। उन्होंने बोधगया में भी एक चुनावी रैली को संबोधित किया था।
चुनावी राज्य बिहार में चुनाव प्रचार के बीच भाजपा के कई नेता कोरोना पॉजिटिव हो चुके हैं। ईरानी से पहले बिहार के डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन और प्रताप रूडी को भी संक्रमण हो चुका है।
Bihar Election 2020 Voting Live Updates
इसके अलावा केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार में भी कई नेता को कोविड-19 हो चुका है। हाल में गृहमंत्री अमित शाह को कोरोना की पुष्टि हुई। अभी केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले को भी संक्रमण हुआ है। मोदी सरकार में रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी की कोरोना से मौत हो गई थी। देश के पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी का भी कोरोना की चपेट में आने के बाद निधन हो गया।
उल्लेखनीय है कि बिहार में विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान खत्म हो चुका है। मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने बताया कि पहले चरण की 71 सीटों पर शाम पांच बजे तक 52.24 फीसदी मतदान हुआ। उन्होंने बताया कि साल 2015 में इस समय तक पहले चरण में 54.94 फीसदी लोगों ने मतदान किया था। लोकसभा चुनाव में ये 53.54 फीसदी रहा। उन्होंने बताया कि तीन विधानसभा क्षेत्रों में दोपहर तीन बजे तक मतदान हुआ। पांच विधानसभा क्षेत्रों में शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। बाकी सभी क्षेत्रों में मतदान शाम 6 बजे तक हुआ।