महात्मा गांधी के हत्यारे नाथूराम गोडसे पर भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर की टिप्पणी पर नाराजगी जताने पर टीवी चैनल आजतक की एंकर चित्रा त्रिपाठी सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर हैं। भोपाल से भाजपा सांसद प्रज्ञा ठाकुर ने बुधवार (27 नवंबर, 2019) को लोकसभा में नाथूराम गोडसे को देशभक्त बताया था। दरअसल लोकसभा में एसपीजी संसोधन बिल पर डीएमके सांसद ए राजा बोल रहे थे। इस दौरान उन्होने गोडसे का जिक्र किया, इसपर भाजपा सांसद भड़क गईं और उन्होंने कहा, ‘आप एक देशभक्त का उदाहरण नहीं दे सकते।’
प्रज्ञा ठाकुर की इस टिप्पणी पर चित्रा त्रिपाठी ने नाराजगी भरा ट्वीट करते हुए कहा, ‘प्रज्ञा ठाकुर की सोच इस देश के लिए खतरनाक है। नाथूराम गोडसे जो गांधी जी का हत्यारा है, उसे बताया देशभक्त बताया है। सदन के अंदर ऐसा घिनौना बयान। शर्मनाक ऐसे लोगों को तुरंत बाहर करना चाहिए। भाजपा में कैसे-कैसे नेता हैं। टीवी एंकर के इस ट्वीट पर के बाद सोशल मीडिया यूजर्स का एक धड़ा खासा भड़क गया और उनपर खूब तंज कसें।
चित्रा त्रिपाठी के ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर आदित्य शुक्ला ने नाराजगी जताते हुए कहा, ‘चित्रा जी, आप साध्वी को मत बताइए कि कौन कैसा था। ज्ञान और देशभक्ति में वो आपसे बहुत ऊपर हैं।’ रीना बनारसी लिखती हैं, ‘अरे बहन आप तो बहुत बड़ी वाली चाटुकार निकल गईं। कुछ भी मत बोलिए।’ पंडित व्लादिमीर पुतिन ने ट्वीट कहा, ‘और तुम लोग रात के दो बजे आंतकवादी के लिए सुप्रीम कोर्ट खुलवाते हो, वो विचार सही है क्या? नाथूराम गोडसे जी कम से कम आंतकवादी तो नहीं थे। पत्रकारिता के आड़ में तुम जैसे लोग वैचारिक आंतकवाद को बढ़ावा देने में लगे हो।’
इसी तरह प्रभात मिश्रा लिखते हैं, ‘जब सरदार पटेल जी नेता चुने गए थे। फिर भी नेहरू को प्रधानमंत्री क्यो बनाया?’ वहीं एक यूजर ने चित्रा त्रिपाठी के ट्वीट का समर्थन करते हुए लिखा, ‘दीदी एकदम खरी बात बोली आपने… राष्ट्रपिता के हत्यारे को देशभक्त बोलना बहुत शर्म की बात है।’
मनीराम विश्वकर्मा ट्वीट कर लिखते हैं, ‘मैं बोल रहा हूं मेरे घर में से नाथूराम गोडसे देशभक्त था देश का नंबर वन देश भक्त नाथूराम गोडसे और तू क्या प्रज्ञा ठाकुर को देशद्रोही बोलेगा अपने गिरेबान में झांक के देखो देशभक्तों के ऊपर उंगली उठाने का प्रयास ना करो धिक्कार है तुम्हारे जैसी हिंदुस्तान में रहने वाले लोगों को।’
उल्लेखनीय है कि अपने सांसद की विवादित टिप्पणी के बाद चौतरफा घिरी भाजपा ने मामले में सफाई दी है। रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने प्रज्ञा ठाकुर के बयान पर नाराजगी जताते हुए कहा, ‘नाथूराम गोडसे को देशभक्त कहे जाने की बात तो दूर, देशभक्त मानने की सोच की भी हमारी पार्टी निंदा करती है। महात्मा गांधी हमारे लिए आदर्श हैं, वो पहले भी हमारे मार्गदर्शक थे और भविष्य में भी रहेंगे। उनकी विचारधारा उस समय भी प्रासंगिक थी और आज भी प्रासंगिक है।’