त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब को बीजेपी ने राज्यसभा के होने वाले उपचुनाव के लिए उम्मीदवार बनाया है। बिप्लब ने इस साल मई में त्रिपुरा के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। बिप्लब कुमार देब के अचानक इस्तीफे की खबर ने राष्ट्रीय राजनीति में हलचल पैदा कर दी थी। इसके बाद बीजेपी ने माणिक साहा को राज्य का मुख्यमंत्री नियुक्त किया।
त्रिपुरा की एकमात्र राज्यसभा सीट के लिए उपचुनाव 22 सितंबर को होना है। इस सीट से अप्रैल 2022 में माणिक साहा सदस्य चुने गए थे। उनका कार्यकाल अप्रैल 2028 में पूरा होना था। लेकिन 15 मई को माणिक साहा के सीएम बनने के बाद सीट खाली हो गई। साहा साल 2016 में कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में शामिल हुए थे। 2020 में बीजेपी ने उन्हें पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष भी बनाया था।
बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की ओर से जारी सूची में कहा गया है कि पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति ने त्रिपुरा में आगामी होने वाले राज्यसभा उपचुनाव के लिए बिप्लब देब के नाम पर अपनी स्वकृति दी है। बिप्लब कुमार देब की छवि त्रिपुरा में बड़े बीजेपी नेता के तौर पर रही है। इस्तीफा देने से पहले बिप्लब कुमार देव ने दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। माना गया था कि पार्टी नेतृत्व के इशारे पर ही बिप्लब कुमार देव ने अपने पद से इस्तीफा दिया है।
बीजेपी आलाकमान ने शुक्रवार को ही बिप्लब कुमार देब को हरियाणा का प्रभारी बनाने का ऐलान भी किया था। उनके साथ कई और नेताओं को भी जिम्मा दिया गया। बीजेपी में हुए इस बड़े और अहम बदलावों को इन राज्यों में होने वाले आगामी विधान सभा चुनावों के साथ-साथ 2024 में होने वाले लोक सभा चुनाव के मद्देनजर काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
कभी थे सतना के सांसद के निजी सचिव
बिप्लव देब 16 साल तक राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ के कार्यकर्ता रह चुके हैं। वो मप्र के सतना से भाजपा के सांसद गणेश सिंह के निजी सचिव भी रहे। 2014 में बनारस में लोकसभा चुनाव की पीएम मोदी की कैंपेनिंग को मैनेज करने का काम भी बिप्लब देब ने किया। मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद बिप्लब देब को दिल्ली से त्रिपुरा भेजा।
त्रिपुरा की कमान मिलते ही दो साल के भीतर बिप्लब देव ने बीजेपी के लिए राज्य में कायापलट कर दिया और पिछले 25 साल से चला आ रहा लेफ्ट का साम्राज्य खत्म कर दिया। पार्टी ने इस शानदार प्रदर्शन का इनाम बिप्लब देब को दिया और उन्हें 2018 में प्रदेश का सीएम बनाया गया।