त्रिपुरा में भाजपा फिर से सरकार बनाने जा रही है। भाजपा ने राज्य में बहुमत हासिल कर लिया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के तौर पर डॉ. माणिक साहा को फिर से कुर्सी मिलने की संभावना है। डॉ. माणिक साहा ने पुराने कांग्रेसी नेता आशीष कुमार साहा को राज्य की राजधानी अगरतला के बाहर स्थित टाउन बोरदोवाली से 1257 वोटों से पराजित कर जीत हासिल की है। 2022 में हुए उपचुनाव में भी साहा ने टाउन बारडोवाली सीट जीती थी। अपनी जीत के बाद मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा की जीत की उम्मीद थी…हम इसका बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।”
साहा बोले- मैं हमेशा सीधे बल्ले पर खेलना पसंद करता हूं
जब उनसे पूछा गया कि क्या वह चुनाव के बाद मुख्यमंत्री के रूप में बने रहेंगे, साहा ने साफ किया, “यह पार्टी और मोदीजी हैं जो तय करेंगे। अगर वे सोचते हैं कि मैं काम करने वाला व्यक्ति हूं, तो मुझे चुना जाएगा… मैं हमेशा सीधे बल्ले पर खेलना पसंद करता हूं।” इससे पहले डॉ. माणिक साहा ने 15 मई 2022 को त्रिपुरा के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। मुख्यमंत्री के रूप में वे सिर्फ दस महीने सत्ता में रहे। उनको बिप्लब देब की जगह सीएम बनाया गया था। अपने दस महीने के कार्यकाल में ही उन्होंने राज्य सरकार की छवि को बेहतर बनाने में कामयाब रहे।
2016 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में हुए थे शामिल
69 वर्षीय डॉ. माणिक साहा 2016 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गये थे। 2020 में उन्हें भाजपा का त्रिपुरा प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया था। तीन अप्रैल को 2022 को वे राज्य सभा के लिए चुने गये, लेकिन सवा तीन महीने बाद ही 4 जुलाई को उन्होंने इस्तीफा दे दिया।
शाहा दंत चिकित्सक तथा मुख और मैक्सिलोफेशियल सर्जरी विशेषज्ञ (oral and maxillofacial surgery specialist) हैं। राजनीति में आने से पहले साहा हापनिया स्थित त्रिपुरा मेडिकल कॉलेज में पढ़ाते थे। उन्होंने 1970 के दशक की शुरुआत में अपनी स्कूली शिक्षा त्रिपुरा में पूरी की। इसके बाद अपनी उच्च शिक्षा के लिए वे बिहार और उत्तर प्रदेश चले गये। उन्होंने किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी लखनऊ और पटना डेंटल कॉलेज एंड हॉस्पिटल पटना से अपना मेडिकल कोर्स पूरा किया था।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत पर बृहस्पतिवार को पूर्वोत्तर के इस राज्य की जनता के प्रति आभार जताया और कहा कि उनका वोट विकास और स्थिरता के लिए है। कहा कि ‘‘डबल इंजन’’ की सरकार राज्य की प्रगति के लिए काम करती रहेगी।