त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में भाजपा के द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में सीएम विपल्ब देब ने कहा कि पार्टी ना सिर्फ अपने देश में अपना विस्तार करेगी बल्कि पड़ोसी देशों में भी अपना फैलाव करेगी। विपल्ब देब ने कहा कि अमित शाह ने नेपाल और श्रीलंका में भी भाजपा सरकार बनाने की योजना बनाई है। 

विपल्ब देब ने सभा में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 2018 में त्रिपुरा विधानसभा चुनाव की तैयारियों के दौरान वे अमित शाह से राज्य अतिथि गृह में मिले थे। विपल्व ने आगे बताते हुए कहा कि जब बैठक में मौजूद अजय जामवाल ने कहा कि पार्टी ने कई राज्यों में अपनी सरकार बना ली है तब अमित शाह ने कहा कि अभी श्रीलंका और नेपाल बचे हुए हैं। हम अपनी पार्टी का विस्तार अपने पड़ोसी देशों में करेंगे और वहां भी अपनी सरकार बनाएंगे।

इसके अलावा विपल्ब देब ने कहा कि पश्चिम बंगाल में होने वाले चुनाव में ममता बनर्जी को करारी हार मिलेगी और जल्दी ही भाजपा केरल में भी अपनी सरकार बनाएगी।आपको बता दूँ कि विपल्ब देब पहले भी इस तरह के अजीबोगरीब बयान दे चुके हैं। एक बार उन्होंने कहा था कि महाभारत युग में भी इंटरनेट और सैटेलाइट जैसी तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध थीं।

विपल्ब देब ने कहा था कि यह सब देश में पहली बार नहीं हो रहा है। इस देश में पहले भी महाभारत के दौरान संजय ने हस्तिनापुर में बैठकर धृतराष्ट्र को बताया था कि कुरुक्षेत्र के मैदान में क्या हो रहा है। संजय इतनी दूर बैठकर कैसे इन चीजों को देख रहे थे। इसका मतलब है कि उस समय भी तकनीक, इंटरनेट और सैटेलाइट जैसी सुविधाएँ मौजूद थीं। 

इसके अलावा उन्होंने एक बार युवाओं को पान बेचने और गाय पलने की सलाह भी दी थी। विपल्ब देब ने कहा था कि देश के युवा कई सालों तक सरकारी नौकरी के लिए राजनीतिक दलों के पीछे भागते हैं। युवा अपने जीवन का महत्वपूर्ण समय इधर उधर भाग कर सरकारी नौकरी की तलाश में बर्बाद करते हैं। अगर वही युवा सरकारी नौकरी की बजे पान की दुकान लगा ले तो उसके बैंक खाते में 5 लाख रूपये जल्दी ही जमा हो जायेंगे।